शराब के नशे में तालाब के पास बैठे युवक को ठंड लगने के कारण हुई मौत
शहडोल
सिंहपुर थाना क्षेत्र में ठंड लगने से 35 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि युवक शराब के नशे में रातभर तालाब के किनारे बैठा रहा और ठंड से कांपता रहा। सुबह ग्रामीणों ने उसे इस हालत में देखा तो परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे घर ले गए और आग जलाकर व गर्म कपड़े पहनाकर शरीर गर्म करने की कोशिश की। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान सूरज कोल पिता भइयालाल कोल 35 वर्ष निवासी ग्राम अर्झला, थाना खैरहा, हाल निवासी एताझर के रूप में हुई है। बताया गया कि सूरज पिछले पांच वर्षों से अपने ससुराल एताझर में रह रहा था। वह घर से किसी काम के सिलसिले में शहडोल जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन रातभर वापस नहीं लौटा।
तड़के वह दूधि तालाब के पास बैठा ठंड से कांपता मिला। गांव के एक व्यक्ति ने उसे पहचानकर उसके ससुर को सूचना दी। इसके बाद पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य गर्म कपड़े लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने आग जलाकर उसे गर्म करने का प्रयास किया और फिर घर ले गए। हालत में सुधार नहीं होने पर उसे सिंहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
