समाचार 01 फ़ोटो 01
फुटपाथ से सड़क तक कब्जे का आरोप, ₹300 से ₹500 रोजाना वसूली की शिकायत, कार्यवाही की मांग
*शहर अव्यवस्थित दुकान से लगा रहा है जाम*
अनूपपुर
दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही जिला मुख्यालय अनूपपुर के बाजारों में भीड़ बढ़ने लगी है। लेकिन बाजार में खरीदारी करने पहुंच रहे नागरिकों के सामने आवागमन की समस्या भी खड़ी हो रही है। शहर के कई हिस्सों में फुटपाथों के साथ सड़क के किनारों पर भी अस्थायी दुकानें लगाए जाने और सार्वजनिक जगहों के इस्तेमाल से रास्ता बाधित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। आरोप है कि कुछ स्थायी दुकानदार अपनी दुकानों के सामने अस्थायी दुकानें लगवाकर प्रतिदिन ₹300 से ₹500 तक किराया वसूल रहे हैं।
रेलवे स्टेशन चौराहा से बस स्टैंड, सब्जी मंडी, शंकर मंदिर रोड, इंदिरा तिराहा, चेतनानगर और अमरकंटक चौराहे सहित बाजार के विभिन्न हिस्सों में फुटपाथों और सड़क किनारे अस्थायी दुकानें लगाए जाने की शिकायतें हैं। कई स्थानों पर पैदल यात्रियों को फुटपाथ के बजाय सड़क पर चलने की मजबूरी होने की बात सामने आ रही है। दीपावली के दौरान ग्राहकों और वाहनों की संख्या बढ़ने के बीच ऐसी स्थिति यातायात बाधित करने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ा सकती है।
फुटपाथ का उद्देश्य पैदल यात्रियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा देना है, जबकि सड़क का उपयोग सुचारु यातायात के लिए किया जाता है। ऐसे में यदि सार्वजनिक फुटपाथ या सड़क के हिस्से पर कब्जा कर अस्थायी दुकानें लगाई जा रही हैं, तो इसकी वैधानिक स्थिति की जांच जरूरी है।
स्थानीय स्तर पर आरोप हैं कि कुछ स्थायी दुकानदार अपनी दुकानों के सामने की सार्वजनिक जगह पर अस्थायी दुकानदारों को बैठने देते हैं और इसके बदले किराया लेते हैं।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी भूपेंद्र सिंह, अनूपपुर ने कहा कि त्योहार से पहले फुटपाथों और सड़कों पर किए गए कब्जों का सर्वे कराया जाएगा। यदि शासकीय संपत्ति पर नियम विरुद्ध तरीके से किराया वसूले जाने का मामला सामने आता है, तो संबंधित लोगों के विरुद्ध कानूनसम्मत प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
समाचार 02 फ़ोटो 02
अर्नब तूफान का असर जारी, बारिश और ठंडी हवाओं से बदला मौसम, पर्यटकों की आवाजाही पर पड़ा असर
अनूपपुर
प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक तीर्थ स्थल तथा पर्यटन केंद्र पवित्र नगरी अमरकंटक में बंगाल की खाड़ी में उठे समुद्री चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदल गया है। हल्की ठंडी हवाओं और रुक-रुककर हो रही बारिश ने वातावरण में ठंडक घोल दी है। अमरकंटक के साथ पुष्पराजगढ़ विकासखंड मुख्यालय राजेंद्रग्राम तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी मौसम का असर दिखाई दे रहा है। बुधवार, 28 अक्टूबर की शाम करीब 4 बजे से क्षेत्र में वर्षा का क्रम शुरू हुआ, जो कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश के रूप में देखने को मिला।
27 अक्टूबर की दोपहर से ही अमरकंटक के नीले आसमान पर काले बादलों ने अपना डेरा जमा लिया था। बुधवार को भी बादलों की आवाजाही बनी रही। शाम होते-होते बादलों ने वर्षा की बूंदों के रूप में धरती को भिगोना शुरू कर दिया। ठंडी हवाओं के झोंकों के साथ गिरती बारिश की फुहारों ने मौसम में ऐसा बदलाव ला दिया कि दिन के समय भी लोगों को ठंडक का एहसास होने लगा। मौसम के इस बदले स्वरूप से गर्म कपड़ों की आवश्यकता भी महसूस होने लगी है।
हरे-भरे वनांचल, पर्वतीय वादियों और मां नर्मदा के उद्गम स्थल के लिए प्रसिद्ध अमरकंटक में प्रकृति का सौंदर्य मौसम के इस परिवर्तन के साथ एक अलग ही रूप में दिखाई दे रहा है। बादलों से ढका आसमान, ठंडी हवाएं और वर्षा की बूंदें यहां के वातावरण को शीतल बना रही हैं। हालांकि, लगातार बदलते मौसम के कारण स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और बाहर से आने वाले पर्यटकों को अपनी दिनचर्या में बदलाव करना पड़ रहा है।
बारिश और ठंडक के चलते पवित्र नगरी में पर्यटकों एवं तीर्थ यात्रियों की आवाजाही में कमी महसूस की जा रही है। नर्मदा उद्गम मंदिर के आसपास की कुछ दुकानें बंद रहने से व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं।
समाचार 03 फोटो 03
डॉक्टर से अपॉइंटमेंट के लिए शिक्षक को गूगल पर नम्बर सर्च करना पड़ा भारी, खाते से गायब हुए 4.72 लाख
शहडोल
नागपुर के एक निजी अस्पताल में डॉक्टर से अपॉइंटमेंट लेने के लिए गूगल पर नंबर सर्च करना शहडोल जिले के एक शासकीय शिक्षक को भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने अपॉइंटमेंट बुक करने के नाम पर शिक्षक के व्हाट्सएप पर एपीके फाइल भेजी। शिक्षक ने जैसे ही फाइल डाउनलोड की, उनका मोबाइल फोन हैक हो गया। इसके बाद ठगों ने 21 अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए उनके बैंक खाते से 4 लाख 72 हजार 600 रुपये से अधिक की रकम निकाल ली। मामले की शिकायत मिलने पर गोहपारू पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित रामनिवास जसवाल गोहपारू थाना क्षेत्र के एक शासकीय स्कूल में शिक्षक हैं। पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत खराब चल रही थी और उन्हें चक्कर आने की शिकायत थी। बेहतर इलाज के लिए उन्होंने महाराष्ट्र के नागपुर स्थित एक निजी अस्पताल में डॉक्टर को दिखाने का फैसला किया। अपॉइंटमेंट लेने के लिए उन्होंने गूगल पर अस्पताल का नंबर खोजा और मिले नंबर पर संपर्क किया।
फोन पर बात करने वाले व्यक्ति ने शिक्षक को अपॉइंटमेंट बुक होने की जानकारी दी। इसके बाद उसी नंबर से उनके व्हाट्सएप पर एक एपीके फाइल भेजी गई। शिक्षक ने फाइल डाउनलोड कर ली, जिसके बाद उनका मोबाइल ठगों के निशाने पर आ गया। आरोपियों ने 24 घंटे के भीतर 21 ट्रांजैक्शन कर खाते में जमा लगभग पूरी रकम निकाल ली।
खाते से पैसे निकलने की जानकारी मिलने पर शिक्षक ने अपने बेटे को घटना बताई। इसके बाद बेटे ने बैंक से संपर्क कर खाता फ्रीज कराया और साइबर अपराध हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई।
समाचार 04 फ़ोटो 04
ट्रक चेचिस ने बाइक सवार को मारी टक्कर, घायल अस्पताल में भर्ती, चालक हुआ मौके से फरार
शहडोल
शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग पर अधूरे ओवरब्रिज के नीचे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बुढ़ार से पाली की ओर जा रही ट्रक-चेसिस की चपेट में आने से बाइक सवार कारण नायक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन को सड़क से नीचे उतारकर मौके से भाग निकला। घायल को स्थानीय लोगों की मदद से ऑटो के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
बाइक सवार छतवई की ओर से ओवरब्रिज के नीचे से होते हुए शहडोल आ रहा था। इसी दौरान बुढ़ार से पाली की ओर जा रही ट्रक-चेसिस ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक-चेसिस को थाने ले जाने का प्रयास किया, लेकिन इसमें सफलता नहीं मिली। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त बाइक को थाने ले जाने की तैयारी की जा रही थी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने अधूरे ओवरब्रिज को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि यदि पुल चालू हो गया होता तो बड़े वाहन ऊपर से गुजरते और नीचे छोटे वाहनों के लिए खतरा कम होता। फिलहाल पुल का निर्माण अधूरा होने के कारण भारी वाहन भी नीचे से गुजरते हैं, जिससे बाइक और अन्य छोटे वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
समाचार 05 फ़ोटो 05
तीसरी रेल लाइन की मिट्टी बही, एक मानसून भी नहीं झेल सकी मिट्टी की भराई, रेल सुरक्षा व गुणवत्ता पर सवाल
उमरिया
मुदरिया–घुंघुटी रेलखंड के बीच अमोला पुल के समीप तीसरी रेल लाइन के किनारे किए गए मिट्टी भराई कार्य में कथित अनियमितताओं का मामला सामने आया है। रेलवे खंभा क्रमांक 939/29A से 941/9A के बीच मानसून से पूर्व कराए गए मिट्टी भराई कार्य में बरती गई लापरवाही के कारण बारिश के दौरान कई स्थानों पर बड़े-बड़े कटाव हो गए तथा अनेक जगहों से मिट्टी बह गई।
स्थानीय स्तर पर सामने आई इस स्थिति ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जाता है कि मानसून से पहले रेलवे अधिकारियों एवं संबंधित ठेकेदार द्वारा पटरी किनारे मिट्टी भराई का कार्य कराया गया था, लेकिन पहली ही बारिश में मिट्टी का बह जाना कार्य में उचित कॉम्पेक्शन (मिट्टी का निर्धारित मानकों के अनुसार घनीकरण) और आवश्यक सुरक्षा उपायों की गुणवत्ता की जांच की मांग करता है।
रेलवे की आधारभूत संरचनाओं में निर्माण की गुणवत्ता और संरक्षा सर्वोपरि होती है। संबंधित स्थल पर हुए कटाव से यह स्पष्ट है कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं स्वीकृत तकनीकी प्रावधानों के अनुरूप नहीं किया गया।
अमोला पुल के समीप प्रभावित रेलखंड में मिट्टी के कटाव को देखते हुए आगामी मानसून से पहले आवश्यक मरम्मत एवं सुरक्षा कार्य कराए जाने की मांग उठ रही है। यदि समय रहते प्रभावित स्थानों का निरीक्षण कर कटाव रोकने के उपाय नहीं किए गए, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। ट्रेनों के परिचालन पर भी खतरे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। नागरिकों ने रेल प्रशासन से मांग की है कि ठेकेदार द्वारा किए गए कार्यों की जांच की जाए।
समाचार 06 फ़ोटो 06
आंगनबाड़ी केन्द्र में चोरी का फरार आरोपी गिरफ्तार
अनूपपुर
कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्र में चोरी के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आंगनबाड़ी केन्द्र भरियाटोला सकरा की कार्यकर्ता मंती बैगा पिता मुन्ना बैगा उम्र 31 वर्ष निवासी पटेल मोहल्ला सकरा ने शिकायत दर्ज कराई की 27 जुलाई 2026 की रात्रि में आंगनबाड़ी केन्द्र में लगे शासकीय एल.ई.डी. टी.वी., आरो तथा बर्तन व वजन करने की मशीन को कोई अज्ञात चोर चोरी कर ले गया है। जिस पर कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 454/26 धारा 331(4), 305(e) बी.एन.एस. का पंजीबद्ध कर आरोपी गोलू उर्फ आकाशा बैगा , अजय बैगा, दद्दा बैगा को गिरफ्तार कर चोरी का सामान व घटना में ताला तोड़ने में प्रयुक्त लोहे की राड व दो मोटर सायकलो को जप्त कर आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जिला जेल भेजा गया था। मामले के फरार आरोपी मिथुन उर्फ दुपेन्द्र चौधरी पिता स्व. रोहणी प्रसाद चौधरी उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम पटनाकला थाना चचाई जिला अनूपपुर को गिरफ्तार कर चोरी किया गया वजन करने का मशीन जप्त कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
समाचार 07 फ़ोटो 07
घर में विस्फोटक फेंककर युवती को घायल करने वाले आरोपी गिरफ्तार
उमरिया
थाना चंदिया क्षेत्रांतर्गत ग्राम कोयलारी में 14 अक्टूबर 2026 की रात्रि को घर में विस्फोटक पदार्थ फेंकने की घटना सामने आई । विस्फोट के कारण फरियादी की लड़की गंभीर रूप से घायल हुई तथा कमरे में बिछा गद्दा एवं युवती के कपड़े भी जल गए । घायल युवती को उपचार हेतु जिला चिकित्सालय उमरिया ले जाया गया, जहाँ से चिकित्सकों द्वारा मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किए जाने पर उसका उपचार कराया गया।
घटना की सूचना पर थाना चंदिया में अपराध क्रमांक दर्ज कर धारा 331(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 3, 4, 5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, 1884 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र में सघन छानबीन की गई । साक्ष्यों के आधार पर संदेहियों को चिन्हित किया गया । संदेही रोहित बर्मन निवासी ग्राम विलायत खुर्द, थाना बड़वारा, जिला कटनी से बारीकी से पूछताछ की गई । पूछताछ के दौरान अन्य साथियों मोहित बर्मन एवं बबलू खान से विस्फोटक सामग्री प्राप्त करने तथा फरियादी के घर में विस्फोटक सामग्री फेंकने की घटना कारित करना स्वीकार किया । मामले में बीडीडीएस (बम निरोधक दस्ता) शहडोल द्वारा घटनास्थल से विस्फोटक पदार्थ जप्त किया गया। पुलिस द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। आरोपी रोहित बर्मन के कब्जे से एक मोटोरोला मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त साइकिल जप्त की गई।
समाचार 08 फोटो 08
परमहंस आश्रम कलश यात्रा के साथ सप्त दिवसीय महापुराण कथा का शुभारंभ
अनूपपुर
प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक तीर्थ स्थल तथा पर्यटन केंद्र पवित्र नगरी अमरकंटक में कार्तिक मास के पावन अवसर पर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना से परिपूर्ण श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। परमहंस आश्रम अमरकंटक में आयोजित होने वाले इस सप्त दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ विशाल कलश यात्रा एवं विधि-विधानपूर्वक भागवत पूजन के साथ शुभारंभ हुआ। मां नर्मदा के पावन उद्गम क्षेत्र में आयोजित इस कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, भक्तों की अटूट आस्था तथा श्रीमद्भागवत के आध्यात्मिक संदेशों का श्रवण करने का अवसर प्राप्त हो रहा है।
भागवत मर्मज्ञ पंडित संतोष शास्त्री महाराज, मंडला के श्रीमुख से कथा का संगीतमय रसपान कराया जाएगा। सात दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में संगीतमय प्रवचन के माध्यम से श्रीमद्भागवत महापुराण में वर्णित विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा। कथा के दौरान श्रद्धालु भगवान की लीलाओं के साथ भक्ति, धर्म, सदाचार, प्रेम, करुणा और मानव जीवन के आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़े प्रसंगों का श्रवण करेंगे।
आयोजन की निर्धारित रूपरेखा के अनुसार प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से 11 बजे तक भागवत पूजन तथा दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक संगीतमय कथा एवं प्रवचन होंगे।
समाचार 09
23 प्रकरणों में 8 लाख का अर्थदंड अधिरोपित
शहडोल
कलेक्टर पार्थ जायसवाल के निर्देषानुसार जिले में खनिजो के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण में निरंतर कार्यवाही की जा रही है। जिला खनिज अधिकारी राहुल शाडिल्य ने जानकारी दी है कि खनिज विभाग द्वारा संयुक्त रूप से कार्यवाहियों कर माह सितम्बर तथा अक्टूबर 2026 में अवैध परिवहन, भण्डारण के 23 प्रकरणों का कलेक्टर न्यायालय द्वारा निराकृत किये गए। निराकृत प्रकरणों में कलेक्टर न्यायालय द्वारा 8,02,150 रूपये अर्थदंड के रूप में जमा कराया गया।