समाचार 01 फ़ोटो 01
ग्राम छोहरी में 55 एकड़ शासकीय भूमि पर कब्जे का आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की कब्जा मुक्त कराने की मांग
*चारागाह भूमि पर भी अतिक्रमण, मवेशियों के लिए चारा संकट*
अनूपपुर
जमुना कोतमा अनूपपुर जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायत छोहरी में लगभग 55 एकड़ शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे का गंभीर मामला सामने आया है इस संबंध में ग्रामवासियों ने नायब तहसीलदार अनूपपुर एवं कलेक्टर हर्षल पंचोली को लिखित शिकायत सौंपकर शासकीय भूमि को कब्जामुक्त कराने, सीमांकन कराने एवं दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि ग्राम पंचायत छोहरी में खसरा नंबर 604, 184, 177/1, 228/1, 13, 14, 148, 158, 159 एवं 161 सहित कुल लगभग 55 एकड़ भूमि राजस्व रिकॉर्ड में शासकीय दर्ज है आरोप है कि इस शासकीय भूमि पर प्रभावशाली लोगों द्वारा लगातार अवैध कब्जा कर निजी उपयोग में लिया जा रहा है ग्रामीणों का कहना है कि उक्त भूमि पर कब्जे के कारण गांव में शासकीय कार्यों एवं जनहित से जुड़े निर्माण कार्यों के लिए भूमि उपलब्ध नहीं हो पा रही है।
शिकायतकर्ताओं में ज्ञान सिंह, प्रीतम दास, लल्लू सिंह (पंच), भारत लाल, जीवन दास (पंच), राम सिंह (पूर्व पंच), पूजा चौधरी (पंच), सुग्रीव कुमार, सुमेर, विजय कुमार, हंसलाल, कमलेश्वर, महेश, सूर्य, गुमान, राम शंकर दास, लालू दास, महेश कुमार, गया प्रसाद अहिरवार एवं ओमप्रकाश रजक सहित अनेक ग्रामवासी शामिल हैं।
आवेदन में प्रमुख भूमिका निभाने वाले ओमप्रकाश रजक ने बताया कि उक्त 55 एकड़ शासकीय भूमि पर ग्राम के वर्तमान सरपंच केदार सिंह, पूर्व सरपंच रामा सिंह एवं उनके परिवार के लोगों द्वारा कब्जा कर लिया गया है उन्होंने आरोप लगाया कि यह भूमि शासन की होने के बावजूद निजी उपयोग में ली जा रही है, जिससे ग्रामवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कब्जे में ली गई भूमि का एक हिस्सा चारागाह (चरनोई) के लिए आरक्षित था, जहां गांव के मवेशी चरते थे लेकिन चारागाह भूमि पर भी अतिक्रमण हो जाने से पशुपालकों को मवेशियों के लिए चारा उपलब्ध कराने में भारी कठिनाई हो रही है इससे गांव में पशुपालन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित भूमि का तत्काल सीमांकन कर अवैध कब्जा हटाया जाए, चारागाह भूमि को मुक्त कराया जाए। यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
समाचार 02 फ़ोटो 02
पोस्ट ऑफिस में दस्तावेज जलाने का आरोप, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन
*एफआईआर व निष्पक्ष जांच की मांग*
अनूपपुर
जमुना कॉलरी स्थित भारतीय डाक विभाग के पोस्ट ऑफिस में नागरिकों के महत्वपूर्ण दस्तावेज, जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं अन्य डाक सामग्री जलाए जाने के गंभीर आरोपों को लेकर जिला युवा कांग्रेस अनूपपुर के अध्यक्ष मानवेंद्र मिश्रा ने थाना प्रभारी भालूमाड़ा विपुल शुक्ला को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें जमुना कॉलरी स्थित पोस्ट ऑफिस परिसर में आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जलते हुए दिखाई दे रहे हैं उन्होंने कहा कि यदि यह वीडियो सत्य है, तो यह केवल विभागीय लापरवाही नहीं बल्कि आम नागरिकों के अधिकारों, भविष्य और सरकारी व्यवस्था पर उनके विश्वास के साथ गंभीर विश्वासघात है। किसी युवक का जॉइनिंग लेटर, किसी गरीब का आधार कार्ड, किसी बुजुर्ग की पेंशन से संबंधित दस्तावेज अथवा अन्य आवश्यक पत्र यदि जानबूझकर नष्ट किए गए हैं, तो यह सीधे तौर पर नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों का हनन है और इससे संबंधित व्यक्तियों को गंभीर नुकसान उठाना पड़ सकता है।
मानवेंद्र मिश्रा ने यह भी गंभीर आरोप लगाया कि जमुना कॉलोनी पोस्ट ऑफिस में बिना दलाली के कोई कार्य नहीं होता है। उन्होंने कहा कि वहां जेपी मंडल नाम का एक कथित दलाल पूरे दिन पोस्ट ऑफिस परिसर में सक्रिय रहता है और लोगों से पैसे लेकर पोस्ट मास्टर के माध्यम से कार्य करवाता है मिश्रा के अनुसार, विशेष रूप से मृतक आश्रितों के डेथ क्लेम जैसे संवेदनशील मामलों में भी पीड़ित परिवारों से ₹10,000 तक की राशि वसूले जाने की शिकायतें सामने आई हैं उन्होंने इस पूरे मामले में जेपी मंडल तथा संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने थाना प्रभारी विपुल शुक्ला से मांग की है कि वायरल वीडियो की तत्काल फॉरेंसिक जांच कर उसकी सत्यता प्रमाणित की जाए तथा प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने वाले पोस्ट मास्टर एवं संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध तत्काल FIR दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए साथ ही निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए संबंधित कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की कार्रवाई भी की जाए।
समाचार 03 फ़ोटो 03
हाथी 22 किलोमीटर रास्ता तय करके पहुँचा धनगंवा, दो घरों का तोड़ा दीवार, फसल किया चौपट
अनूपपुर
एक अकेला नर शनिवार एवं रविवार की मध्य रात्रि लगभग 22 किलोमीटर का रास्ता तय करते हुए भगतबांध सोनमौहरी छुलहा अमगवां गुवारी चांदपुर टकहुली कुसुमहाई पटोरा से धनगवां बीट के जंगल में पहुंचकर अपने दो हाथी साथियों के साथ मिल गया रात के समय यह हाथी दो घरों की दीवाल में तोड़फोड़ कर अनेको गांव में किसानों के खेतों में लगे विभिन्न तरह की फसलों को आहार बनाया हाथी के पूरे रात विचरण दौरान कई गांव के ग्रामीण रात भर जाग कर हाथी को अपने इलाके से खदेडते नजर आए।
एक दांत वाला एक नर हाथी विगत 15 दिनों से अपने दो अन्य हाथी साथियों के साथ अलग होकर वन परिक्षेत्र,थाना एवं तहसील अनूपपुर के इलाके में दिन के समय जंगल में व्यतीत करने के बाद शाम रात होते ही जंगल से निकल कर आहार की तलाश में ग्रामीणो के घरों में तोड़फोड़ कर खेतों में लगे विभिन्न तरह की फसलों को अपना आहार बनाता रहा यह हाथी शनिवार के दिन वन परिक्षेत्र,थाना एवं तहसील अनूपपुर के सोनमौहरी बीट अंतर्गत भगतबांध गांव के जंगल में दिन के समय विश्राम करने बाद शाम होते ही खिरना नाला पार कर सोनमौहरी गांव के पिचिंग टोला खेत में लगे गेहूं,मटरी की फसल को खाते हुए रेलवे लाईन पारकर सोनमोहरी के नर्सरी में कुछ देर विश्राम करने बाद ग्राम पंचायत अमगवां के वार्ड क्रमांक 10 डोंगरीटोला निवासी गणेश सिंह आर्मो के खेत में लगे गेहूं की फसल को एक बार फिर से पहुंच कर खाते हुए पक्के घर के दरवाजा एवं ईट की दीवाल को तोड़ा जिससे घर के अंदर रखे मोटरसाइकिल क्षृतिग्रस्त हो गई, यह हाथी अमगवां के खिरना टोला के पास खिरना नाला के ऊपर बसे मोहन पिता पंचू चर्मकार के घर की दीवाल को अचानक पहुंचकर तोड़फोड़ किया इस दौरान घर के अंदर महिलाएं एवं बच्चे कुछ देर के लिए घर के अंदर फस गए। अकेला हाथी अपने बिछड़े हुए दो अन्य हाथी साथियो से मिल गया। अनूपपुर जिले में पटवारियो की अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण हाथी के द्वारा किए गए नुकसान का सर्वेक्षण एवं राहत प्रकरण बनने में परेशानी होने से नुकसान से प्रभावित ग्रामीण परेशान है वन विभाग का गस्ती दल अलग-अलग टीम बनाकर हाथी के विचरण पर निगरानी रखते हुए ग्रामीण जनों को हाथियों से दूरी बनाए रखने की अपील की।
समाचार 04 फ़ोटो 04
देर रात डीजे बजाने पर पुलिस ने साउंड सिस्टम जप्त कर मामला किया दर्ज
अनूपपुर
10वी एवं 12वी की बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर जिला दण्डाधिकारी एवं कलेक्टर अनूपपुर हर्षल पंचोली द्वारा 29 जनवरी 2026 ध्वनि मानको के प्रावधानो का पालन करते हुए 10 डेसिबल से कम ध्वनि तीव्रता के केबल दो छोटे साउण्ड बाक्स अनुविभागीय दण्डाधिकारी की अनुमति उपरांत ही रात्रि 10.00 बजे तक ही उपयोग में लाये जा सकेंगें। रात्रि 10.00 बजे के बाद किसी भी ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग नहीं किया जायेगा। अनूपपुर नगर के मैरिज गार्डन एवं साउण्ड सर्विस संचालको की बैठक का आयोजन किया जाकर बोर्ड परीक्षाओ के चलते उक्त निषेधाज्ञा को कड़ाई से पालन किये जाने हेतु बताया गया था।
देर रात करीब 12.00 बजे अमरकंटक रोड पर बारात के साथ तेज ध्वनि में डी.जे. बजाये जाने की शिकायत मिलने पर टी. आई. कोतवाली अरविन्द जैन, सहायक उपनिरीक्षक कमलेश तिवारी, प्रधान आरक्षक राजेश कंवर, आरक्षक अमित यादव की टीम के द्वारा पहुंचकर निरीक्षण पंचनामा तैयार किया गया एवं थाना कोतवाली अनूपपुर में प्रिन्स डी. जे. के संचालक प्रिन्स कुमार सोनी पिता दादूराम सोनी उम्र 27 वर्ष निवासी वार्ड नं. 02 निवासी मन्दाकिनी होटल के पास कस्बा अनूपपुर तथा डी. जे. लोडिंग वाहन रजिस्ट्रेशन नंबर CG-31 A9051 के चालक सिबालाल कोल तथा जग्गू कोल उम्र 27 वर्ष निवासी पुरानी बस्ती अनूपपुर के विरूद्ध थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 92/26 धारा 223(ए) बी.एन.एस., म.प्र. कोलाहल नियंत्रण अधिनियम 15 दर्ज किया जाकर संबंधित डी. जे. उपकरण को वाहन के साथ जप्त किया जाकर आरोपी प्रिन्स डी.जे. के संचालक प्रिन्स कुमार सोनी एवं वाहन चालक सियालाल कोल को गिरफ्तार किया जाकर कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
समाचार 05 फ़ोटो 05
मुड़ना नाला में बोरे में मिली अज्ञात युवती का शव, हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
शहडोल
जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दूधी गांव स्थित मुड़ना नाला में बोरे में बंधी अज्ञात युवती की लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। रविवार दोपहर खेत में सिंचाई के लिए पंप लगाने गए एक किसान ने नाले में पानी के बीच पड़ा एक बोरा देखा, जिससे तेज बदबू आ रही थी। संदेह होने पर किसान ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरे को खुलवाया तो उसके भीतर करीब 30 वर्षीया अज्ञात युवती का शव मिला। पुलिस के अनुसार शव लगभग तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। बोरा मजबूती से बंधा हुआ था और उसमें पत्थर भी रखे गए थे, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की आशंका जताई जा रही है।घटना की जानकारी लगते ही गांव के लोग भी मौके पर पहुंचे है। मौके पर पुलिस एवं एफएसएल की टीम भी जांच करने पहुंची।
सिंहपुर थाना प्रभारी एम.एल. रहगडाले ने बताया कि युवती के दाहिने हाथ पर “D.R.” गुदा हुआ है, जबकि गदेली (हथेली के पास) पर ‘ॐ’ का निशान बना है। इन चिन्हों के आधार पर पहचान की कोशिश की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि सिंहपुर थाना क्षेत्र में इस उम्र की किसी युवती की गुमशुदगी दर्ज नहीं है, लेकिन कोतवाली थाना में दर्ज एक गुम इंसान की उम्र इस शव से मिलती-जुलती है।
इसकी सूचना संबंधित थाना पुलिस को दे दी गई है।फिलहाल शव को अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास के क्षेत्रों में भी गुमशुदगी की जानकारी जुटाई जा रही है। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
समाचार 06
कोर व बफर जोन में कुंओ पर बनाए जा रहे मुंडेर।
उमरिया
वन एवं राजस्व सीमांतर्गत कोर एवं बफर क्षेत्र में बिना मुंडेर वाले कुओं पर मुंडेर बनाने का निर्माण किया जा रहा है। सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह ने मानपुर जनपद पंचायत के ग्राम रायपुर में बिना मुंडेर वाले कुओं मे बन रहे मुंडेर का औचक निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए। सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह ने बताया कि कोर और बफर क्षेत्र में ऐसे चार हजार कुएं है, जो बिना मुंडेर के है। सभी कुओं को चिन्हित कर सभी पर मुंडेर का निर्माण कार्य किया जा रहा है , ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की जन हानि, पशु हानि नही हो सके।उन्होंने कहा कि बिना मुंडेर वाले कुओं में मुंडेर बन जाने पर दुर्घटनाएं घटित होने की आशंका कम से कम रहेगी। निरीक्षण के दौरान खंड स्तरीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
समाचार 07
एक बगिया मां के नाम का सीईओ ने किया निरीक्षण
उमरिया
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभय सिंह ने मानपुर जनपद पंचायत के ग्राम कछौहा में एक बगिया मां के नाम की हितग्राही संगीता के यहां विकसित की जा रही बगिया का अवलोकन किया। हितग्राही व्दारा पौधारोपण के लिए किए जा रहे गड्ढे एवं पौधों को बचाने के लिए की जा रही फेसिंग का अवलोकन किया । निरीक्षण के दौरान उन्होने पौधारोपण के लिए पानी की व्यवस्था के लिए जल कुंड बनाने कि बात कही।
उन्होने कहा कि स्व सहायता समूह की महिलाओं को समृद्ध बनाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नवाचारों के माध्यम से महत्वाकांक्षी योजनाएं चलाई जा रही है। एक बगिया मां के नाम परियोजना अंतर्गत स्व-सहायता समूह की महिलाओं की निजी भूमि पर फलोद्यान की बगिया लगाने का कार्य किया जा रहा है। परियोजना के अंतर्गत सरकार हितग्राहियों को पौधे, खाद, गड्ढे खोदने के साथ ही पौधों की सुरक्षा के लिए कटीले तार की फेंसिंग और सिंचाई के लिए 50 हजार लीटर का जल कुंड बनाने के लिए राशि प्रदान कर रही है।
समाचार 08
अवैध रेत परिवहन पर ट्रैक्टर ट्रॉली जप्त
बिजुरी पुलिस द्वारा गस्त के दौरान अवैध रेत उत्खनन कर परिवहन की मुखबिर सूचना पर खेडिया क्रेशर तिराहे पर घेराबंदी कर एक लाल रंग का महिन्द्रा युवो कंपनी ट्रेक्टर क्रमांक MP 18 AB 5906 को मय ट्राली जिसमे 3 घन मीटर रेत करीब भरा हुआ था, रेत की कीमत करीब 5500 रुपये एवं ट्रेक्टर मय ट्राली की कीमत 4 लाख रुपये कुल कीमत 405500 रुपये को जप्त कर कब्जे पुलिस लिया गया तथा आरोपी चालक सिर भंजन सिंह पिता बेसाहु सिंह उम्र 44 वर्ष निवासी डोंगरिया खुर्द थाना बिजुरी जिला अनूपपुर के विरुद्ध अपराध धारा 303(2), 317(5) बीएनएस 4/21 खान खनिज अधिनियम का पंजीबद्ध किया जाकर अनुसंधान किया जा रहा है।
समाचार 09
खनिज चोरी पर पुलिस की कार्यवाही
शहडोल
खामडाड़ नदी से अवैध रूप से रेत उत्खनन कर एक सोनालिका ट्रैक्टर व हरे रंग की ट्रॉली सहित रेत लोड कर नदी पार करकरिहा टोला की ओर खड़ा है। सूचना पर तत्काल ब्यौहारी पुलिस दल द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की गई। मौके पर बिना पंजीयन नंबर का सोनालिका ट्रैक्टर रेत से लोड अवस्था में खड़ा मिला। चालक से पूछताछ पर उसने अपना नाम राहुल उर्फ सोनू खैरवार पिता राजेन्द्र उर्फ राजन खैरवार, उम्र 30 वर्ष, निवासी खामडाड़ बताया। चालक से रेत परिवहन संबंधी वैध रायल्टी/टी.पी. एवं वाहन दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, जो मौके पर प्रस्तुत नहीं किए गए। पूछताछ में चालक द्वारा उक्त रेत खामडाड़ नदी से अवैध रूप से उत्खनन कर ट्रैक्टर मालिक हिमांशु सिंह उर्फ अजय सिंह निवासी सूखा के कहने पर परिवहन हेतु ले जाना स्वीकार किया गया। चालक के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
समाचार 10
शहडोल
गोपालपुर सोन नदी सोन घड़ियाल प्रतिबंधित क्षेत्र के अंतर्गत आता है, से एक नीले रंग का स्वराज कंपनी का ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध रूप से रेत उत्खनन कर भरी हुई ट्रॉली के साथ बाहर निकल रहा है। सूचना पर देवलोंद पुलिस दल तत्काल गोपालपुर रेत उत्खनन घाट, सोन नदी पहुंचा। मौके पर पुलिस बल को देखकर ट्रैक्टर चालक विनय मिश्रा ने ट्रैक्टर को तेज गति से भगाने का प्रयास किया, जिससे रेत से भरी ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया। उक्त घटना के बाद थाने से अतिरिक्त बल को सूचित कर एवं स्थानीय निवासी के सहयोग से पलटी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीधा कराया गया, जिसके बाद उक्त नीले रंग की बिना नंबर की ट्रॉली, जिसमें लगभग आधी ट्रॉली रेत भरी हुई थी, जप्त किया गया। उक्त ट्रॉली को अन्य ट्रैक्टर इंजन से टोचन कर थाना परिसर लाकर सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया।