नपा की कचरा उठाने की प्रक्रिया पर लगा विराम, वार्डों में गंदगी का लगा अम्बार, लोग परेशान
अनूपपुर/कोतमा
नगर परिषद कोतमा की डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था अनियमित होने से नगर के 15 वार्डों में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। कई इलाकों में कचरा गाड़ी समय पर नहीं पहुंचने से घरों का कचरा सड़कों, गलियों और चौक-चौराहों पर जमा होने लगा है। वार्डवासियों का कहना है कि पहले जहां सुबह के समय नियमित रूप से कचरा उठ जाता था, वहीं अब कई स्थानों पर गाड़ी दोपहर तक नहीं आती और कुछ वार्डों में पूरा दिन इंतजार के बाद भी वाहन नहीं पहुंचता।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि समय पर कचरा नहीं उठने के कारण लोग मजबूरी में कचरा खाली प्लॉट, नालियों के किनारे और सड़क किनारे फेंक रहे हैं। इससे नगर में बदबू फैल रही है और वातावरण दूषित हो रहा है। गर्मी बढ़ने के साथ ही मच्छरों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है, जिससे डेंगू, मलेरिया और वायरल बुखार जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
कई वार्डों में आवारा पशु और कुत्ते कचरे के ढेर को नोचकर इधर-उधर फैला रहे हैं, जिससे साफ-सफाई की स्थिति और खराब हो रही है। नालियों में कचरा जाने से जल निकासी बाधित हो रही है और कुछ स्थानों पर पानी रुकने लगा है। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी तो बारिश के मौसम में जलभराव और संक्रमण का खतरा और बढ़ सकता है।
नगरवासियों ने नगर परिषद से मांग की है कि प्रत्येक वार्ड के लिए कचरा वाहन की स्पष्ट समय-सारणी जारी की जाए और उसी अनुसार नियमित रूप से कचरा उठाया जाए। साथ ही सफाई कर्मियों की निगरानी बढ़ाने, वाहन की दैनिक उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की मांग भी की गई है। लोगों ने चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से शिकायत दर्ज कर आंदोलन करेंगे।
इनका कहना है।
कचरा संग्रहण में आ रही समस्या को गंभीरता से लिया गया है। व्यवस्था सुधारने के लिए कर्मचारियों को निर्देश दिए जाएंगे। वार्ड वार नियमित कचरा उठाने की व्यवस्था शीघ्र लागू की जाएगी।
*अजय सराफ, अध्यक्ष, नगर पालिका कोतमा*
