समाचार 01 फोटो 01

एकादशी के धार्मिक पर्व में समुद्री तूफान ‘अकवन’ का जिले में असर, रुक-रुक कर हो रही वर्षा, बढ़ी ठंड

अनूपपुर

जिला मुख्यालय अनूपपुर समेत पूरे जिले में सुबह से रुक रुककर बारिश हो रही हैं। वही पवित्र नगरी अमरकंटक में समुद्री तूफान ‘अकवन’ का प्रभाव दिखाई देने लगा है। मौसम में आए बदलाव के चलते नगर में रुक-रुक कर वर्षा हो रही है, वहीं आसमान में छाए घने बादलों और ठंडी हवाओं के प्रभाव से तापमान में गिरावट आई है। अचानक बदले मौसम ने पवित्र नगरी को ठंड के आगोश में ले लिया है।

19 नवंबर 2026 को दोपहर से ही अमरकंटक के नीले आसमान पर घने काले बादलों ने अपना डेरा जमा लिया था। इसके पूर्व लगातार तीन दिनों तक तूफान के प्रभाव से ठंडी हवाएं चलती रहीं। वहीं 20 नवंबर, शुक्रवार की सुबह लगभग 5 बजे से रुक-रुक कर वर्षा का सिलसिला शुरू हो गया। शुक्रवार को हवाओं की गति अपेक्षाकृत शांत रही, लेकिन बीच-बीच में होती वर्षा और आसमान में छाए बादलों के कारण ठंड का एहसास लगातार बढ़ता रहा।

20मौसम के इस बदलाव से सुबह और दिन के समय भी ठंड का असर महसूस किया जा रहा है। स्थानीय नागरिकों के साथ यहां पहुंचने वाले श्रद्धालु एवं पर्यटक भी बदले मौसम के कारण गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आ रहे हैं।

कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी, जिसे देवउठनी एकादशी, देवोत्थान एकादशी एवं प्रबोधिनी एकादशी के दिन वर्षा होने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बाजार में बरसते पानी में लोग सामान खरीदते नजर आए।

समाचार 02 फोटो 02

विकसित भारत यंग लीडर्स कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने दिखाया उत्साह, मेडल व प्रमाण पत्र से किया सम्मानित

अनूपपुर

मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में 20 नवंबर 2026 को विकसित भारत यंग लीडर्स कार्यक्रम के द्वितीय चरण के अंतर्गत निबंध एवं पीटी चैलेंज ट्रैक प्रतियोगिता का आयोजन प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज, तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर में किया गया। कार्यक्रम में जिले के 17 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में प्रथम से लेकर छठवां स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं सभी प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र दिए गए। प्रतियोगिता के निर्णायकों को भी ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में प्रोजेक्टर के माध्यम से पीपीटी प्रस्तुति द्वारा विकसित भारत यंग लीडर्स कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं गतिविधियों को सारगर्भित ढंग से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन विकासखंड युवा समन्वयक जैतहरी, स्टेट रेफरी एवं नेशनल वॉलीबॉल ट्रेनर दिनेश कुमार सिंह चंदेल ने किया। अंत में जिला खेल प्रशिक्षक रामचंद्र यादव ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच, बौद्धिक विकास एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति सक्रिय भागीदारी की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।

समाचार 03 फोटो 03

स्वर्गीय रमेश्वर पटेल की स्मृति में होगा क्रिकेट टूर्नामेंट, आयोजन की रूपरेखा तैयार

अनूपपुर 

अमलाई क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को खेल के प्रति जोड़ने के उद्देश्य से स्वर्गीय रमेश्वर पटेल की पावन स्मृति में क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर अमलाई स्टेडियम में आयोजक मंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, पत्रकारों एवं आम नागरिकों को आमंत्रित कर आयोजन के संबंध में उनके सुझाव और विचार आमंत्रित किए गए।

बैठक में उपस्थित लोगों ने क्रिकेट टूर्नामेंट को सफल एवं व्यवस्थित बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव रखे। आयोजक मंडल के सदस्यों ने भी आयोजन की रूपरेखा, खिलाड़ियों की सहभागिता, खेल व्यवस्था, सम्मान समारोह एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की। सभी की सहमति और सुझावों को ध्यान में रखते हुए सामूहिक रूप से कार्यक्रम को भव्य स्वरूप में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

आयोजक मंडल द्वारा बताया गया कि टूर्नामेंट में खेल प्रतिभाओं एवं विशिष्ट व्यक्तित्वों का सम्मान, खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल सुविधाएं तथा खेल भावना को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम भी शामिल रहेंगे। प्रतियोगिता में 16 टीमों की सहभागिता प्रस्तावित है। टूर्नामेंट की अंतिम तिथि एवं विस्तृत कार्यक्रम को लेकर आगामी बैठक में निर्णय लिया जाएगा।

बैठक के दौरान आयोजक मंडल ने उपस्थित सभी अतिथियों, पत्रकारों, समाजसेवियों एवं नागरिकों का आत्मीय स्वागत किया। सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित इस गोलमेज बैठक में सभी ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सहयोग देने की बात कही।

समाचार 04 फोटो 04

रेलवे साइडिंग में कोयले में डस्ट मिलाकर मिलावट के साथ हेराफेरी का मामला गर्माया, उच्चस्तरीय जांच की मांग

*सफेदपोश नेता व हनुमान, नब्बू, दीपू पर बरस रही साईं कृपा*

शहडोल

शहडोल जिले के अंतर्गत आने वाले अमलाई स्थित रेलवे गुड्स यार्ड और साइडिंग में कोयले के परिवहन में कथित अनियमितता और मिलावट का एक गंभीर मामला सामने आया है। स्थानीय स्तर पर साझा की गई जानकारी और चर्चाओं के अनुसार, रात के अंधेरे में कोयले की गुणवत्ता के साथ छेड़छाड़ कर उसे विभिन्न पावर प्लांटों में भेजे जाने के आरोप लग रहे हैं। 

कोयला खदानों से डिलीवरी ऑर्डर (डीओ) के माध्यम से वैध रूप से कोयला उठाने की आड़ में यह पूरा खेल चल रहा है। आरोप है कि अमलाई रेलवे साइडिंग में निर्धारित मात्रा से अधिक कोयले का संग्रहण किया जाता है। इसके बाद रात के समय बड़ी मशीनों और पोकलैंन की मदद से अच्छे गुणवत्ता वाले कोयले में पत्थर, मिट्टी और कोयले का चूरा (डस्ट) बड़े पैमाने पर मिलाया जाता है। इस मिलावटी कोयले को मालगाड़ियों (रैक) के माध्यम से सीधे पावर प्लांटों को भेजा जा रहा है, जिससे न केवल बिजली उत्पादन की क्षमता प्रभावित हो रही है, बल्कि सरकारी राजस्व और उपकरणों को भी भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है।

इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू कोयले की गुणवत्ता जांच (सैंपलिंग) से जुड़ा है। नियमों के तहत किसी भी पावर प्लांट में कोयला पहुंचने से पहले और वहां पहुंचने के बाद लैब में उसके सैंपल की जांच की जाती है। आरोप है कि इस काम में लगी संबंधित फर्म (जिसका नाम 'साइन कृपा' बताया जा रहा है) और उससे जुड़े संचालकों की पहुंच पावर प्लांट के लैब टेक्नीशियन से लेकर उच्च अधिकारियों तक है। इसी कथित मिलीभगत के चलते खराब, पत्थरयुक्त और कचरा मिले कोयले के सैंपल भी बिना किसी रुकावट के पास कर दिए जाते हैं।

सिंडिकेट के पीछे धनपुरी क्षेत्र के एक सफेदपोश नेता और कुछ स्थानीय संचालकों (जिनमें हनुमान और दीपू नामक व्यक्तियों के नाम सामने आ रहे हैं) की मुख्य भूमिका बताई जा रही है। आरोप है कि इन लोगों के संरक्षण में ही रेलवे साइडिंग जैसे संवेदनशील क्षेत्र में बेखौफ होकर भारी मशीनों से कोयले की मिक्सिंग की जा रही है और जिम्मेदार प्रशासनिक व रेलवे अधिकारी इस ओर से आंखें मूंदे हुए हैं। स्थानीय नागरिक और जागरूक लोग इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। 

समाचार 05 फोटो 05

सहायक प्राध्यापक के सूने घर में चोरो ने बोला धावा, 2 लाख व सोने के अभूषण तिजोरी के साथ लेकर हुए फरार 

शहडोल 

शहर की एमआर सिटी कॉलोनी में चोरों ने एक सहायक प्राध्यापक के सूने मकान को निशाना बनाया और घर के अंदर रखी गोदरेज की तिजोरी ही उखाड़कर ले गए। तिजोरी में दो लाख रुपये नकद के अलावा सोने-चांदी के कीमती आभूषण रखे हुए थे। बदमाशों ने घर में दाखिल होने के बाद एक-एक कर कमरों के ताले तोड़े और इत्मीनान से वारदात को अंजाम दिया। चोरी की यह पूरी गतिविधि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। फुटेज में तीन संदिग्ध व्यक्तियों के तिजोरी ले जाते दिखाई देने की बात सामने आई है।

जयकांत गुप्ता कन्या महाविद्यालय में सहायक प्राध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। मकान में ताला लगाकर बाहर गए थे। घर की देखरेख और सफाई के लिए एक नौकरानी को चाबी दे रखी थी। जब नौकरानी नियमित सफाई के लिए मकान पहुंची तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर की हालत देखकर उसने तत्काल आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।

जयकांत गुप्ता के मित्र और पड़ोसी मकान के अंदर पहुंचे। वहां का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए। मुख्य दरवाजे से लेकर अंदर के कमरों तक के ताले टूटे हुए थे और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि नीचे के कमरे में रखी गोदरेज की तिजोरी गायब है। उसमें रखी नकदी और लाखों रुपये के जेवर भी चोर अपने साथ ले गए। मामले में फरियादी गोकुल प्रसाद गुप्ता की शिकायत पर सोहागपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।

समाचार 06 फोटो 06

कोयला खदान के लिए, बजरंग पावर पर तालाब पाटने का लगा आरोप, ग्रामीणों ने काम बंद करने की मांग

उमरिया 

घुनघुटी क्षेत्र में संचालित बजरंग पावर की कोयला खदान के लिए गिठौरी गांव के पारंपरिक निस्तारी तालाब में मिट्टी डालकर उसका एक हिस्सा पाटने का आरोप लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि कंपनी गांव के एकमात्र जलस्रोत को नुकसान पहुंचाकर सड़क बना रही है। इसके विरोध में करीब 250 की आबादी वाले गांव के महिला, पुरुष और युवा पिछले तीन दिनों से तालाब की मेड़ पर बैठकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक, तालाब का उपयोग लंबे समय से गांव के लोग अपनी दैनिक जरूरतों और मवेशियों को पानी पिलाने के लिए करते आ रहे हैं। तालाब के आसपास ग्रामीणों की खेती की जमीन भी है। आरोप है कि कंपनी ने सड़क निर्माण के लिए तालाब में मिट्टी डलवाकर उसका स्वरूप बदल दिया है। इससे आने वाले समय में गांव में पानी का संकट खड़ा हो सकता है। मवेशियों के लिए पानी की व्यवस्था प्रभावित होने के साथ ग्रामीणों के पारंपरिक कार्यों पर भी असर पड़ेगा।

कंपनी उनकी चारागाह की जमीन पर भी कब्जा कर रही है। उनका कहना है कि तालाब और खेतों को नुकसान पहुंचने से आने वाली पीढ़ियों के सामने भी परेशानी खड़ी होगी। ग्रामीणों के मुताबिक, यह तालाब 50 साल से अधिक पुराना है और गांव की जरूरतों का प्रमुख आधार है। इसे किसी भी स्थिति में खत्म नहीं होने दिया जाएगा।

ग्रामीणों ने बताया कि कंपनी के कर्मचारियों और गांव के लोगों के बीच विवाद की स्थिति भी बनी। इसके बाद उन्होंने घुनघुटी चौकी पहुंचकर कंपनी का काम बंद कराने की मांग की।

समाचार 07 फोटो 07

फरसा लेकर घर में घुसने का किया प्रयास, दो आरोपियों पर मामला दर्ज, पुलिस जांच में जुटी

शहडोल

बुढार थाना क्षेत्र की केशवाही चौकी अंतर्गत ग्राम मझौली का है, जहां फरसा लेकर पहुंचे दो आरोपियों ने एक घर में घुसने का प्रयास किया। लेकिन घर की महिलाओं ने दरवाजे पर ढाल बनकर खड़े होते हुए बदमाशों का मुकाबला किया और उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। महिलाओं की तत्परता से एक बड़ी घटना टल गई, ऐसे में फरसे लेकर घर में घुसने की कोशिश ने इलाके में सुरक्षा और कानून के खौफ को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बुढार थाना क्षेत्र के केशवाही चौकी अंतर्गत ग्राम ग्राम मझौली के रहने वाले राकेश पटेल के घर  बीती रात अरुण पटेल और धर्मेंद्र शर्मा धारदार फरसा लेकर उसके घर पहुंचे, आरोप है कि दोनों ने घर में घुसने की कोशिश की, लेकिन परिवार की महिलाएं तत्काल दरवाजे पर आकर खड़ी हो गईं और उन्हें अंदर प्रवेश करने से रोक दिया, इसके बाद आरोपियों ने दरवाजे के सामने जमकर गाली-गलौज की और राकेश पटेल को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके पर दहशत का माहौल पैदा कर दिया,घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया, दोनों आरोपियों अरुण पटेल और धर्मेंद्र शर्मा के खिलाफ अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

वहीं इस पूरे मामले एसडीओपी विकास पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि केशवाही चौकी क्षेत्र के रूपौला गाँव की घटना है, जिसमें अरुण पटेल और धर्मेंद्र शर्मा घर पर जाकर फ़रसी से लोगों को डरा रहे थे और मारपीट की है। इनके विरुद्ध चौकी केशवाही, थाना बुढ़ार में मामला पंजीबद्ध किया है और विवेचना में लिया गया है।

समाचार 08 फोटो 08

देवउठनी एकादशी पर 50 सदस्यीय यादव दल ने किया दिवारी नृत्य-गायन

अनूपपुर 

अमरकंटक में कार्तिक शुक्ल पक्ष की देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर यादव समाज की पारंपरिक लोकसंस्कृति और दिवारी उत्सव की अनूठी छटा देखने को मिली। इस अवसर पर डिंडोरी जिले के बजाग विकासखंड अंतर्गत ग्राम सिंहपुर से आए लगभग 50 सदस्यीय यादव दल ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा, लोकवाद्य यंत्रों और मनमोहक नृत्य-गायन के माध्यम से सनातन परंपरा एवं लोकसंस्कृति की जीवंत प्रस्तुति दी।

यादव समाज के पुरुषों, बालिकाओं एवं बालकों से सजे इस दल ने सर्वप्रथम पतित पावनी मां नर्मदा के उद्गम मंदिर पहुंचकर पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप और लोकगीतों के साथ नृत्य प्रस्तुत किया। मां नर्मदा के चरणों में श्रद्धा अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात मंदिर परिसर से बाहर निकलकर नगर के व्यापारियों एवं दुकानदारों के प्रतिष्ठानों के सामने भी पारंपरिक दिवारी नृत्य और गायन की प्रस्तुति दी। इस दौरान दुकानदारों एवं नगरवासियों ने श्रद्धापूर्वक उन्हें उपहार, इनाम और बख्शीश भेंट की। यादव दल के सदस्यों ने अपनी सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपरा के अनुरूप सभी को मंगलकामनाओं के साथ आशीर्वाद और शुभाशीष प्रदान किया।


प्रसव, मारपीट, छात्रावास, जाति प्रमाण पत्र व मौत के पांच मामलों में मानव अधिकार आयोग ने माँगा जवाब

*समाचार पत्रों में प्रकाशन के बाद आयोग ने लिया संज्ञान*


भोपाल

प्रदेश के रतलाम, मंदसौर और नीमच जिले में रहने वाले बांछड़ा समुदाय के बच्‍चों को जाति प्रमाण पत्र, बेहतर शिक्षा, नौकरी एवं अन्य मूलभूत शासकीय योजनाओं से वंचित रहने का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के इन जिलों में बांछड़ा समुदाय के बच्‍चों के दस्तावेजों में पिता का नाम नहीं होने के कारण उन्‍हें शिक्षा के दौरान मिलने वाली छात्रवृत्ति, नौकरी एवं जाति प्रमाण-पत्र नहीं बन पा रहा है। सामाजिक परिस्थितियों के कारण कई पुरुष महिलाओं का साथ छोड़ जाते है, इस कारण बच्‍चों के दस्‍तावेजों में सिर्फ मां का नाम ही होता है, इस कारण उन्हें अन्य दस्तावेज नहीं बन पाते है। इस कारण वह कई चीजों से वंचित रह जाता है। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर, जिला रतलाम, मंदसौर और नीमच से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन तीन सप्‍ताह में मांगा है।

*प्रसव के बाद महिला के शरीर के अंदर छोड़े कपड़े*

छिंदवाड़ा जिले के सामुदायिक केंद्र दमुआ में प्रसव के दौरान एक महिला के साथ गंभीर लापरवाही होने का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार महिला के प्रसव के दौरान सफाई में इस्तेमाल किये गये पैड, पेपर और कपड़े के कुछ हिस्से महिला के शरीर के अंदर ही छोड़ दिये गये थे, जिससे महिला को दर्द से परेशानी का सामना करना पड़ा है। महिला के परिजनों का कहना है कि अस्पताल प्रबंधन ने महिला के प्रसव लापरवाही पूर्वक किया और डिस्‍चार्ज प्रक्रिया में भी लापरवाही की गई। मामले में संज्ञान लेकर मध्‍यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने मुख्‍य चिकित्‍सा एवं स्‍वास्‍थ्‍य अधिकारी, छिंदवाड़ा से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन एक सप्‍ताह में मांगा है।

*स्पोर्ट्स टीचर ने की विद्यार्थियों के साथ मारपीट*

छिंदवाड़ा जिले के निर्मल पब्लिक स्कूल में कक्षा आठवीं के दो विद्यार्थियों के साथ स्पोर्ट्स टीचर द्वारा बेरहमी से मारपीट किये जाने का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार स्‍कूल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान स्पोर्ट्स ने बच्‍चों पर लकड़ी से ताबड़तोड़ वार किये, जिससे दोनों विद्यार्थियों को चोटे आई है। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने जिला शिक्षा अधिकारी, छिंदवाड़ा से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन दो सप्‍ताह में मांगा है।

*छात्रावास में भोजन में लापरवाही*

मंडला जिले के मुआबिछिया में शासकीय माता शबरी कन्‍या शिक्षा परिसर बिछिया में छात्रावास में छात्राओं को समय पर भोजन नही मिलने का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार छात्रावास में रहने वाली छात्राओं को समय पर पर्याप्त और गुणवत्तापूर्ण भोजन नहीं मिल रहा है। वहां पहले बाहरी लोगों को भोजन दिया जाता है और इसके बाद फिर छात्राओं को दिया जा रहा है। छात्राओं का कहना है कि  उन्‍हें जो भोजन दिया जा रहा है वह गुणवत्ताहीन और अपर्याप्‍त है। इस कारण कई छात्राओं को समस्या का सामना करना पड़ता है। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने जिला शिक्षा अधिकारी, मंडला से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन एक सप्‍ताह में मांगा है।

*मुरम की खदान धंसने से युवक की हुई मृत्‍यु*

छतरपुर जिले के बड़ामलहरा के बमनौरा थाना क्षेत्र के देवपुर में मुरम की खदान धंसने से एक 32 वर्षीय युवक की मृत्‍यु होने की घटना सामने आई है। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर, छतरपुर से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन तीन सप्‍ताह में मांगा है।

शराब के नशे में तालाब के पास बैठे युवक को ठंड लगने के कारण हुई मौत


शहडोल  

सिंहपुर थाना क्षेत्र में ठंड लगने से 35 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि युवक शराब के नशे में रातभर तालाब के किनारे बैठा रहा और ठंड से कांपता रहा। सुबह ग्रामीणों ने उसे इस हालत में देखा तो परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे घर ले गए और आग जलाकर व गर्म कपड़े पहनाकर शरीर गर्म करने की कोशिश की। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान सूरज कोल पिता भइयालाल कोल 35 वर्ष निवासी ग्राम अर्झला, थाना खैरहा, हाल निवासी एताझर के रूप में हुई है। बताया गया कि सूरज पिछले पांच वर्षों से अपने ससुराल एताझर में रह रहा था। वह घर से किसी काम के सिलसिले में शहडोल जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन रातभर वापस नहीं लौटा।

तड़के वह दूधि तालाब के पास बैठा ठंड से कांपता मिला। गांव के एक व्यक्ति ने उसे पहचानकर उसके ससुर को सूचना दी। इसके बाद पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य गर्म कपड़े लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने आग जलाकर उसे गर्म करने का प्रयास किया और फिर घर ले गए। हालत में सुधार नहीं होने पर उसे सिंहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget