ट्रेन से टकराया भालू, रेलवे ट्रक में मिला शव, वन विभाग की टीम जांच में जुटी
उमरिया
जिले के घुनघुटी वन क्षेत्र में एक भालू की रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से एक भालू की ज्ञमौत हो गई, भालू का शव मोर्चा फाटक से घुनघुटी रेलवे स्टेशन के बीच वन कक्ष क्रमांक 370 में मिला है, सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की, वन विभाग के अधिकारी दिगेंद्र सिंह पटेल के अनुसार भालू की मौत रेलवे की थर्ड लाइन में ट्रेन की चपेट में आने से हुई है, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हो सकेगी, इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा और औद्योगिक गतिविधियों के बीच बढ़ते टकराव को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं, ग्रामीणों का आरोप है कि बजरंग पावर एंड इस्पात कंपनी द्वारा प्रस्तावित खदान क्षेत्र में दिनभर भारी वाहनों की आवाजाही हो रही है, लगातार वाहनों के शोर और आवाजाही से वन्यजीवों के प्राकृतिक रहवास पर असर पड़ने की आशंका है, ग्रामीणों का कहना है कि जंगल में मानवीय गतिविधियां बढ़ने से जंगली जानवर अपने सामान्य रास्तों से भटककर रेलवे ट्रैक और आबादी की ओर जाने को मजबूर हो सकते हैं, हालांकि भालू की मौत का कंपनी के वाहनों से सीधा संबंध अभी प्रमाणित नहीं हुआ है, लेकिन ग्रामीण इस पहलू की जांच की मांग कर रहे हैं, गौरतलब है कि बजरंग पावर एंड इस्पात कंपनी की खदान को लेकर घुनघुटी, गिठोरी और आसपास के ग्रामीण लगातार विरोध दर्ज करा रहे हैं, ग्रामीणों की आपत्ति केवल खदान संचालन तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका कहना है कि इस पूरे क्षेत्र का जल, जंगल और जमीन से गहरा संबंध है, अब रेलवे ट्रैक पर भालू की मौत के बाद ग्रामीणों के सवाल और गंभीर हो गए हैं, सवाल यह है कि यदि क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां और भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ रही है तो वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किए जा रहे हैं, क्या वन विभाग ने वन्यजीवों के आवागमन वाले रास्तों और रेलवे ट्रैक के संवेदनशील हिस्सों का आकलन किया है, फिलहाल एक भालू की मौत ने विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन को लेकर फिर बहस छेड़ दी है, जरूरत है कि वन विभाग और संबंधित जिम्मेदार एजेंसियां घटना की निष्पक्ष जांच कराएं और यह स्पष्ट करें कि क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए आखिर क्या कदम उठाए जा रहें हैं।
