समाचार 01 फ़ोटो 01

अवैध रेत उत्तखनन के समय खनिज विभाग ने मारा छापा, ट्रैक्टर पलटा, 8 मजदूर घायल, अस्पताल में भर्ती

*3 की हालत गंभीर*

शहडोल

संभागीय मुख्यालय से लगे सोहागपुर थाना क्षेत्र के बिजौरी का है, जहां अवैध रेत उत्खनन के दौरान माइनिंग टीम के आने की सूचना मिलते ही भगदड़ मच गई और रेत से भरा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर में सवार करीब 8 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से 3 की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों का इलाज जिले के एक निजी अस्पताल में चल रहा। 

घायलों में अमन बैगा पिता जग्गू बैगा, दैय्या पिता बिसाहू (50 वर्ष), रनिया पति गुड्डू, बुदनी पति लल्लू, शनि पिता रामचंद्र (17 वर्ष), संतु पिता डेलू (16 वर्ष), गणेश पिता दीनदयाल और सूरज पिता बबलू (24 वर्ष) शामिल हैं। हादसे के बाद रेत माफिया और सहयोगियों ने पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए घायलों को जिला अस्पताल न ले जाकर सीधे संभाग के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सभी का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार गणेश समेत तीन मजदूरों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिजौरी स्थित नदी से लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का खेल जारी है। घटना के समय भी मजदूर ट्रैक्टर में रेत लोड कर रहे थे। तभी माइनिंग टीम की कार्रवाई की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान मजदूरों से भरा ट्रैक्टर तेजी से भागने लगा, लेकिन चालक संतुलन खो बैठा और ट्रैक्टर पलट गया, जिससे मजदूर उसकी चपेट में आ गए।  

गौरतलब है कि शहडोल जिले के लगभग सभी नदी-नालों से रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन बेखौफ जारी है। सबसे बड़ी बात यह है कि संभागीय मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यालय और निवास होने के बावजूद यह काला कारोबार खुलेआम चल रहा है। पहले भी रेत माफिया के कारण कई गंभीर घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें एक पटवारी और एक पुलिस एएसआई की कुचलकर मौत तक हो चुकी है, जबकि कई बार तहसीलदार, फॉरेस्ट और माइनिंग टीम पर हमले भी हो चुके हैं। इसके बावजूद पुलिस और संबंधित विभाग प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम नजर आ रहे हैं। नतीजा यह है कि अवैध रेत खनन का यह कारोबार अब सीधे तौर पर लोगों की जान पर भारी पड़ रहा है और प्रशासन किसी बड़ी घटना का इंतजार करता दिख रहा है।

समाचार 02 फ़ोटो 02

जिले में ईद की नमाज के बाद गले मिलकर झलका भाईचारा, मोहब्बत और अमन का संदेश

*मस्जिद परिसर में सुबह से ही नमाजियों की उमड़ी भीड़*

अनूपपुर

जिले के कोतमा, अनूपपुर, बिजुरी, राजनगर, भालूमाड़ा, जैतहरी, चचाई, राजेन्द्रग्राम ईद की नमाज अदा की गई। मस्जिद परिसर में ईद उल फित्र की नमाज पूरे अकीदत और धार्मिक उत्साह के साथ अदा की गई। पवित्र रमजान माह में एक महीने तक रोज़ा, इबादत, तरावीह और नेकियों में बिताए गए दिनों के बाद जैसे ही ईद की सुबह हुई, पूरे क्षेत्र में खुशी और रौनक का माहौल छा गया। मस्जिद परिसर में सुबह से ही नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी और लोगों ने एक साथ नमाज अदा कर अल्लाह से अमन, खुशहाली और बरकत की दुआ मांगी।

नमाज के बाद का नजारा भाईचारे और अपनत्व से भरा नजर आया, जब लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। हर वर्ग के लोगों ने आपसी भेदभाव भुलाकर प्रेम, एकता और इंसानियत का संदेश दिया। इस दौरान देश में शांति, तरक्की और सौहार्द बना रहे, इसके लिए भी दुआएं की गईं। बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला, जो नए कपड़ों में ईद की खुशियां मनाते नजर आए, वहीं बुजुर्गों ने अपने आशीर्वाद और अनुभवों से माहौल को और भी खास बना दिया।

ईद के इस मौके पर मस्जिद के हाफिज और मोअजिन को फूलों की माला पहनाकर उनका सम्मान किया गया और सभी ने उन्हें मुबारकबाद दी। इससे पूरा वातावरण और भी भावुक और खुशनुमा हो गया तथा लोगों ने अपने धर्मगुरुओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया। लोगों ने सादगी और आपसी सौहार्द के साथ इसे मनाते हुए समाज में एकता और भाईचारे का संदेश दिया। मस्जिद के बाहर भी देर तक लोगों का जमावड़ा लगा रहा, जहां मुबारकबाद देने का सिलसिला जारी रहा।

*अनूपपुर में दिखा एकता व भाईचारे का संदेश*

ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर अनूपपुर जिले में उल्लास और भाईचारे का अनोखा दृश्य देखने को मिला। सुबह ईदगाह एवं मस्जिदों में मुस्लिम समाज के लोगों ने नमाज अदा की, जिसके बाद सभी ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।

इस अवसर पर विभिन्न जाति एवं धर्मों के लोग भी शामिल हुए और एक-दूसरे को शुभकामनाएं देकर आपसी सौहार्द की मिसाल पेश की। पूरे जिले में “हिंदू-मुस्लिम एकता” की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दी।सभी धर्मों का सम्मान करें, मिल-जुलकर रहें और समाज में प्रेम व शांति बनाए रखें। नमाज के बाद लोगों ने गले मिलकर एक-दूसरे को बधाई दी। व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच नमाज और पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

समाचार 03 फ़ोटो 03

ईदगाह में मोहब्बत और भाईचारे का खूबसूरत नज़ारा, अदा की ईद की नमाज़, अमन-खुशहाली की मांगी दुआ

उमरिया

जिला मुख्यालय स्थित ईदगाह में शनिवार सुबह करीब 9:40 बजे ईदुल-फितर की नमाज़ अकीदत और खुशनुमा माहौल में अदा की गई। इस मौके पर मुख्यालय सहित आसपास के दर्जनों गांवों से बड़ी संख्या में मुस्लिम भाई नमाज़ में शरीक हुए। नमाज़ जामा मस्जिद के इमाम मौलाना साकिर अली हलीमी साहब की इमामत में अदा हुई, जहां उन्होंने मुल्क में अमन, शांति और तरक्की के लिए खास दुआ की।नमाज़ के बाद ईदगाह में मोहब्बत और भाईचारे का खूबसूरत नज़ारा देखने को मिला। लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इस अवसर पर इस्लामिया गौसिया मस्जिद के सदर इनायत सिद्दीकी और जामा मस्जिद के सदर आज़ाद खान ने जिलेवासियों को ईद की बधाई दी।कार्यक्रम में मेंहदी हसन, शेख सलीम, शकील खान, अहमद सिद्दीकी, शाहिद खान, हाजी इदरीस और शेख नफीस सहित कई लोगों ने ईद की शुभकामनाएं दीं और बेहतर व्यवस्थाओं के लिए प्रशासन का आभार जताया। ईदगाह में पुलिस अधीक्षक विजय भागवानी ने भी सभी को ईद की मुबारकबाद दी।इस दौरान एडिशनल एसपी सीताराम सत्या, एसडीएम, तहसीलदार, एसडीओपी,थाना प्रभारी, सीएमओ किशन सिंह ठाकुर सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। वहीं त्रिभुवन प्रताप सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी लोगों को बधाई दी।ईद की नमाज़ जिले के बिरसिंहपुर पाली, नौरोजाबाद, चंदिया, मानपुर और अमरपुर सहित अन्य क्षेत्रों में भी अदा की गई। शहर में दिनभर ईद की रौनक बनी रही,लोग एक-दूसरे के घर जाकर मुबारकबाद देते रहे और मीठी सेवइयों की मिठास ने रिश्तों को और करीब कर दिया।गौरतलब है कि ईदुल-फितर, रमज़ान के मुकम्मल होने और चांद नजर आने के बाद मनाया जाता है। 30 रोज़ों के बाद अदा की जाने वाली ईद की नमाज़ को तोहफे के रूप में माना जाता है। इस दिन नए कपड़े पहनना, गले मिलना और खुशियां बांटना इसकी खास पहचान है। साथ ही ज़कात और फ़ितरा के जरिए गरीबों का ख्याल रखना इस त्योहार की रूह है, ताकि हर कोई ईद की खुशी में बराबरी से शामिल हो सके।

समाचार 04 फ़ोटो 04

यूरोप से आए दंपति ने नवरात्रि पर भारतीय वेशभूषा में मां नर्मदा का किया दर्शन 

अनूपपुर

मध्य प्रदेश के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक-आध्यात्मिक तीर्थ स्थल पावन नगरी अमरकंटक स्थित मां नर्मदा उद्गम मंदिर में नवरात्रि के पावन अवसर पर यूरोप से आए एक दंपति ने भारतीय परंपरागत वेशभूषा धारण कर श्रद्धा-भाव से दर्शन एवं पूजन-अर्चन किया।

दंपति ने मंदिर पहुंचकर चंदन का तिलक लगवाया और विधिवत मां नर्मदा जी के दर्शन किए। उन्होंने श्रद्धापूर्वक माथा टेककर प्रणाम किया तथा मंदिर में प्रज्वलित ज्योति कलश के समक्ष लगभग 15 मिनट तक एकाग्र होकर निहारते हुए भाव-विभोर होकर पूजा-अर्चना की।

इस दौरान दंपति ने इशारों और अंग्रेजी भाषा में अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए बताया कि उन्हें अमरकंटक नगर अत्यंत सुंदर लगा तथा यहां का मौसम भी बहुत सुहावना है। उन्होंने कहा कि मां नर्मदा और अमरकंटक के बारे में उन्होंने दिल्ली और बनारस में सुना था, जिसके बाद यहां आने की इच्छा हुई।

दंपति ने मध्यप्रदेश एवं अमरकंटक के लोगों की सराहना करते हुए उन्हें बेहद सरल और सहयोगी बताया। दर्शन के दौरान वे “हर हर महादेव” और “नर्मदे हर” का उद्घोष भी करते रहे, जिससे वहां का वातावरण भक्तिमय हो उठा।

समाचार 05 फ़ोटो 05

शिरडी से आया 40 सदस्यीय भक्त दल, नर्मदा परिक्रमा करते हुए अमरकंटक में हुआ भाव-विभोर

अनूपपुर

आस्था, विश्वास और भक्ति की अविरल धारा के साथ महाराष्ट्र के शिरडी से आया 40 सदस्यीय भक्त मंडल नर्मदा परिक्रमा करते हुए पावन नगरी अमरकंटक पहुंचा। ओंकारेश्वर से आरंभ हुई इस तपस्वी यात्रा का यह दसवां दिवस था, जब श्रद्धालु मां नर्मदा के उद्गम स्थल की गोद में आकर भाव-विभोर हो उठे।

अमरकंटक आगमन पर परिक्रमावासियों ने रामघाट के पवित्र तट पर श्रद्धा-सुमन अर्पित करते हुए विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं आरती की। इसके पश्चात मां नर्मदा उद्गम स्थल मंदिर के उत्तर तट पर पहुंचकर भक्तों ने पूर्ण आस्था और समर्पण के साथ दर्शन-पूजन किया। वातावरण “नर्मदे हर” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा, मानो स्वयं प्रकृति भी इस भक्ति में सहभागी हो।

भक्तों ने अमरकंटक के रमणीय स्थलों का भ्रमण कर यहां की सुरम्य वादियों, हरित आंचल और अलौकिक छटा का रसास्वादन किया। उन्होंने भावुक होकर कहा कि जहां देश के अन्य हिस्सों में गर्मी ने दस्तक दे दी है, वहीं अमरकंटक आज भी अपनी शीतलता और सौम्यता से मन को शांति प्रदान कर रहा है—यहां का वातावरण मानो तपती जीवन-धारा पर शीतल स्पर्श सा प्रतीत होता है।

अपने अनुभव साझा करते हुए श्रद्धालुओं ने कहा कि अमरकंटक के विषय में जो सुना था, यहां आकर वह सजीव अनुभूति में परिवर्तित हो गया। नर्मदा परिक्रमा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि आत्मा के शुद्धिकरण और ईश्वर से साक्षात्कार का माध्यम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पतित-पावनी मां नर्मदा अपने प्रत्येक भक्त की मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं और उनके दर्शन किसी न किसी रूप में अवश्य कराती हैं। भक्तों ने भावुक स्वर में कहा कि परिक्रमा पथ पर कठिनाइयां भले ही आती हों, पर मां नर्मदा की कृपा ऐसी है कि कोई भी भक्त भूखा नहीं सोता। यह यात्रा त्याग, तप और विश्वास की जीवंत मिसाल है। 

समाचार 06 फ़ोटो 06

शिव शंकर मंदिर परिसर के समीप नाले की हुई साफ-सफाई

शहडोल

कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के मार्गदर्शन में जिले में संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जल स्रोतों के संरक्षण एवं स्वच्छता को लेकर लगातार कार्य किए जा रहे हैं। अभियान के तहत कुएं, बाव़िडयों, तालाबों सहित अन्य जल स्रोतों की साफ-सफाई एवं जीर्णोद्धार का कार्य किया जा रहा है, जिससे वर्षा जल का संचयन सुनिश्चित हो सके।

इसी क्रम में धनपुरी नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 4 में स्थित झिरिया शिव शंकर मंदिर परिसर के समीप नाले की साफ-सफाई का कार्य नगरपालिका के मैदानी कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय लोगों द्वारा किया गया। इस कार्य से क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था में सुधार होगा तथा वर्षा के दौरान जल भराव की समस्या से भी राहत मिलेगी।

प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य जल संरक्षण को बढ़ावा देना है, जिससे भू-जल स्तर में वृद्धि हो और आमजन को जल संकट से राहत मिल सके।

समाचार 07 फ़ोटो 07

मानसिक रूप से अस्वस्थ भटकती मिली नवयुवती को छत्तीसगढ निवासी परिजनो को सौंपा

अनूपपुर 

कोतवाली पुलिस द्वारा तत्परता पूर्वक सोशल मीडिया में किये गये प्रयास से मानसिक रूप से अस्वस्थ भटकती मिली नवयुवती के छत्तीसगढ निवासी परिजनों को खोज कर मिलवाया गया। 112 सर्विस के द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि अनूपपुर में जैतहरी रोड पर हर्री फाटक के पास एक 30 वर्षीय मानसिक रूप से अस्वस्थ नवयुवती भटक रही है जो अपना नाम पता नही बता पा रही है। उक्त सूचना पर तत्काल पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर उक्त नवयुवती को सुरक्षित महिला डेस्क, कोतवाली लाया जाकर भोजन  - पानी एवं रुकने की व्यवस्था की गई। नवयुवती अपना नाम पता नहीं बता पा रही थी। 

पुलिस टीम के द्वारा उक्त नवयुवती की फोटो सोशल मीडिया में जारी किये गये जो छत्तीसगढ़ के जिला एम.सी. बी.  ( महेंद्रगढ़  - चिरमिरी -  भरतपुर ) के अंतर्गत खोँगापानी    निवासी माँ  - भाई तक सोशल मीडिया से जानकारी पहुंची जिनके देर शाम थाना कोतवाली अनूपपुर पहुंचने पर  पुलिस द्वारा मानसिक रूप से अस्वस्थ नवयुवती को सकुशल माता और भाई को सौंपा गया।

नवयुवती के भाई अजय बंजारे पिता मोहन बंजारे निवासी खोँगापानी  जिला एम.सी.बी. (छत्तीसगढ़)  ने बताया कि उनकी बेटी कुमारी पिंकी बंजारे का विवाह ग्राम जिला जांजगीर चांपा(  छत्तीसगढ़ ) में हुआ था जो कुछ वर्षों पूर्व से मानसिक स्थिति बिगड़ जाने के बाद वह ससुराल में रह रही थी और कुछ दिन पूर्व ससुराल से बिना बताए चले जाने की जानकारी प्राप्त हुई थी। शुक्रवार की शाम भाई को सोशल मीडिया  फेसबुक और व्हाट्सएप से जानकारी प्राप्त हुई। शुक्रवार की रात्रि थाना कोतवाली अनूपपुर पहुंचकर उन्होंने अपनी बेटी को सकुशल प्राप्त किया और अनूपपुर पुलिस को अपना आभार व्यक्त किया है। 

समाचार 08 फ़ोटो 08

कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन स्कूल में  100% रिजल्ट, मेधावियों का हुआ भव्य सम्मान

अनूपपुर

जिले का एकमात्र CISCE बोर्ड (भारतीय स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा परिषद) से संबद्ध कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन, पटना (राजेंद्रग्राम) में शैक्षणिक सत्र 2025–26 का वार्षिक परीक्षा परिणाम भव्य समारोह में घोषित किया गया। इस वर्ष स्कूल का रिजल्ट 100 प्रतिशत रहा। इस अवसर पर विद्यार्थियों, अभिभावकों और सम्पूर्ण शिक्षक एवं स्टाफ की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमामय और यादगार बना दिया। समारोह में टॉप रैंकर्स और पुरस्कार विजेताओं का सम्मान किया गया, साथ ही अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) आयोजित कर बच्चों की प्रगति और समग्र विकास पर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री विनोद कार्की, प्राचार्य श्री अमित कुमार घोष और प्रशासक पी. एस. विश्वास उपस्थित थे। उन्होंने संयुक्त रूप से माता सरस्वती को माल्यार्पित किया और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। पूरे परिसर में आध्यात्मिक और उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा। कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षिका दया बैरवा ने कुशलता पूर्वक किया।

समारोह का मुख्य आकर्षण टॉप रैंकर्स और विभिन्न पुरस्कार विजेताओं का सम्मान था। LKG से कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को मंच पर बुलाकर प्रमाण पत्र, प्रतीक चिन्ह और रिपोर्ट कार्ड प्रदान किए गए। अभिभावकों और बच्चों के चेहरे खुशी और आत्मविश्वास से दमक उठे। पूरे समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल महसूस किया गया।

समाचार 09

नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित*

अनूपपुर

नवीन शिक्षा सत्र 2026–27 एवं विभागीय योजनाओं के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिला अंतर्गत समस्त बीईओ, बीआरसीसी तथा शासकीय एवं अशासकीय हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्यों की संयुक्त समीक्षा बैठक डाइट परिसर, अनूपपुर के सभागार में आयोजित की गई।

बैठक में आगामी शिक्षा सत्र को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। विशेष रूप से प्रवेशोत्सव कार्यक्रम, विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तक वितरण, साइकिल वितरण योजना तथा नए शिक्षा सत्र में विद्यार्थियों को ऑनलाइन माध्यम से प्रवेशित करने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget