महाशिवरात्रि पर निकली जाएगी भगवान शिव की भव्य बारात, महिलाओं ने मेहंदी व हल्दी रस्म में बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
अनूपपुर/राजनगर
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मधुबन क्लब, राजनगर के सामने स्थित शिव मंदिर में धार्मिक उल्लास और श्रद्धा के साथ विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
दिनांक 14 फरवरी 2026 को दोपहर 12:00 बजे हल्दी की रस्म का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। इसके बाद शाम 6:00 बजे मेहंदी कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें क्षेत्र की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और भक्ति गीतों के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इसी क्रम में आज शाम 4:00 बजे भगवान शिव की भव्य बारात शिव मंदिर परिसर से निकाली जाएगी। बारात शिव मंदिर से प्रारंभ होकर भगत सिंह चौक, जोड़ा तालाब, छोटी काली मंदिर (सी-टाइप) होते हुए पुनः शिव मंदिर पहुंचेगी। इसके उपरांत मंदिर प्रांगण में जयमाला कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। साथ ही, दिनांक 16 फरवरी 2026 को श्रद्धालुओं के लिए खिचड़ी भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी भक्तों को प्रसाद ग्रहण करने हेतु आमंत्रित किया गया है। महाशिवरात्रि के अवसर पर पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर है और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
