समाचार 01 फ़ोटो 01
नपा की कचरा उठाने की व्यवस्था बिगड़ी, 15 वार्डों में गंदगी का लगा अम्बार लोग परेशान
अनूपपुर/कोतमा
नगर परिषद कोतमा की डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था अनियमित होने से नगर के 15 वार्डों में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। कई इलाकों में कचरा गाड़ी समय पर नहीं पहुंचने से घरों का कचरा सड़कों, गलियों और चौक-चौराहों पर जमा होने लगा है। वार्डवासियों का कहना है कि पहले जहां सुबह के समय नियमित रूप से कचरा उठ जाता था, वहीं अब कई स्थानों पर गाड़ी दोपहर तक नहीं आती और कुछ वार्डों में पूरा दिन इंतजार के बाद भी वाहन नहीं पहुंचता।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि समय पर कचरा नहीं उठने के कारण लोग मजबूरी में कचरा खाली प्लॉट, नालियों के किनारे और सड़क किनारे फेंक रहे हैं। इससे नगर में बदबू फैल रही है और वातावरण दूषित हो रहा है। गर्मी बढ़ने के साथ ही मच्छरों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है, जिससे डेंगू, मलेरिया और वायरल बुखार जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
कई वार्डों में आवारा पशु और कुत्ते कचरे के ढेर को नोचकर इधर-उधर फैला रहे हैं, जिससे साफ-सफाई की स्थिति और खराब हो रही है। नालियों में कचरा जाने से जल निकासी बाधित हो रही है और कुछ स्थानों पर पानी रुकने लगा है। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी तो बारिश के मौसम में जलभराव और संक्रमण का खतरा और बढ़ सकता है।
नगरवासियों ने नगर परिषद से मांग की है कि प्रत्येक वार्ड के लिए कचरा वाहन की स्पष्ट समय-सारणी जारी की जाए और उसी अनुसार नियमित रूप से कचरा उठाया जाए। साथ ही सफाई कर्मियों की निगरानी बढ़ाने, वाहन की दैनिक उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की मांग भी की गई है। लोगों ने चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से शिकायत दर्ज कर आंदोलन करेंगे।
इनका कहना है।
कचरा संग्रहण में आ रही समस्या को गंभीरता से लिया गया है। व्यवस्था सुधारने के लिए कर्मचारियों को निर्देश दिए जाएंगे। वार्ड वार नियमित कचरा उठाने की व्यवस्था शीघ्र लागू की जाएगी।
*अजय सराफ, अध्यक्ष, नगर पालिका कोतमा*
समाचार 02 फ़ोटो 02
ग्राम पंचायतों में नाली और पुलिया निर्माण की गुणवत्ता उठे सवाल, अधिकारी की चुप्पी गंभीर सवाल
अनूपपुर
जनपद पंचायत अनूपपुर में विकास कार्यों की हकीकत सरकारी दावों से कोसों दूर है। यहाँ निगरानी का जिम्मा संभालने वाले अधिकारियों की नाक के नीचे सरकारी खजाने की जमकर लूट हो रही है। विशेषकर रवि ग्वाल, जिनके कंधों पर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जाँचने और सही क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का दायित्व है, उनकी भूमिका अब संदेह के घेरे में आ गई है।
जनपद पंचायत की विभिन्न ग्राम पंचायतों में हो रहे निर्माण कार्यों में रवि ग्वाल की निगरानी केवल कागजों तक सीमित नजर आ रही है। जमीनी हकीकत यह है कि ठेकेदार और संबंधित एजेंसी मनमाने ढंग से कार्य कर रहे हैं, और रवि ग्वाल मूकदर्शक बने हुए हैं। जनता का आरोप है कि निगरानी अधिकारी का काम साइट पर जाकर गड़बड़ियों को रोकना है, लेकिन यहाँ रवि ग्वाल की अनदेखी के चलते भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है।
सूत्रों के अनुसार, 15वें वित्त आयोग के तहत ग्राम पंचायतों में लाखों रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। लेकिन रवि ग्वाल की लचर कार्यप्रणाली के कारण इस राशि का सही उपयोग होने के बजाय बंदरबांट हो रहा है। निर्माण कार्यों में निर्धारित मापदंडों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
सबसे बुरा हाल नाली और पुलिया निर्माण का है। कई पंचायतों में बन रही नालियों और पुलियों में बेहद घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। सीमेंट और रेत के अनुपात में गड़बड़ी साफ दिखाई देती है। कायदे से रवि ग्वाल को इन कार्यों की गुणवत्ता करनी चाहिए थी, लेकिन उनके द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न करना यह दर्शाता है कि शायद यह सब उनकी मूक सहमति से हो रहा है। क्षेत्र के जागरूक नागरिकों और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है की सभी निर्माण कार्यों, सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
इनका कहना है।
इस संबंध में जब जिला पंचायत सीईओ अर्चना कुमारी के मोबाइल नंबर 91310 74485 पर संपर्क किया गया तो घंटी बजती रही लेकिन उन्होंने फोन उठाया।
समाचार 03 फ़ोटो 03
जब तक आवागमन नहीं, तब तक विकास नहीं, महर्षि कश्यप व्यापार केंद्र का भव्य लोकार्पण
अनूपपुर
जिले के नगर परिषद जैतहरी में मंगलवार को महर्षि कश्यप व्यापार केंद्र का मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री व अनूपपुर विधायक बिसाहू लाल सिंह ने लोकार्पण किया। इस कार्यक्रम मे जनप्रतिनिधियों अधिकारी, कर्मचारी के अलावा भाजपा के नेताओ सहित जिला मीडिया प्रभारी राजेश की उपस्थिति में यह गरिमामय कार्यक्रम संपन्न हुआ।
अतिथियों का शाल-श्रीफल से स्वागत किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने जैतहरी के विकास कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने कहा, पहले फूटहा तालाब के नाम से जाना जाने वाला यह स्थान गंदगी का अंबार था। अब इसे सुसज्जित कर व्यापार केंद्र बनाया गया है, जहां 500 व्यापारियों को रोजगार मिलेगा। साप्ताहिक बाजार की कठिनाइयां अब दूर होंगी। गुप्ता ने स्मार्ट क्लास लाइब्रेरी, समरसता पथ, क्रिकेट बॉक्स, अध्यात्म पथ व गौरव पथ जैसे पूर्व कार्यों का भी उल्लेख किया।
मुख्य अतिथि बिसाहू लाल सिंह ने कहा की किसी भी नगर के विकास के लिए आवागमन जरूरी है। हमने नदियों पर पुल बनाकर जैतहरी को जोड़ा, जिससे विकास गति पकड़ रहा है। जब तक आवागमन नहीं, तब तक विकास नहीं।
भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने कहा, बाजार की पुरानी परेशानियां अब खत्म। यह व्यापार केंद्र आकर्षण का केंद्र बनेगा। जैतहरी युवा सोच के साथ विकसित हो रहा है, जिसमें बिसाहू लाल सिंह का बड़ा योगदान है। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों व नागरिकों ने भाग लिया।
समाचार 04 फ़ोटो 04
मुख्यमंत्री को काला झंडा दिखाने के मामले में नाबालिग को भेजा जेल, छात्र का भविष्य हो सकता है प्रभावित
शहडोल
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के धनपुरी प्रवास के दौरान काला झंडा दिखाए जाने के मामले में पुलिस कार्रवाई पर नया विवाद खड़ा हो गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेजे गए तीन प्रदर्शनकारियों में एक नाबालिग भी शामिल बताया जा रहा है। इसको लेकर कांग्रेस नेताओं ने पुलिस पर जल्दबाजी और संवेदनहीनता का आरोप लगाया है।
कांग्रेस का कहना है कि गिरफ्तार किए गए युवकों में शामिल नाबालिग की उम्र 17 वर्ष 8 माह 17 दिन है, जो दस्तावेजों में दर्ज है। आरोप है कि पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद उसे भी अन्य के साथ जेल भेज दिया, जबकि बुधवार से उसकी बोर्ड परीक्षा शुरू होने वाली है। पार्टी नेताओं ने कहा कि परीक्षा से ठीक पहले इस तरह की कार्रवाई से छात्र का भविष्य प्रभावित हो सकता है।
वहीं, इस मामले में पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव का कहना है कि मुख्यमंत्री के काफिले के दौरान व्यवधान उत्पन्न करने वाले तीन व्यक्तियों को मौके से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने गिरफ्तार लोगों द्वारा बताए गए नाम और उम्र के आधार पर दस्तावेज तैयार कर उन्हें कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजने का आदेश हुआ।
सूत्रों के अनुसार, सोमवार शाम तक संबंधित नाबालिग की जमानत नहीं हो सकी थी। मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और कांग्रेस ने इसे छात्र के अधिकारों से जुड़ा विषय बताते हुए प्रशासन से पुनर्विचार की मांग की है। फिलहाल पूरे घटनाक्रम को लेकर जिले में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
कानून के जानकारों ने बताया की सात साल तक के अपराध में यदि नाबालिग को गिरफ्तार किया जाता है तो उसे मुचलके पर रिहा किया जाना चाहिए। 17 साल 8 माह के किशोर को किशोर न्यायालय में पेश किया जाना था, लेकिन पुलिस ने जल्दबाजी में उसे तहसील न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। यह न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने आशंका जताई कि राजनीतिक दबाव में पुलिस ने यह कदम उठाया होगा।
समाचार 05 फ़ोटो 05
प्रस्तावित ऑडिटोरियम की भूमि पर अतिक्रमण, प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर हटाया अवैध निर्माण
शहडोल
ब्यौहारी नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत मानपुर रोड स्थित शासकीय भूमि पर प्रस्तावित ऑडिटोरियम निर्माण को लेकर नगर परिषद द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई। नगर परिषद के अनुसार उक्त शासकीय भूमि पर संतोष सेन द्वारा अवैध रूप से अतिक्रमण कर मकान का निर्माण किया गया था, जिससे ऑडिटोरियम निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही थी।
नगर परिषद ब्यौहारी द्वारा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण को हटाया गया। इस दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी शरद कुमार गौतम के नेतृत्व में पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। कार्रवाई के समय तहसीलदार डेलन सिंह, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे और किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
नगर परिषद अधिकारियों ने बताया कि मानपुर रोड स्थित उक्त शासकीय भूमि पर नगर विकास की दृष्टि से ऑडिटोरियम का निर्माण प्रस्तावित है, जो भविष्य में सांस्कृतिक, सामाजिक एवं शासकीय कार्यक्रमों के आयोजन के लिए उपयोगी होगा। अतिक्रमण हटने के बाद अब निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाने की संभावना है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाइयाँ जारी रहेंगी। स्थानीय नागरिकों से अपील की गई है कि वे शासकीय भूमि का दुरुपयोग न करें और विकास कार्यों में सहयोग करें।
समाचार 06 फ़ोटो 06
श्रीराम वन गमन व केवट प्रसंग में उमड़ा आस्था का महासैलाब, कथा व्यास की वाणी पर झूम उठा कोयलांचल
अनूपपुर
माँ काली मंदिर प्रांगण में आयोजित श्री अद्भुत रामायण महायज्ञ एवं भाव-संगीतमय श्रीराम कथा इन दिनों पूरे जमुना–कोतमा क्षेत्र को भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगे हुए है आयोजन के क्रम में सोमवार 9 फरवरी 2026 को श्रीराम वन गमन एवं केवट प्रसंग का अत्यंत भावपूर्ण, संगीतमय और जीवंत वर्णन प्रस्तुत किया गया, जिसने हजारों श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
कथा स्थल पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा अनुमान के अनुसार लगभग 3 हजार श्रद्धालु इस दिन कथा श्रवण के लिए उपस्थित रहे, जिनमें महिलाओं की संख्या सबसे अधिक रही भक्ति संगीत, ढोल-मंजीरों की गूंज और “जय श्रीराम” के जयघोष के बीच महिलाएं भाव-विभोर होकर भजन-संगीत पर नृत्य करती नजर आईं, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर कथा व्यास जया मिश्रा, शरणागत आश्रम, श्रीधाम वृंदावन की ओजस्वी वाणी ने श्रद्धालुओं के हृदय को छू लिया श्रीराम के वन गमन की करुणा और केवट के निष्काम भक्ति भाव का ऐसा सजीव वर्णन किया गया कि श्रोता कभी भावुक हुए तो कभी भक्ति रस में झूम उठे कथा के प्रत्येक प्रसंग पर श्रद्धालुओं की तालियों और जयकारों से पंडाल गूंजता रहा।
इस विशाल धार्मिक आयोजन को सफल और आकर्षक बनाने में अन्नू मिश्रा (गायक कलाकार) की संगीतमय प्रस्तुति का विशेष योगदान रहा, जिनके भजनों ने श्रद्धालुओं को भक्ति में सराबोर कर दिया वहीं सरजू केवट (अध्यक्ष, भारतीय मजदूर संघ, 9/10 खदान) ने आयोजन व्यवस्था और सहयोग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई दोनों के योगदान की श्रद्धालुओं एवं आयोजकों द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की गई। माँ काली मंदिर प्रांगण में 4 फरवरी से प्रारंभ हुआ यह श्री अद्भुत रामायण महायज्ञ एवं संगीतमय श्रीराम कथा 12 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन आयोजित की जा रही है
समाचार 07
अवैध खनन एवं परिवहन करने पर 2 वाहन जब्त
अनूपपुर
जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित किए जाने हेतु कलेक्टर हर्षल पंचोली द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में खनिज विभाग द्वारा सघन कार्यवाही की गई। तहसील पुष्पराजगढ़ अंतर्गत ग्राम बेलडोंगरी एवं सेन्दुरखार/मेढ़ाखार क्षेत्र में निरीक्षण किया गया। इस दौरान खनिज बोल्डर एवं खनिज रेत का अवैध परिवहन करते हुए 02 वाहनों को जब्त किया गया। उक्त प्रकरण में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के नियम 19 (1), (2) एवं (3) के अंतर्गत विधिसम्मत कार्यवाही की गई। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।
समाचार 08
अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर खनिज विभाग की कार्यवाही
उमरिया
खनिजों के अवैध उत्खनन परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम हेतु जिले में कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन के निर्देशन में खनिज की टीम द्वारा जॉच के दौरान ग्राम झाला तहसील चंदिया, जिला उमरिया स्थित उमरार नदी क्षेत्र में बाबा महाकाल मिनरल्स प्रायवेट लिमिटेड के द्वारा खनिज रेत के अवैध उत्खनन करना पाया गया। संलिप्त टू-टेन चौन माउटिंग मशीन सैनी 210 जिसका सीरियल नंबर 18 एसईवाय 02185387 को जप्त किया गया है। वाहन ट्रक क्रमांक क्रमशः एमपी 21 एच1897, एमपी 21एचबी 6956 , एमपी 21जेडई 5957 , सीजी 12 बीजी 1566 , एमपी 35 एचए 0137 को खनिज रेत के अवैध उत्खनन/परिवहन में संलिप्त पाये जाने से जप्त किया जाकर पुलिस थाना चंदिया में सुरक्षार्थ खड़ा करवाया गया है। खनिज रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन के लिए प्रकरण तैयार कर म.प्र. खनिज अवैध (खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 में निहित प्रावधानों के तहत कार्यवाही की गई।
समाचार 09
बाल विवाह की सूचना पर की गई कार्यवाही
उमरिया
कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग दिव्या गुप्ता के मार्गदर्शन में ग्राम करौंदा जनपद पंचायत करकेली में 17 फरवरी को होने वाले तिलक की सूचना मिलने पर परियोजना अधिकारी अंजू सिंह पोर्ते व्दारा परिवार को समझाईश दी गई, जिसके बाद तिलक कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। परियोजना अधिकारी अंजू सिंह पोर्ते को ग्राम करौंदा में 17 फरवरी को बाल विवाह के तहत तिलक होने की जानकारी प्राप्त हुई , जिसके बाद उन्होने दल बल के साथ परिवार जनो से मुलाकात की और उन्हें बाल विवाह नही करने की समझाईश दी ।