समाचार 01 फ़ोटो 01
बुजुर्ग के साथ 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में आरोपी दंपत्ति को पुलिस ने किया गिरफ्तार
अनूपपुर
पुलिस अधीक्षक अनूपपुर मोती उर रहमान के निर्देशन पर गंभीर अपराधों में लिप्त अभियुक्तों की धरपकड़ हेतु अभियान चलाकर कार्रवाई का निर्देश दिया गया है जिसके अनुपालन में धोखाधड़ी के मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी बिजुरी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम एवं सायबर सेल की संयुक्त कार्रवाई के दौरान तकनीकी साक्ष्य के आधार पर आरोपी दम्पति को गिरिफ्तार किया गया है।
थाना बिजुरी में फरियादी राजकुमार महरा पिता बिरझू महरा उम्र 60 वर्ष निवासी मोहरी हाल पौराधार द्वारा दिनांक 01 अक्टूबर 2025 को एक लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई कि योगेश चन्द्रा एवं उसकी पत्नी हेमा चन्द्रा, मनोज गुप्ता के साथ मिलकर पीएफ फण्ड निकलवाने की प्रवंचना कर छल एवं धोखाधड़ी कर फरियादी से ₹9.44 लाख रुपये हड़प लिए गए हैं।घटना विवरण पर आरोपियों के विरुद्ध धारा 420, 406, 120-बी भादवि के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण के आरोपी योगेश चन्द्रा पिता स्व. आनंदराम चन्द्रा उम्र 39 वर्ष और हेमा चन्द्रा पति योगेश चन्द्रा उम्र 31 वर्ष को गिरफ्तार किया गया तथा प्रकरण से संबंधित दस्तावेजी साक्ष्य जप्त किए गए हैं और गिरिफ्तार आरोपियों को न्यायालय पेश किया गया है तथा आरोपी मनोज गुप्ता की तलाश जारी है।यह उल्लेखनीय है कि आरोपी दम्पति फरियादी बुजुर्ग कालरी कर्मचारी का नाती है जिसने अपने नाना के अनपढ़ और बुजुर्ग होने का फायदा उठाकर उसके साथ धोखाधड़ी की गई है।
समाचार 02 फ़ोटो 02
पीआरटी महाविद्यालय में दिवाली के पावन पर्व पर रंगोली प्रतियोगिता संपन्न
अनूपपुर
पंडित रामगोपाल तिवारी महाविद्यालय में दिवाली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपनी कला के माध्यम से सामाजिक संदेश देते हुए रंग-बिरंगी सुंदर रंगोलियां बनाईं।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई एक विशेष रंगोली ने सभी का ध्यान आकर्षित किया, जिसमें महिला सुरक्षा को प्रमुख विषय बनाया गया था। इस रंगोली के माध्यम से छात्रों ने समाज को “STOP VIOLENCE, STOP RAPE, GIVE JUSTICE” का सशक्त संदेश दिया।
महाविद्यालय के संचालक डॉक्टर देवेंद्र कुमार तिवारी ने विद्यार्थियों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां न केवल त्योहारों की खुशियों को बढ़ाती हैं, बल्कि समाज में जागरूकता और सकारात्मक सोच भी फैलाती हैं। अंत में सभी प्रतिभागियों और महाविद्यालय के समस्त विद्यार्थियों को संचालक डॉ तिवारी के द्वारा और समस्त प्राध्यापकों ने सुरक्षित व खुशहाल दिवाली की शुभकामनाएं दी गईं।
समाचार 03 फ़ोटो 03
सरप्रहरी छोटेलाल ने रसल वाईपर का रेस्क्यू कर जंगल मे छोड़ा
अनूपपुर
जिला मुख्यालय के समाजसेवी व सरप्रहरी छोटेलाल ने जिला मुख्यालय के वार्ड़ नम्बर 12 चंदास टोला में विजय मसीह के घर पर भारत का सबसे जहरीला सर्प रसल वाईपर को पकड़कर विचरण के लिए सुरक्षित जंगल में छोड़ा। छोटेलाल ने बताया की रसल वाईपर सर्प जैसे ही ठण्ड दस्तक देती है वैसे ही इस सर्प का निकलना शुरू हो जाता हैं। सरप्रहरी ने बताया की कभी भी घर पर या आसपास कोई भी सर्प दिखे, उसे मारे नही, बल्कि सरप्रहरी को कॉल करके बुला ले, जिससे उसका रेस्क्यू करके जंगल मे छोड़ा जा सके, सरप्रहरी छोटेलाल कई वर्षों से सरप्रहरी का कार्य करते हुए हजारो सर्पो का रेस्क्यू कर जंगल मे छोड़ा जा चुका है।
समाचार 04 फ़ोटो 04
कौशल विकास यात्रा 2025, कौशल रथ का आगमन और एआई लिट्रेसी मिशन का सफल समापन
अनूपपुर
देश की अग्रणी कौशल और उच्च शिक्षा संस्था आईसेक्ट द्वारा आयोजित कौशल रथ – कौशल विकास यात्रा 2025 का सफल समापन हो गया। यह यात्रा 6 अक्टूबर 2025 से शुरू होकर 20 राज्यों के 300 जिलों में फैले 500 स्कूलों, कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों तक पहुँची और लाखों विद्यार्थियों, युवाओं तथा शिक्षकों को कौशल विकास और भविष्य की तकनीकों से अवगत कराया।
इस वर्ष की यात्रा का मुख्य आकर्षण AI Literacy Mission रहा। आईसेक्ट के विशेष रूप से तैयार किए गए कौशल रथ के माध्यम से गाँव-गाँव और शहर-शहर तक एआई, एआर/वीआर जैसी भविष्य की तकनीकों से संबंधित जानकारी, डेमो और प्रशिक्षण सामग्री प्रदान की गई। यात्रा के दौरान निःशुल्क एआई सेमिनार, कार्यशालाएँ, करियर काउंसलिंग सत्र और तकनीकी प्रदर्शन आयोजित किए गए। आईसेक्ट ने इस यात्रा के माध्यम से चार प्रमुख उद्देश्य पूरे किए।
विद्यार्थियों, शिक्षकों और SKPs को एआई शिक्षा में प्रशिक्षित करना।निःशुल्क सेमिनार और कार्यशालाओं के माध्यम से समुदायों को जोड़ना। स्कूलों और कॉलेजों के साथ सहयोग बढ़ाकर संस्थागत नेटवर्क को मजबूत करना। विद्यार्थियों के समूह तैयार कर भविष्य की प्रशिक्षण आवश्यकताओं की पहचान करना।
यात्रा के दौरान आईसेक्ट-NSDC साझेदारी में संचालित 250 से अधिक डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्सेस की जानकारी दी गई। इन कोर्सेस में कंप्यूटर, आईटी, फ्यूचर स्किल्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, बैंकिंग और फाइनेंस, शिक्षक प्रशिक्षण, कृषि और रिटेल जैसे रोजगारोन्मुख विषय शामिल थे। आईसेक्ट के प्रवक्ता भगवान दास ने कहा, “कौशल विकास यात्रा 2025 केवल एक शैक्षणिक अभियान नहीं है, बल्कि यह युवाओं को भविष्य की तकनीकों से जोड़ने, रोजगारोन्मुख शिक्षा उपलब्ध कराने और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में एक ठोस पहल है। आईसेक्ट अब आगे भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करके भारत के हर युवा को नए युग की तकनीकों से सशक्त बनाने की दिशा में काम जारी रखेगी।
समाचार 05 फोटो 05
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत विवेक पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम हुआ आयोजन
शहडोल
शासन के निर्देशानुसार बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम किए जाने के निर्देश हैं। जिसके तारतम्य में विवेक पब्लिक स्कूल जिला शहडोल (म.प्र.) में जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। आयोजित कार्यक्रम में प्रदीप सिंह, संगीता निगम किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य, अभिषेक चौकसे CWC सदस्य, संजीता भगत सहायक संचालक, डॉ० अनीता निगम प्राचार्य, डॉ० गोपाल निगम संचालक वन स्टॉप सेंटर से सपना पाण्डेय काउंसलर,भानुप्रिया केसवर्कर उपस्थित रहें। कार्यक्रम का संचालन संजीता भगत द्वारा किया गया। आज के थीम अनुसार बालिका को 01 दिवसीय विद्यालय के प्राचार्य बनाए जाने एवं प्राचार्य के कार्यभार एवं दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश हैं।
जिसके तारतम्य में बालिका अनामिका ठाकुर को एक दिवस हेतु विद्यालय का प्राचार्य बनाया गया। बालिका द्वारा सभी विद्यार्थियों से कहा गया कि प्राचार्य एक ऐसा पद है जिनके पास पूरे विद्यालय की जिम्मेदारी होती है। छोटे बच्चों से लेकर 12वीं तक के विद्यार्थियों के पढ़ाई से लेकर विद्यालय आने व वापस घर जाने तक की जिम्मेदारियां होती है। विद्यालय के सभी शिक्षक किस तरह से बच्चों को पढ़ाते हैं उनका बच्चों के प्रति व्यवहार एवं कार्य सभी की जिम्मेदारियां प्राचार्य पर होती है।
इसी कड़ी में आगे बढ़ते हुए प्रदीप सिंह द्वारा पॉक्सो एक्ट से संबंधी जानकारियां दी गई। उन्होंने कहा कि बच्चे देश के भविष्य होते हैं इसलिए सभी नागरिकों का बच्चों की सुरक्षा सर्वप्रथम कर्तव्य है। आज हमारे देश में कई जगहों पर बच्चे असुरक्षित महसूस करते हैं इस हेतु शासन द्वारा टोल फ्री नंबर 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन के नाम से जारी किया गया है जिसका उपयोग कर बच्चों की सहायता की जा सकती है। अभिषेक चौकसे द्वारा बच्चों को सोशल मीडिया का सावधानी पूर्वक उपयोग किए जाने हेतु सलाह दिया गया। संगीता निगम द्वारा सभी बच्चों के बाल विवाह संबंधी जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के अंत में डॉ० गोपाल निगम द्वारा आभार प्रकट कर कार्यक्रम का समापन किया गया। विद्यालय के समस्त शिक्षक शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों का सराहनीय सहयोग रहा।
समाचार 06 फ़ोटो 06
गोंगपा का भ्रष्टाचार के खिलाफ हल्ला बोल, कार्रवाई नहीं होने पर दी आंदोलन की चेतावनी
शहडोल
जिले की धनपुरी नगर पालिका में भ्रष्टाचार के खिलाफ गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। नगर पालिका में चल रहे कथित घोटालों और नियमविरुद्ध निर्माण कार्यों को लेकर आज पार्टी कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए पार्टी ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।
पार्टी जिला अध्यक्ष छत्रपाल सिंह कुशराम ने पालिका प्रशासन पर वित्तीय अनियमितता, भूमिगत घोटालों और नियमविरुद्ध निर्माण कार्यों के आरोप लगाए हैं। वार्ड 2 में बिना किसी वैधानिक स्वीकृति के करोड़ों की लागत से निर्माण कराया जा रहा है। पालिका की भूमि और बजट दोनों ही संदिग्ध स्थिति में हैं, फिर भी अधिकारियों द्वारा कार्य जारी रखा गया है, जो नगर एवं ग्राम निवेश अधिनियम का उल्लंघन है। अगर शासन ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन छेड़ेगी।
ज्ञापन में पालिका अध्यक्ष पर जातीय आधार पर पद का दुरुपयोग और आरक्षण नियमों की अनदेखी के भी आरोप लगाए गए हैं। पार्टी ने इसे सामाजिक न्याय और प्रशासनिक ईमानदारी के साथ खिलवाड़ बताया है। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि अब जनता जाग चुकी है, धनपुरी में चल रहे भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
समाचार 07 फ़ोटो 07
बांधवी हथिनी ने नर बेबी एलिफेंट को दिया जन्म
उमरिया
जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में हाथी का परिवार बढ़ गया है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में एक नया मेहमान आया है। बांधवी हथिनी ने एक नर हाथी (baby elephants) को जन्म दिया है। अब यहां हाथियों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। जानकारी फील्ड डायरेक्टर अनुपम सहाय ने दी है।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के ताला रेंज के बठान हाथी कैंप में 14 वर्षीय हथनी बांधवी ने पहली बार बच्चे को जन्म दिया है। जन्म के बाद हाथी मां और बच्चे का निरीक्षण रेंज अधिकारी ताला तथा वन्य प्राणी स्वास्थ्य अधिकारी के द्वारा किया गया। जानकारी के अनुसार हाथी टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा मां को पौष्टिक आहार दिया जा रहा है। (baby elephants) के साथ बांधवगढ़ में विभागीय हाथियों की संख्या अब बढ़कर 16 हो गई है।
समाचार 08 फ़ोटो 08
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कन्या व इंजीनियरिंग महाविद्यालय की नवीन कार्यकारिणी का गठन
शहडोल
कन्या महाविद्यालय, एवं शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय शहडोल में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) द्वारा कॉलेज कार्यकारिणी का गठन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विधिवत दीपप्रज्वलन करके किया गया, जिसके उपरांत विभाग संगठन मंत्री सावन सिंह द्वारा विद्यार्थी परिषद के विषय के बारे में बताया गया उसके उपरांत विभाग छात्रा प्रमुख अंजली पांडेय द्वारा इंदिरा गांधी गृहविज्ञान कन्या महाविद्यालय की नवीन कार्यकारणी की घोषणा की गई एवं विभाग संयोजक अखिलेश सिंह द्वारा शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय की नवीन कार्यकारणी की घोषणा की गई।
शासकीय कन्या महाविद्यालय नवगठित कार्यकारिणी में निम्न पदाधिकारियों का चयन किया गया। महाविद्यालय अध्यक्ष– मानवी सिंह, महाविद्यालय मंत्री– जिया दुबे, उपाध्यक्ष– अंशिका मिश्रा, श्रुति कुर्मेश्वर, प्रियांशी गुप्ता, ललिता मरावी, सह-मंत्री – गायत्री देवी, कल्याणी मिश्रा, साक्षी सिंह, आशा प्रजापति, लक्ष्मी प्रजापति, एवं
शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय शहडोल की नवीन कार्यकारणी के दायित्ववान कार्यकर्ता अध्यक्ष – सुशांत उपाध्याय एवं महाविद्यालय मंत्री – मानस शुक्ला, उपाध्यक्ष – आयुति पाठक, संचिता सेन, अभय तिवारी, आदित्य गुप्ता, हिमांशु शुक्ला, सह मंत्री – सुहानी द्विवेदी, पीयूष पांडेय, मिताली जयसवाल, उत्कर्ष उपाध्याय, प्रिंस गुप्ता रहे।
कार्यक्रम का संचालन शासकीय कन्या महाविद्यालय में भूमिका द्विवेदी एवं शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय में संचिता सेन ने किया एवं आभार प्रदर्शन महाविद्यालय अध्यक्ष द्वारा किया गया। कार्यकारिणी गठन के पश्चात संगठन के आगामी कार्यक्रम को लेकर आगामी गतिविधियों की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई।
समाचार 09 फ़ोटो 09
ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात युवक की मौत
अनूपपुर
वेंकटनगर रेलवे स्टेशन से लगभग 500 मीटर की दूरी पर अज्ञात व्यक्ति की कटने से हुई मौत हो गई है। पोल क्रमांक 21-23 के बीच अप लाइन में यह घटना लगभग 7:00 बजे के आस-पास घटी है, बताया जाता है की युवक ट्रेन के गेट पर बैठा था अचानक आंख लगते हैं पटरी के निचे आ गया जिसकी मौके पर मौत हो गई, जनसत्ता एक्सपोज न्यूज ने इसकी जानकारी आरपीएफ व स्थानीय पुलिस को दे दी है। जहां आरपीएफ मौके पर पहुंच चुकी है वहीं स्थानीय पुलिस मृतक युवक की पता-तलाश में जुटी है। युवक का नीले रंग टी-शर्ट व सफेद रंग का जिंस पैंट पहना हुआ है।