स्कूटी में सवार तीन युवकों ने स्कूल के अंदर फेंका बम, मानसिक बीमार ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
शहडोल
शहर के पांडव नगर स्थित गुड शेफर्ड कॉन्वेंट स्कूल परिसर में पटाखा फेंककर धमाका करने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें स्कूटी सवार तीन युवक स्कूल के सामने रुकते दिखाई दे रहे हैं। युवकों ने एक बड़ा बम पटाखा जलाकर स्कूल की बाउंड्री के भीतर फेंक दिया। कुछ ही देर में परिसर के अंदर तेज धमाका हुआ। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय और कोतवाली थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
घटना रात के समय की है, जब स्कूल में बच्चे मौजूद नहीं थे। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि तीन युवक स्कूटी से स्कूल के सामने पहुंचते हैं। इसके बाद वाहन रोककर पटाखा जलाते हैं और उसे स्कूल परिसर के भीतर फेंक देते हैं। पटाखा फूटने से तेज आवाज के साथ धमाका होता है। इस घटना में स्कूल की एक खिड़की टूट गई, जबकि परिसर में अन्य नुकसान होने की भी जानकारी सामने आई है।
यह घटना स्कूल संचालन के समय हुई होती और बच्चे परिसर में मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। धमाके के बाद परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई। प्रबंधन का कहना है कि इससे पहले भी इस तरह की घटना हो चुकी है। ऐसे मामलों में कार्रवाई नहीं होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ रहे हैं। स्कूल प्रबंधन ने घटना का सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपते हुए युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
