दो बाइक आमने सामने टकराई दो घायल, पीकप की टक्कर से सुअर की हुई मौत, वाहन पलटा


उमरिया

जिले के इंदवार थाना क्षेत्र के चिल्हारी गांव में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। यह हादसा हायर सेकंडरी स्कूल के पास हुआ। इसमें दो लोग घायल हो गए।

बाइक क्रमांक एमपी 18 जेडए 4739 और यूपी 85 एएस 3913 के बीच भिड़ंत हुई। हादसे में मानपुर निवासी रामकमल गुप्ता घायल हो गए, जिन्हें बरही अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है। दूसरा घायल एंबुलेंस से अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उतरकर भाग गया। उसने अपना इलाज नहीं कराया।

घटना की खबर मिलने पर 108 एंबुलेंस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। डायल 112 में मौजूद आरक्षक शैलेन्द्र गुर्जर ने घायलों को बरही अस्पताल पहुंचाने में मदद की।


उमरिया जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर वन्यजीवों की सुरक्षा और सड़क हादसों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। पाली के पास रात एक तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से जंगली सूअर की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हादसे के बाद पिकअप भी अनियंत्रित होकर पलट गई। लेकिन शनिवार सुबह जब वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची, तो वहां न दुर्घटनाग्रस्त पिकअप का कोई पता था और न ही जंगली सूअर का शव मिला। मौके पर केवल खून के निशान ही दिखाई दिए।

पाली के नजदीक पिकअप क्रमांक MP 54 GA 0823 ने सड़क पार कर रहे या सड़क पर मौजूद जंगली सूअर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वन्यजीव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के दौरान पिकअप के पलटने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि, घटना के बाद वाहन और मृत वन्यजीव का शव घटनास्थल से हटाए जाने के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है।

मामले को लेकर सहायक परिक्षेत्र अधिकारी रोहिणी सिंह ने बताया कि वन विभाग को दुर्घटनाग्रस्त पिकअप का पंजीयन नंबर मिल गया है। वाहन क्रमांक MP 54 GA 0823 के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। इसके साथ ही चंदिया वन परिक्षेत्र को भी घटना की सूचना दे दी गई है। संबंधित वाहन के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी और पिकअप को जब्त किया जाएगा। 

संयुक्त ठेकेदारी मजदूर यूनियन सीटू की हुंकार: ‘वोट चोर गद्दी छोड़, सीईसी ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ के लगाएं नारे


अनूपपुर

बढ़ती आर्थिक असमानता, मजदूरों के शोषण और उनके अधिकारों पर हो रहे हमलों के खिलाफ संयुक्त ठेकेदारी मजदूर यूनियन सीटू ने पुष्पराजगढ़ के ग्राम पंचायत लखौरा में सभा आयोजित की। इस दौरान ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ और ‘सीईसी ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ के नारे लगाए गए।

सभा को संबोधित करते हुए संयुक्त ठेकेदारी मजदूर यूनियन सीटू नेता जुगुल किशोर राठौर ने कहा कि केवल सत्ता परिवर्तन से बदलाव नहीं आएगा, बल्कि जनविरोधी नीतियों में परिवर्तन जरूरी है। उन्होंने पूंजीवादी व्यवस्था के विकल्प के रूप में समाजवाद को अपनाने की बात कही और मजदूरों से संगठित होकर संघर्ष तेज करने की अपील की।

संयुक्त ठेकेदारी मजदूर यूनियन सीटू महासचिव सहसराम चौधरी ने बताया कि दो वर्षों के संघर्ष के बाद ओडिशा की रुंगटा माइन में काम करने वाले 14 मजदूरों को 10,70,971 रुपये का बकाया वेतन दिलाया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे बड़े काम सीटू या सीटू से सम्बद्ध युनियन ही कर सकती हैं उन्होंने कहा कि संगठित संघर्ष के जरिए मजदूर अपने अधिकार हासिल कर सकते हैं।

उपसरपंच मदन सिंह उईके ने सीएमआर इंफ्रास्ट्रक्चर प्राईवेट लिमिटेड पर नल-जल योजना में काम कर रहे मजदूरों के शोषण का आरोप लगाया। उन्होंने 5 नवंबर 2026 को जैतहरी एसडीएम कार्यालय और 1 से 3 दिसंबर तक दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शनों में शामिल होने का आह्वान किया।

भूमि नामांतरण के लिए पटवारी पर रुपए लेने का लगा आरोप, 8 माह बाद भी नही हुआ नामांतरण, कलेक्टर से शिकायत


अनूपपुर

जिले की अनूपपुर तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत फुनगा में भूमि नामांतरण नहीं किए जाने का मामला सामने आया है। ग्राम कर्राटोला निवासी चोखेलाल सिंह ने फुनगा हल्का पटवारी दीनदयाल टांडिया पर नामांतरण के एवज में 1500 रुपये लेने के बावजूद नामांतरण नहीं करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने कलेक्टर अनूपपुर को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की जांच कराने और संबंधित पटवारी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, ग्राम फुनगा स्थित भूमि खसरा नंबर 82/1/2/2, रकबा 0.680 हेक्टेयर के रिकॉर्ड में सुधार के लिए प्रकरण क्रमांक 0243/अ-6अ/2025-26 में अनुविभागीय अधिकारी अनूपपुर द्वारा 5 फरवरी 2026 को आदेश जारी किया गया था। आवेदक का आरोप है कि आदेश की सत्यापित प्रति संबंधित हल्का पटवारी को उपलब्ध कराने के बाद भी भूमि का नामांतरण नहीं किया गया।

आवेदक चोखेलाल सिंह का आरोप है कि नामांतरण के लिए पटवारी ने उनसे 1500 रुपये की मांग की थी। उनके अनुसार, राशि देने के बावजूद बार-बार जानकारी लेने पर भी काम पूरा नहीं हुआ। शिकायतकर्ता का कहना है कि वह पिछले आठ महीने से परेशान है और अपने भूमि संबंधी कार्य के लिए लगातार चक्कर लगा रहा है।

आवेदक ने 23 अक्टूबर 2026 को कलेक्टर अनूपपुर के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर भूमि का नामांतरण कराने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित पटवारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget