शराब दुकान में गुंडागर्दी एमआरपी से ज्यादा दाम मांगने का विरोध पड़ा भारी, ग्राहक की पिटाई


अनूपपुर

भालूमाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुना शराब दुकान में कथित तौर पर शराब ठेकेदार के कर्मचारियों की दबंगई का मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब की बोतल पर अंकित अधिकतम खुदरा मूल्य एमआरपी से ज्यादा कीमत वसूलने का विरोध करना एक ग्राहक को भारी पड़ गया। विरोध करने पर ठेकेदार के कथित गुर्गों ने ग्राहक के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी।

जमुना शराब दुकान पर ग्राहक ने जब एमआरपी से अधिक कीमत वसूले जाने का विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया और उसके साथ मारपीट की गई। मामला केवल मारपीट तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अब पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद भालूमाड़ा पुलिस ने अब तक आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की है। इतना ही नहीं, पीड़ित का दावा है कि सीएम हेल्पलाइन में की गई शिकायत वापस लेने के लिए उस पर दबाव बनाया जा रहा है और शिकायत वापस नहीं लेने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकियां दी जा रही हैं।

मामला केवल शराब दुकान में कथित गुंडागर्दी का नहीं, बल्कि पुलिस की जवाबदेही और आम नागरिकों की सुरक्षा से भी जुड़ा गंभीर सवाल है। पीड़ित ने अब एसडीओपी से न्याय की गुहार लगाकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्यवाही की मांग की हैं।

छुट्टी पर गए उप पंजीयक, नहीं हो सकी रजिस्ट्री, चरमराई व्यवस्था, वकील व पक्षकार हुए परेशान

*एक उपपंजीयक के दम पर चार तहसील*


अनूपपुर

जिले में भूमि की रजिस्ट्री कराने के लिए आने वाले लोगों की परेशानी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पूरे जिले का पंजीयन कार्य महज एक उप पंजीयक के भरोसे संचालित हो रहा है। उप पंजीयक विजय जाटव के अवकाश पर चले जाने से जिला मुख्यालय स्थित पंजीयन कार्यालय में रजिस्ट्री का काम पूरी तरह ठप हो गया। पहले से स्लॉट बुक कराकर पहुंचे पक्षकार और अधिवक्ता दिनभर रजिस्ट्री शुरू होने का इंतजार करते रहे, लेकिन कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ा। कार्यालय में मौजूद सहायक ग्रेड-2 नितिन यादव के माध्यम से रजिस्ट्री कार्य शुरू कराने की उम्मीद में लोग बैठे रहे। उन्हें बताया गया कि दोपहर 2 बजे के बाद शहडोल पंजीयन कार्यालय से निर्देश मिलने पर काम शुरू हो सकता है, लेकिन अनुमति नहीं मिलने के कारण एक भी रजिस्ट्री संपादित नहीं हो सकी। इस दौरान दिल्ली, छत्तीसगढ़ सहित जिले के दूरस्थ क्षेत्रों से आए लोग भी परेशान होते रहे।

अधिवक्ताओं का कहना है कि पंजीयन जैसे महत्वपूर्ण कार्य के लिए जिले में पर्याप्त अधिकारी और वैकल्पिक व्यवस्था होनी चाहिए। किसी एक अधिकारी के अवकाश पर रहने से पूरे जिले का काम बंद हो जाना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। जरूरत इस बात की है कि जिले में अतिरिक्त उप पंजीयक की पदस्थापना की जाए अथवा अवकाश के दौरान दूसरे अधिकारी की अस्थायी ड्यूटी लगाई जाए, ताकि भूमि की रजिस्ट्री के लिए आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

जिले में उप पंजीयक के रूप में केवल विजय जाटव पदस्थ हैं। उनके अवकाश पर रहने की स्थिति में रजिस्ट्री कार्य संचालित करने के लिए कोई स्थायी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है। इसका खामियाजा सीधे आम नागरिकों को भुगतना पड़ता है। एक उप पंजीयक होने के कारण बुधवार को कोतमा तहसील और गुरुवार को राजेंद्रग्राम में रजिस्ट्री कार्य के लिए जाना पड़ता है। अन्य दिनों में इन क्षेत्रों के पक्षकारों को जिला मुख्यालय अनूपपुर पहुंचना पड़ता है। यह व्यवस्था वर्षों से चली आ रही है, लेकिन इसका स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।

खेत पर अवैध रूप से विद्युत करंट फैलाने से वृद्ध की हुई थी मौत, आरोपी गिरफ्तार 


उमरिया

चौकी सिविल लाइन थाना कोतवाली को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम भरौला निवासी रामफल यादव उम्र 67 वर्ष मवेशी चराने के लिए जंगल की ओर गए थे। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों एवं ग्रामीणों द्वारा उनकी तलाश की गई। 23 नवंबर 2026 को सुबह मृतक का शव ग्राम बरौला निवासी आरोपी मोहन चौधरी के खेत की मेड़ पर पेट के बल पड़ा हुआ मिला।

पुलिस द्वारा सूचना मिलने पर घटना स्थल पर पहुंचकर प्रारंभिक कार्यवाही शुरू की गई । मृतक के बाएं पैर के नीचे छिलने के निशान पाए गए। घटनास्थल के निरीक्षण एवं मर्ग जांच के दौरान पाया गया कि आरोपी मोहन चौधरी द्वारा अपने खेत की मेड़ पर लोहे के जीआई तार एवं बिजली के खंभे से अवैध रूप से विद्युत करंट प्रवाहित किया गया था। इसी करंट की चपेट में आने से वृद्ध रामफल यादव की मृत्यु होना पाया गया। मर्ग जांच में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी मोहन चौधरी के विरुद्ध थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 606/26 धारा 105 BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस द्वारा आरोपी मोहन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget