समाचार 01 फोटो 01
एकादशी के धार्मिक पर्व में समुद्री तूफान ‘अकवन’ का जिले में असर, रुक-रुक कर हो रही वर्षा, बढ़ी ठंड
अनूपपुर
जिला मुख्यालय अनूपपुर समेत पूरे जिले में सुबह से रुक रुककर बारिश हो रही हैं। वही पवित्र नगरी अमरकंटक में समुद्री तूफान ‘अकवन’ का प्रभाव दिखाई देने लगा है। मौसम में आए बदलाव के चलते नगर में रुक-रुक कर वर्षा हो रही है, वहीं आसमान में छाए घने बादलों और ठंडी हवाओं के प्रभाव से तापमान में गिरावट आई है। अचानक बदले मौसम ने पवित्र नगरी को ठंड के आगोश में ले लिया है।
19 नवंबर 2026 को दोपहर से ही अमरकंटक के नीले आसमान पर घने काले बादलों ने अपना डेरा जमा लिया था। इसके पूर्व लगातार तीन दिनों तक तूफान के प्रभाव से ठंडी हवाएं चलती रहीं। वहीं 20 नवंबर, शुक्रवार की सुबह लगभग 5 बजे से रुक-रुक कर वर्षा का सिलसिला शुरू हो गया। शुक्रवार को हवाओं की गति अपेक्षाकृत शांत रही, लेकिन बीच-बीच में होती वर्षा और आसमान में छाए बादलों के कारण ठंड का एहसास लगातार बढ़ता रहा।
20मौसम के इस बदलाव से सुबह और दिन के समय भी ठंड का असर महसूस किया जा रहा है। स्थानीय नागरिकों के साथ यहां पहुंचने वाले श्रद्धालु एवं पर्यटक भी बदले मौसम के कारण गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आ रहे हैं।
कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी, जिसे देवउठनी एकादशी, देवोत्थान एकादशी एवं प्रबोधिनी एकादशी के दिन वर्षा होने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बाजार में बरसते पानी में लोग सामान खरीदते नजर आए।
समाचार 02 फोटो 02
विकसित भारत यंग लीडर्स कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने दिखाया उत्साह, मेडल व प्रमाण पत्र से किया सम्मानित
अनूपपुर
मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में 20 नवंबर 2026 को विकसित भारत यंग लीडर्स कार्यक्रम के द्वितीय चरण के अंतर्गत निबंध एवं पीटी चैलेंज ट्रैक प्रतियोगिता का आयोजन प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज, तुलसी महाविद्यालय अनूपपुर में किया गया। कार्यक्रम में जिले के 17 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में प्रथम से लेकर छठवां स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं सभी प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र दिए गए। प्रतियोगिता के निर्णायकों को भी ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रोजेक्टर के माध्यम से पीपीटी प्रस्तुति द्वारा विकसित भारत यंग लीडर्स कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं गतिविधियों को सारगर्भित ढंग से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन विकासखंड युवा समन्वयक जैतहरी, स्टेट रेफरी एवं नेशनल वॉलीबॉल ट्रेनर दिनेश कुमार सिंह चंदेल ने किया। अंत में जिला खेल प्रशिक्षक रामचंद्र यादव ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच, बौद्धिक विकास एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति सक्रिय भागीदारी की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
समाचार 03 फोटो 03
स्वर्गीय रमेश्वर पटेल की स्मृति में होगा क्रिकेट टूर्नामेंट, आयोजन की रूपरेखा तैयार
अनूपपुर
अमलाई क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को खेल के प्रति जोड़ने के उद्देश्य से स्वर्गीय रमेश्वर पटेल की पावन स्मृति में क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर अमलाई स्टेडियम में आयोजक मंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, पत्रकारों एवं आम नागरिकों को आमंत्रित कर आयोजन के संबंध में उनके सुझाव और विचार आमंत्रित किए गए।
बैठक में उपस्थित लोगों ने क्रिकेट टूर्नामेंट को सफल एवं व्यवस्थित बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव रखे। आयोजक मंडल के सदस्यों ने भी आयोजन की रूपरेखा, खिलाड़ियों की सहभागिता, खेल व्यवस्था, सम्मान समारोह एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की। सभी की सहमति और सुझावों को ध्यान में रखते हुए सामूहिक रूप से कार्यक्रम को भव्य स्वरूप में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
आयोजक मंडल द्वारा बताया गया कि टूर्नामेंट में खेल प्रतिभाओं एवं विशिष्ट व्यक्तित्वों का सम्मान, खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल सुविधाएं तथा खेल भावना को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम भी शामिल रहेंगे। प्रतियोगिता में 16 टीमों की सहभागिता प्रस्तावित है। टूर्नामेंट की अंतिम तिथि एवं विस्तृत कार्यक्रम को लेकर आगामी बैठक में निर्णय लिया जाएगा।
बैठक के दौरान आयोजक मंडल ने उपस्थित सभी अतिथियों, पत्रकारों, समाजसेवियों एवं नागरिकों का आत्मीय स्वागत किया। सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित इस गोलमेज बैठक में सभी ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सहयोग देने की बात कही।
समाचार 04 फोटो 04
रेलवे साइडिंग में कोयले में डस्ट मिलाकर मिलावट के साथ हेराफेरी का मामला गर्माया, उच्चस्तरीय जांच की मांग
*सफेदपोश नेता व हनुमान, नब्बू, दीपू पर बरस रही साईं कृपा*
शहडोल
शहडोल जिले के अंतर्गत आने वाले अमलाई स्थित रेलवे गुड्स यार्ड और साइडिंग में कोयले के परिवहन में कथित अनियमितता और मिलावट का एक गंभीर मामला सामने आया है। स्थानीय स्तर पर साझा की गई जानकारी और चर्चाओं के अनुसार, रात के अंधेरे में कोयले की गुणवत्ता के साथ छेड़छाड़ कर उसे विभिन्न पावर प्लांटों में भेजे जाने के आरोप लग रहे हैं।
कोयला खदानों से डिलीवरी ऑर्डर (डीओ) के माध्यम से वैध रूप से कोयला उठाने की आड़ में यह पूरा खेल चल रहा है। आरोप है कि अमलाई रेलवे साइडिंग में निर्धारित मात्रा से अधिक कोयले का संग्रहण किया जाता है। इसके बाद रात के समय बड़ी मशीनों और पोकलैंन की मदद से अच्छे गुणवत्ता वाले कोयले में पत्थर, मिट्टी और कोयले का चूरा (डस्ट) बड़े पैमाने पर मिलाया जाता है। इस मिलावटी कोयले को मालगाड़ियों (रैक) के माध्यम से सीधे पावर प्लांटों को भेजा जा रहा है, जिससे न केवल बिजली उत्पादन की क्षमता प्रभावित हो रही है, बल्कि सरकारी राजस्व और उपकरणों को भी भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है।
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू कोयले की गुणवत्ता जांच (सैंपलिंग) से जुड़ा है। नियमों के तहत किसी भी पावर प्लांट में कोयला पहुंचने से पहले और वहां पहुंचने के बाद लैब में उसके सैंपल की जांच की जाती है। आरोप है कि इस काम में लगी संबंधित फर्म (जिसका नाम 'साइन कृपा' बताया जा रहा है) और उससे जुड़े संचालकों की पहुंच पावर प्लांट के लैब टेक्नीशियन से लेकर उच्च अधिकारियों तक है। इसी कथित मिलीभगत के चलते खराब, पत्थरयुक्त और कचरा मिले कोयले के सैंपल भी बिना किसी रुकावट के पास कर दिए जाते हैं।
सिंडिकेट के पीछे धनपुरी क्षेत्र के एक सफेदपोश नेता और कुछ स्थानीय संचालकों (जिनमें हनुमान और दीपू नामक व्यक्तियों के नाम सामने आ रहे हैं) की मुख्य भूमिका बताई जा रही है। आरोप है कि इन लोगों के संरक्षण में ही रेलवे साइडिंग जैसे संवेदनशील क्षेत्र में बेखौफ होकर भारी मशीनों से कोयले की मिक्सिंग की जा रही है और जिम्मेदार प्रशासनिक व रेलवे अधिकारी इस ओर से आंखें मूंदे हुए हैं। स्थानीय नागरिक और जागरूक लोग इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
समाचार 05 फोटो 05
सहायक प्राध्यापक के सूने घर में चोरो ने बोला धावा, 2 लाख व सोने के अभूषण तिजोरी के साथ लेकर हुए फरार
शहडोल
शहर की एमआर सिटी कॉलोनी में चोरों ने एक सहायक प्राध्यापक के सूने मकान को निशाना बनाया और घर के अंदर रखी गोदरेज की तिजोरी ही उखाड़कर ले गए। तिजोरी में दो लाख रुपये नकद के अलावा सोने-चांदी के कीमती आभूषण रखे हुए थे। बदमाशों ने घर में दाखिल होने के बाद एक-एक कर कमरों के ताले तोड़े और इत्मीनान से वारदात को अंजाम दिया। चोरी की यह पूरी गतिविधि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। फुटेज में तीन संदिग्ध व्यक्तियों के तिजोरी ले जाते दिखाई देने की बात सामने आई है।
जयकांत गुप्ता कन्या महाविद्यालय में सहायक प्राध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। मकान में ताला लगाकर बाहर गए थे। घर की देखरेख और सफाई के लिए एक नौकरानी को चाबी दे रखी थी। जब नौकरानी नियमित सफाई के लिए मकान पहुंची तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर की हालत देखकर उसने तत्काल आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी।
जयकांत गुप्ता के मित्र और पड़ोसी मकान के अंदर पहुंचे। वहां का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए। मुख्य दरवाजे से लेकर अंदर के कमरों तक के ताले टूटे हुए थे और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि नीचे के कमरे में रखी गोदरेज की तिजोरी गायब है। उसमें रखी नकदी और लाखों रुपये के जेवर भी चोर अपने साथ ले गए। मामले में फरियादी गोकुल प्रसाद गुप्ता की शिकायत पर सोहागपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।
समाचार 06 फोटो 06
कोयला खदान के लिए, बजरंग पावर पर तालाब पाटने का लगा आरोप, ग्रामीणों ने काम बंद करने की मांग
उमरिया
घुनघुटी क्षेत्र में संचालित बजरंग पावर की कोयला खदान के लिए गिठौरी गांव के पारंपरिक निस्तारी तालाब में मिट्टी डालकर उसका एक हिस्सा पाटने का आरोप लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि कंपनी गांव के एकमात्र जलस्रोत को नुकसान पहुंचाकर सड़क बना रही है। इसके विरोध में करीब 250 की आबादी वाले गांव के महिला, पुरुष और युवा पिछले तीन दिनों से तालाब की मेड़ पर बैठकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, तालाब का उपयोग लंबे समय से गांव के लोग अपनी दैनिक जरूरतों और मवेशियों को पानी पिलाने के लिए करते आ रहे हैं। तालाब के आसपास ग्रामीणों की खेती की जमीन भी है। आरोप है कि कंपनी ने सड़क निर्माण के लिए तालाब में मिट्टी डलवाकर उसका स्वरूप बदल दिया है। इससे आने वाले समय में गांव में पानी का संकट खड़ा हो सकता है। मवेशियों के लिए पानी की व्यवस्था प्रभावित होने के साथ ग्रामीणों के पारंपरिक कार्यों पर भी असर पड़ेगा।
कंपनी उनकी चारागाह की जमीन पर भी कब्जा कर रही है। उनका कहना है कि तालाब और खेतों को नुकसान पहुंचने से आने वाली पीढ़ियों के सामने भी परेशानी खड़ी होगी। ग्रामीणों के मुताबिक, यह तालाब 50 साल से अधिक पुराना है और गांव की जरूरतों का प्रमुख आधार है। इसे किसी भी स्थिति में खत्म नहीं होने दिया जाएगा।
ग्रामीणों ने बताया कि कंपनी के कर्मचारियों और गांव के लोगों के बीच विवाद की स्थिति भी बनी। इसके बाद उन्होंने घुनघुटी चौकी पहुंचकर कंपनी का काम बंद कराने की मांग की।
समाचार 07 फोटो 07
फरसा लेकर घर में घुसने का किया प्रयास, दो आरोपियों पर मामला दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
शहडोल
बुढार थाना क्षेत्र की केशवाही चौकी अंतर्गत ग्राम मझौली का है, जहां फरसा लेकर पहुंचे दो आरोपियों ने एक घर में घुसने का प्रयास किया। लेकिन घर की महिलाओं ने दरवाजे पर ढाल बनकर खड़े होते हुए बदमाशों का मुकाबला किया और उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। महिलाओं की तत्परता से एक बड़ी घटना टल गई, ऐसे में फरसे लेकर घर में घुसने की कोशिश ने इलाके में सुरक्षा और कानून के खौफ को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बुढार थाना क्षेत्र के केशवाही चौकी अंतर्गत ग्राम ग्राम मझौली के रहने वाले राकेश पटेल के घर बीती रात अरुण पटेल और धर्मेंद्र शर्मा धारदार फरसा लेकर उसके घर पहुंचे, आरोप है कि दोनों ने घर में घुसने की कोशिश की, लेकिन परिवार की महिलाएं तत्काल दरवाजे पर आकर खड़ी हो गईं और उन्हें अंदर प्रवेश करने से रोक दिया, इसके बाद आरोपियों ने दरवाजे के सामने जमकर गाली-गलौज की और राकेश पटेल को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके पर दहशत का माहौल पैदा कर दिया,घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया, दोनों आरोपियों अरुण पटेल और धर्मेंद्र शर्मा के खिलाफ अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
वहीं इस पूरे मामले एसडीओपी विकास पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि केशवाही चौकी क्षेत्र के रूपौला गाँव की घटना है, जिसमें अरुण पटेल और धर्मेंद्र शर्मा घर पर जाकर फ़रसी से लोगों को डरा रहे थे और मारपीट की है। इनके विरुद्ध चौकी केशवाही, थाना बुढ़ार में मामला पंजीबद्ध किया है और विवेचना में लिया गया है।
समाचार 08 फोटो 08
देवउठनी एकादशी पर 50 सदस्यीय यादव दल ने किया दिवारी नृत्य-गायन
अनूपपुर
अमरकंटक में कार्तिक शुक्ल पक्ष की देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर यादव समाज की पारंपरिक लोकसंस्कृति और दिवारी उत्सव की अनूठी छटा देखने को मिली। इस अवसर पर डिंडोरी जिले के बजाग विकासखंड अंतर्गत ग्राम सिंहपुर से आए लगभग 50 सदस्यीय यादव दल ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा, लोकवाद्य यंत्रों और मनमोहक नृत्य-गायन के माध्यम से सनातन परंपरा एवं लोकसंस्कृति की जीवंत प्रस्तुति दी।
यादव समाज के पुरुषों, बालिकाओं एवं बालकों से सजे इस दल ने सर्वप्रथम पतित पावनी मां नर्मदा के उद्गम मंदिर पहुंचकर पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप और लोकगीतों के साथ नृत्य प्रस्तुत किया। मां नर्मदा के चरणों में श्रद्धा अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात मंदिर परिसर से बाहर निकलकर नगर के व्यापारियों एवं दुकानदारों के प्रतिष्ठानों के सामने भी पारंपरिक दिवारी नृत्य और गायन की प्रस्तुति दी। इस दौरान दुकानदारों एवं नगरवासियों ने श्रद्धापूर्वक उन्हें उपहार, इनाम और बख्शीश भेंट की। यादव दल के सदस्यों ने अपनी सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपरा के अनुरूप सभी को मंगलकामनाओं के साथ आशीर्वाद और शुभाशीष प्रदान किया।