समाचार 01 फोटो 01

ताप विद्युत गृह में पुराने भवन की डिस्मेंटलिंग पर सवाल, करोड़ों के सामान मौजूद के बीच ब्लास्टिंग की तैयारी

*सिविल एवं इलेक्ट्रिकल विभाग की भूमिका जांच के दायरे में*

अनूपपुर 

अमरकंटक ताप विद्युत गृह चचाई में पुराने ईसीआर भवन की डिस्मेंटलिंग को लेकर भ्रष्टाचार की आशंका गहराने लगी है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुराने ईसीआर भवन को ध्वस्त करने का कार्य पूजा इंजीनियरिंग, सारणी को सौंपा गया है। बताया जा रहा है कि भवन के भीतर अब भी करोड़ों रुपये मूल्य के कॉपर वायर, मोटे विद्युत तार तथा प्लांट से संबंधित महत्वपूर्ण मशीनरी और अन्य कीमती उपकरण मौजूद हैं। ऐसे में यदि इन सामग्रियों को सुरक्षित बाहर निकाले बिना भवन को ध्वस्त किया जाता है, तो मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के राजस्व को भारी नुकसान होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

किसी भी पुराने प्लांट भवन की डिस्मेंटलिंग से पहले उसके अंदर मौजूद विद्युत उपकरण, कॉपर वायर, मशीनरी एवं अन्य उपयोगी सामग्री का विधिवत आकलन कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकालना आवश्यक है। इसके लिए संबंधित इलेक्ट्रिकल विभाग को संज्ञान लेकर सामग्री की पहचान एवं निकासी सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि उसे नियमानुसार सिविल विभाग के सुपुर्द किया जा सके। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या पुराने ईसीआर भवन के भीतर मौजूद कीमती सामग्री को विधिवत हटाया गया है? क्या इलेक्ट्रिकल विभाग एवं सिविल विभाग ने भवन खाली होने का प्रमाण-पत्र अथवा आवश्यक क्लीयरेंस जारी किया है? यदि क्लीयरेंस दिया गया है, तो क्या संबंधित अधिकारियों ने भवन के भीतर मौजूद प्रत्येक कीमती सामग्री का भौतिक सत्यापन किया है? इन सवालों का जवाब सामने आना बेहद जरूरी है।

अमरकंटक ताप विद्युत गृह चचाई में पदस्थ अधीक्षण अभियंता सिविल एवं कार्यपालन अभियंता सिविल निर्माण संभाग-दो राजेंद्र कुमार सोनी की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुराने ईसीआर भवन को किसी भी समय ब्लास्टिंग के माध्यम से ध्वस्त किए जाने की तैयारी की जा सकती है। यदि भवन के भीतर करोड़ों रुपये की विद्युत एवं प्लांट संबंधी सामग्री मौजूद होने के बावजूद ध्वस्तीकरण की अनुमति दी जाती है, तो इसकी जवाबदेही आखिर किस अधिकारी की होगी।

डिस्मेंटलिंग से बोर्ड की कीमती संपत्ति और सरकारी राजस्व से जुड़ा मामला है। यदि भवन के अंदर मौजूद कॉपर वायर, मशीन पार्ट्स एवं अन्य उपयोगी सामग्री को सुरक्षित निकाले बिना ध्वस्त किया जाता है, तो इससे बोर्ड को करोड़ों रुपये का नुकसान हो सकता है। जिसकी जांच स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय एजेंसी से कराई जानी चाहिए।

समाचार 02 फोटो 02

बुढ़ार-अमलाई रेलवे स्टेशन के विकास कार्यों में अनियमितता के आरोप, बिना रॉयल्टी के रेत-गिट्टी भंडारण पर उठे सवाल

शहडोल

बिलासपुर रेलवे जोन अंतर्गत कटनी-बिलासपुर रेलखंड के बीच स्थित स्टेशनों पर इन दिनों प्लेटफॉर्म मरम्मत और सौंदर्यीकरण के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुढ़ार और अमलाई रेलवे स्टेशन पर भी विकास कार्य जारी हैं। इस निर्माण कार्य की जिम्मेदारी 'मेसर्स श्याम इन्फोटेक' को सौंपी गई है। हालांकि, इन विकास कार्यों की आड़ में निर्माण सामग्री के अवैध उपयोग और भंडारण को लेकर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।

स्थानीय सूत्रों और प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्टेशन परिसर में चल रहे मरम्मत कार्य के दौरान उपयोग में लाई जा रही निर्माण सामग्री, विशेष रूप से गिट्टी और बालू (रेत) का भंडारण नियमों को ताक पर रखकर किया गया है। आरोप है कि निर्माण कार्य में इस्तेमाल हो रही रेत के लिए आवश्यक रॉयल्टी पर्ची उपलब्ध नहीं है। बिना वैध रॉयल्टी पर्ची के रेलवे स्टेशन परिसर के भीतर इतनी बड़ी मात्रा में रेत और गिट्टी का अवैध भंडारण किसकी अनुमति और संरक्षण में किया गया है, यह जांच का विषय बन गया है। इससे शासन को सीधे तौर पर राजस्व की हानि होने की आशंका जताई जा रही है।

इस पूरे मामले में निर्माण एजेंसी से जुड़े जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर भी उंगलियां उठ रही हैं। सूत्रों का दावा है कि कंपनी के हितों को साधने के लिए नियमों की अनदेखी की जा रही है। इस कथित अनियमितता में कंपनी से जुड़े संजय  के साथ-साथ अधीनस्थ  राघवेंद्र  और गुरदीप  की भूमिका भी चर्चा के केंद्र में है।

अब देखना यह होगा कि रेलवे प्रशासन और खनिज विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है। क्षेत्र के नागरिकों और जागरूक लोगों ने रेलवे के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि स्टेशन पर चल रहे इस अवैध गतिविधियों पर तुरंत अंकुश लगाए।

समाचार 03 फोटो 03

मानसिक बीमार ने घर में फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

अनूपपुर 

कोतवाली थाना अनूपपुर के परसवार पंचायत के कोयलारी टोला में 40 वर्षीय मानसिक रोगी ने मंगलवार की शाम घर के अंदर फांसी लगाकर अपनी जान दें दी घटना का कारण की जांच पुलिस के द्वारा की जा रही है।

कोयलारी टोला में 40 वर्षीय युवक रामखेलामन कोल पिता केमला कोल जो मानसिक रोगी रहा था, अज्ञात कारणों से कपने कच्चे घर के अंदर साड़ी का फंदा से फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। घटना की जानकारी मृतक के महिला परिजनों द्वारा खाना देने के लिए दरवाजा खुलवाए जाने नहीं खोलने पर दरवाजा तोड़कर अंदर देखने से फांसी में लटका मृत दिखा, जिसकी जानकारी मृतक के पिता केमला कोल ने कोतवाली थाना अनूपपुर में सूचना दर्ज कराए जाने पर सहायक उप निरीक्षक महिपाल नामदेव पुलिस दल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा एवं गवाहों के प्रारंभिक कथन लेते हुए, पीएम हेतु जिला चिकित्सालय भेज कर ड्यूटी डॉक्टर विनोद कुमार से पीएम कराने बाद शव के कफन दफन हेतु परिजनों को सौंपते हुए, घटना की गहराई पर जांच करने में जुटी हुई है। मृतक कई वर्षों से मानसिक रोगी होने से परेशान रहने की बात प्रारंभिक रूप से सामने आई है।

समाचार 04 फोटो 04

स्कूटी में सवार तीन युवकों ने स्कूल के अंदर फेंका बम, स्कूल प्रबंधन ने पुलिस से की शिकायत 

शहडोल 

शहर के पांडव नगर स्थित गुड शेफर्ड कॉन्वेंट स्कूल परिसर में पटाखा फेंककर धमाका करने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें स्कूटी सवार तीन युवक स्कूल के सामने रुकते दिखाई दे रहे हैं। युवकों ने एक बड़ा बम पटाखा जलाकर स्कूल की बाउंड्री के भीतर फेंक दिया। कुछ ही देर में परिसर के अंदर तेज धमाका हुआ। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय और कोतवाली थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

घटना रात के समय की है, जब स्कूल में बच्चे मौजूद नहीं थे। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि तीन युवक स्कूटी से स्कूल के सामने पहुंचते हैं। इसके बाद वाहन रोककर पटाखा जलाते हैं और उसे स्कूल परिसर के भीतर फेंक देते हैं। पटाखा फूटने से तेज आवाज के साथ धमाका होता है। इस घटना में स्कूल की एक खिड़की टूट गई, जबकि परिसर में अन्य नुकसान होने की भी जानकारी सामने आई है।

यह घटना स्कूल संचालन के समय हुई होती और बच्चे परिसर में मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। धमाके के बाद परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई। प्रबंधन का कहना है कि इससे पहले भी इस तरह की घटना हो चुकी है। ऐसे मामलों में कार्रवाई नहीं होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ रहे हैं। स्कूल प्रबंधन ने घटना का सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपते हुए युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। 

समाचार 05 फोटो 05

श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई आंवला नवमी, महिलाओं ने किया विधि-विधान से पूजन-अर्चन

अनूपपुर 

पवित्र नगरी अमरकंटक में कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि पर आंवला नवमी, अक्षय नवमी एवं इच्छा नवमी का पर्व बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर महिलाओं सहित बड़ी संख्या में भक्त श्रद्धालुओं ने आंवला वृक्ष का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।

कार्तिक शुक्ल नवमी के इस धार्मिक पर्व पर सुबह से ही नगर के विभिन्न स्थानों पर स्थित आंवला वृक्षों के समीप महिलाओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। महिलाओं ने आंवला वृक्ष के नीचे पहुंचकर स्वच्छता के साथ पूजा स्थल तैयार किया। इसके पश्चात रोली, अक्षत, पुष्प, धूप, दीप एवं नैवेद्य अर्पित कर विधिवत पूजन किया तथा वृक्ष की परिक्रमा कर भगवान विष्णु और आंवला वृक्ष से परिवार की सुख-शांति एवं समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। कई स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और आरती भी की। पूजन का यह सिलसिला सुबह से प्रारंभ होकर संध्या तक अनवरत चलता रहा।

पर्व की एक विशेष परंपरा के अंतर्गत महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने आंवला वृक्ष के समीप विभिन्न प्रकार के पकवान एवं मनपसंद भोजन तैयार किए। विधिवत पूजन के बाद भोजन को प्रसाद स्वरूप ग्रहण किया तथा परिजनों और अन्य श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद साझा किया। इस दौरान धार्मिक आस्था के साथ पारिवारिक मेल-मिलाप और सामूहिक सहभागिता का भी सुंदर दृश्य देखने को मिला।

समाचार 06 फोटो 06

प्रस्तावित सड़क को नजर अंदाज करके सड़क के ऊपर बनाई जा रही है सड़क, सरपंच, सचिव व इंजीनियर की मनमानी

शहडोल 

जिले की जनपद पंचायत ब्यौहारी अंतर्गत ग्राम पंचायत पपौंध में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा हैं। सरपंच सचिव व इंजीनियर की मिलीभगत से ग्राम पंचायत का विकास अवरूद्ध हो गया है, विकास के बजट का खुलेआम दुरुपयोग किया जा रहा है, जिम्मेदार अधिकारी कोई भी कार्यवाही नहीं कर रहे हैं। ग्रामीण लगातार परेशान है। पापोंध में निर्माण कार्य को लेकर शिकायत सामने आई है। ग्राम निवासी संतोष चतुर्वेदी ने पंचायत द्वारा सड़क निर्माण में मनमानी किए जाने का आरोप लगाते हुए संबंधित अधिकारियों से जांच और कार्रवाई की मांग की है।।

शिकायतकर्ता के अनुसार ग्राम पंचायत पपौंध द्वारा गंगा साहू के घर से शासकीय माध्यमिक विद्यालय तक सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा है। जबकि प्रस्तावित निर्माण अशोक चतुर्वेदी के घर से विद्याधर रजक के घर तक किया जाना चाहिए। उनका आरोप है कि पंचायत द्वारा जिस स्थान पर सड़क निर्माण की आवश्यकता है, वहां काम न कराकर पहले से बनी सड़क के ऊपर फिर से सड़क का निर्माण कराया जा रहा है।।

संतोष चतुर्वेदी का कहना है कि इस संबंध में ग्राम पंचायत में आवेदन देकर समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर निर्धारित स्थान पर सड़क निर्माण कराने तथा जिम्मेदारों पर उचित कार्रवाई की मांग की है।

सीएम हेल्पलाइन मामले में शिकायत निराकरण अधिकारी (एल-1) से संपर्क कर शिकायत दर्ज करा दी गई है। मगर आज तक कोई कार्यवाही नहीं की गई। कार्यवाही नहीं होने के कारण सरपंच, सचिव व इंजीनियर की मनमाना कार्य में रोक नहीं लग रही है।

समाचार 07 फोटो 07

नीट की तैयारी कर रहे युवाओं के लिये सुनहरा अवसर, एसईसीएल की सराहनीय पहल 

उमरिया

देश की महारत्न कंपनी कोल इंडिया की सहायक कंपनी साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह सिर्फ कोयला उत्पादन करने वाली कंपनी ही नहीं बल्कि समाज के प्रति अपने दायित्व को पूरी निष्ठा से निभाने वाली एक जिम्मेदार संस्था भी है क्योंकि एसईसीएल ने शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान निभाते हुए नीट मेडिकल परीक्षा की तैयारी कर रहे युवा छात्रों के लिये अपने द्वार खोल दिये हैं और सीएसआर के तहत उनके सुनहरे सपनों को सजाने का बीड़ा उठाया है। इस संदर्भ में एसईसीएल जोहिला क्षेत्र के अधिकारी अरिहंत पगडिया  व अजय दास ने बताया कि जोहिला क्षेत्र के महाप्रबंधक सुरेन्द्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में उमरिया जिले के युवा छात्रों के लिये नीट मेडिकल परीक्षा की तैयारी हेतु निःशुल्क कोचिंग, रहने-खाने की व्यवस्था और आवश्यक नोट्स उपलब्ध कराने के साथ बिलासपुर में कोचिंग कराई जायेगी, चयन प्रक्रिया के तहत बायोलॉजी से बारहवीं पास छात्रों को 29 नवम्बर को केन्द्रीय विद्यालय नौरोजाबाद में प्रातः 10 बजे आयोजित चयन परीक्षा में सम्मिलित होने का अवसर दिया गया है, इसके लिये नीट की तैयारी कर रहे छात्रों को 28 नवम्बर तक दिये गये लिंक https://forms.gle/CKy66pXbDNSt2UgW8 में अपना पंजीयन कराना होगा, चयनित छात्र-छात्राओं को बिलासपुर में कोचिंग सुविधा प्रदान की जायेगी जिसमें अनुभवी श्रेष्ठ शिक्षकों के द्वारा उन्हें कोर्स से संबंधित जानकारी दी जायेगी। यह सुनहरा अवसर कोयलांचल क्षेत्र के युवाओं को ही दिया जा रहा है, उमरिया जिले के युवाओं के लिये दिया गया यह सुनहरा अवसर वाकई काबिले तारीफ है जिसका अधिक से अधिक लाभ युवाओं को उठाना चाहिये क्योंकि ऐसी पहलें ही गांव-गरीब के बच्चों को डॉक्टर बनने का सपना देखने और उसे पूरा करने की ताकत देती हैं। इसके लिये एसईसीएल जोहिला क्षेत्र में  अजय दास  के  नंबर *8770133568*  संर्पक कर  किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके और छात्र-छात्राएं व अभिभावक सीधे संपर्क कर सही जानकारी प्राप्त कर सकें।

समाचार 08 

देवउठनी पर बाल विवाह रोकने के लिए चलेगा अभियान

अनूपपुर 

देवउठनी ग्यारस के अवसर पर 20 नवंबर 2026 को होने वाले विवाह आयोजनों को देखते हुए बाल विवाह की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सभी जिलों को बाल विवाह रोकने के लिए सतर्कता बरतने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अभियान के तहत ग्राम एवं वार्ड स्तर पर सूचना दल गठित किए जाएंगे। जिला एवं ब्लॉक स्तर पर 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे तथा उड़न दस्तों के माध्यम से सामूहिक विवाह आयोजनों की निगरानी की जाएगी। ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में जनप्रतिनिधियों द्वारा बाल विवाह रोकने की शपथ ली जाएगी। स्कूलों, महाविद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से भी जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। बाल विवाह की सूचना हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112 अथवा स्थानीय कंट्रोल रूम नंबर 07659-299101 पर दी जा सकती है।



Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget