70वीं शालेय राज्य कराते प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने जीते 4 पदक, कल्पना पांडे का राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयन
शहडोल
मध्यप्रदेश शासन, स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा 19 से 23 नवंबर तक ग्वालियर के मुरार में 19 वर्ष आयु वर्ग की 70वीं शालेय राज्य कराते प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शहडोल जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 4 पदक अपने नाम किए।
नेशनल कराते कोच प्रमोद विश्वकर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग द्वारा प्रतियोगिता के लिए मुकेश झारिया को मुख्य दल प्रबंधक एवं प्रमोद विश्वकर्मा को टीम कोच नियुक्त किया गया था। प्रतियोगिता में विराट मार्शल आर्ट्स एंड फिटनेस एकेडमी, सोहागपुर की पांच खिलाड़ियों ने शहडोल जिले का प्रतिनिधित्व किया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कल्पना पांडे ने स्वर्ण पदक, काशिका मंसूरी ने कांस्य पदक, अंशिका गोले ने कांस्य पदक एवं आर्या गुप्ता ने कांस्य पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया।।
स्वर्ण पदक विजेता कल्पना पांडे का राष्ट्रीय शालेय कराते प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। कल्पना ने फाइनल मुकाबले में ग्वालियर की खिलाड़ी को पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह सुनिश्चित की। राष्ट्रीय प्रतियोगिता दिसंबर माह के प्रथम सप्ताह में इंदौर में आयोजित होना प्रस्तावित है।
खिलाड़ियों को नेशनल कराते कोच प्रमोद विश्वकर्मा एवं ब्लैक बेल्ट प्रशिक्षक शिवानी नामदेव द्वारा नियमित प्रशिक्षण देकर प्रतियोगिता के लिए तैयार किया गया था। सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
