समाचार 01 फोटो 01
2.40 लाख का 250 लीटर अवैध शराब सहित 30 लीटर पेट्रोल जब्त, मामला दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
*कच्ची शराब वो महुआ लाहन भी जब्त*
अनूपपुर
जैतहरी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम चोलना में कमलेश केवट एवं नीलेश केवट द्वारा अपने घर में भारी मात्रा में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब, देशी शराब एवं हाथ भट्टी से कच्ची शराब बनाने हेतु महुआ लाहन तथा पेट्रोल का भंडारण कर विक्रय किया जा रहा है।
पुलिस टीम द्वारा। ग्राम चोलना में रेड कार्यवाही की गई। मौके पर संदेही नीलेश केवट घर के बाहर मिला, जिसने अपना नाम नीलेश केवट पिता गंगाराम केवट, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम चोलना वार्ड क्रमांक 17, स्कूल मोहल्ला बताया।
संदेही नीलेश केवट के घर की तलाशी लेने पर कमरे में प्लास्टिक के थैलों एवं कार्टूनों में विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब, बीयर एवं देशी मदिरा पाई गई। उक्त शराब की कुल मात्रा 250.895 लीटर, कुल कीमत 2,40,568 रुपये पाई गई। इसके अतिरिक्त 16-16 लीटर क्षमता के पांच प्लास्टिक डिब्बों में भरा कुल 80 लीटर महुआ लाहन, जिसकी अनुमानित कीमत 3,000 रुपये है, हाथ भट्टी से कच्ची शराब बनाने हेतु रखा पाया गया। महुआ लाहन को विधिवत पंचनामा तैयार कर मौके पर नष्ट किया गया।
संदेही नीलेश केवट को शराब के भंडारण, परिवहन, विक्रय एवं निर्माण संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु कहा गया, जिस पर उसके द्वारा कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं होना बताया गया। कुल 250.895 लीटर अंग्रेजी एवं देशी शराब, जिसकी कुल कीमत 2,40,568 रुपये है, को जप्त कर पुलिस कब्जे में लिया गया।।
आरोपी नीलेश केवट पिता गंगाराम केवट, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम चोलना वार्ड क्रमांक 17, स्कूल टोला, थाना जैतहरी, जिला अनूपपुर का कृत्य धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया। वापसी पर अपराध धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक नीले रंग के डिब्बे में रखा 30 लीटर पेट्रोल, जिसकी कीमत 3,420 रुपये है। पेट्रोल के अवैध भंडारण पर मामला पंजीबद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
समाचार 02 फोटो 02
एसईसीएल अस्पताल की लापरवाही, मरीज को किया रेफर, उपलब्ध नहीं कराई एंबुलेंस, रास्ते में ही मौत
*नाराज परिजनों ने किया चकाजाम*
अनूपपुर
भालूमाड़ा थाना क्षेत्र स्थित एसईसीएल के रीजनल हॉस्पिटल में सीने में दर्द की शिकायत लेकर पहुंचे 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने गंभीर हालत में मरीज को रेफर तो कर दिया, लेकिन बार-बार मांगने के बावजूद एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराई। मजबूरी में निजी वाहन से अस्पताल ले जाते समय रास्ते में या जिला अस्पताल पहुंचते ही युवक की सांसे थम गईं। इस घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल के सामने जमकर हंगामा किया और करीब तीन घंटे तक चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
35 वर्षीय अमित सिंह सीने में तेज दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि वहां मौजूद डॉक्टर ने इसे महज गैस की गंभीर समस्या बताते हुए उन्हें तुरंत अनूपपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मरीज की गंभीर स्थिति को भांपते हुए परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से तत्काल एंबुलेंस मुहैया कराने की मांग की, लेकिन अस्पताल की ओर से एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई। इसके अलावा परिजनों ने अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी होने का भी गंभीर आरोप लगाया है। समय पर वाहन न मिलने पर परिजन किसी तरह निजी वाहन का इंतजाम कर अमित सिंह को अनूपपुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग एसईसीएल रीजनल हॉस्पिटल के सामने जमा हो गए और डॉक्टर व नर्सिंग स्टाफ पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों पर आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग को लेकर देर रात करीब तीन घंटे तक सड़क पर चक्काजाम कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद बड़ी मशक्कत से समझाइश देकर चक्काजाम समाप्त कराया गया और यातायात बहाल हो सका।
समाचार 03 फोटो 03
लोक आस्था का महापर्व छठ संपन्न, चाक-चौबंद व्यवस्थाओं के बीच व्रतियों ने दिया डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य*
अनूपपुर
लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ पूजा निकाय क्षेत्र में अत्यंत श्रद्धा,भक्ति और हर्षोल्लास के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो हुआ,डूबते और उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही व्रतियों ने अपने कठिन निर्जला व्रत का पारण किया।
महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं और व्रतियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए निकाय के द्वारा की गयी चाक-चौबंद व्यवस्थाएं सराहनीय रहीं। निकाय क्षेत्र के अंतर्गत फूलसाय दफाई स्थित स्टॉप डैम, पुलिया दफाई पौराधार, लोहा पुल के समीप पौराधार, मुख्य दुर्गा पूजा परिसर पौराधार,झीमर शिव मंदिर के स्थित छठ घाटों पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही।
नगर परिषद द्वारा इन सभी घाटों पर की गयी गहन साफ-सफाई, महिला व्रतियों की सुविधा के लिए बनाए गए अस्थायी चेंजिंग रूम (वस्त्र बदलने के कक्ष), गहरे पानी वाले स्थानों पर लगाए गए सुरक्षा घेरे, सुगम पहुंच मार्गों की मरम्मत,घाट का रंग रोगन,दूधिया रोशनी (लाइटिंग) की पुख्ता व्यवस्थाओं से व्रतियों और श्रद्धालुओं को बड़ी सहूलियत मिली।
संपूर्ण आयोजन के दौरान निकाय अध्यक्ष एवं जिला योजना समिति के सदस्य डॉ. सुनील कुमार चौरसिया तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी शरद गौतम के कुशल मार्गदर्शन और निरंतर निगरानी में व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित रहीं।
इसके साथ ही नगर परिषद के स्वच्छता विभाग,विद्युत विभाग,नल-जल एवं अन्य संबंधित शाखाओं के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया, जिससे यह महापर्व सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। जिसकी पूरे नगर क्षेत्र में भूरी भूरी प्रशंसा की जा रही है।
समाचार 04 फोटो 04
रेखा पाण्डेय बनीं भाजपा जिला महिला मोर्चा की जिला मंत्री, समर्थकों में हर्ष
अनूपपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला महिला मोर्चा में संगठन को मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से रेखा पाण्डेय को जिला मंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति से भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में हर्ष का माहौल है।
रेखा पाण्डेय पूर्व में नगरपालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 12 से पार्षद रह चुकी हैं। वे लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी में सक्रिय रहकर संगठन के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करती आ रही हैं। पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा, समर्पण और सक्रियता को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।
उनकी नियुक्ति को महिला मोर्चा के संगठनात्मक विस्तार और मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि रेखा पाण्डेय अपने अनुभव और सक्रिय कार्यशैली से महिलाओं को संगठन से जोड़ने, महिला कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करने तथा पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगी।
रेखा पाण्डेय को जिला मंत्री बनाए जाने पर पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की है।
समाचार 05 फोटो 05
घरेलू विवाद पर पति ने पत्नी को लाठी से पीटकर कर दी हत्या, मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
शहडोल
धनपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ीखुर्द के कुदरा टोला में घरेलू विवाद के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर से निकलकर मोहल्ले में ही दूसरी जगह जाकर सो गया। सुबह जब आरोपी का भाई घर पहुंचा तो महिला का शव देखकर घटना का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। गांव के लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी रामकुमार बैगा 47 वर्ष पिता नथुआ बैगा का किसी बात को लेकर अपनी पत्नी गुड़िया बैगा से विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर रामकुमार ने लाठी-डंडे और फावड़े से पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर चोटों के चलते महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी घर पर रुकने के बजाय मोहल्ले में ही दूसरी जगह चला गया और वहां सो गया। रात में हुई इस वारदात की जानकारी आसपास के लोगों को भी नहीं लग सकी।
सुबह आरोपी का भाई जब घर पहुंचा तो उसने गुड़िया बैगा को मृत अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद उसने आरोपी के पुत्र से फोन पर संपर्क किया। भतीजे के साथ दोनों ने पुलिस तक पहुंचकर घटना की सूचना दी। इस बीच गांव के लोगों को भी वारदात की जानकारी मिल गई और उन्होंने आरोपी रामकुमार को पकड़ लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को ग्रामीणों के कब्जे से लेकर हिरासत में ले लिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। महिला के शव का पंचनामा तैयार कर आवश्यक कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की विवेचना की जा रही है।
समाचार 06 फोटो 06
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हुआ आत्मीय स्वागत, जिले को दी 357.71 करोड़ रुपये के 82 विकास कार्यों की सौगात
*8.64 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण, 349.07 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन*
शहडोल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत ब्यौहारी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सहभागिता करने शहडोल पहुंचे। घोरसा हेलीपैड पर आगमन के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत ब्यौहारी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहडोल जिले को कुल 357.71 करोड़ रुपये के 82 विकास एवं निर्माण कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के अंतर्गत 8.64 करोड़ रुपये की लागत के 10 कार्यों का लोकार्पण तथा 349.07 करोड़ रुपये की लागत के 72 कार्यों का भूमिपूजन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम में 8.64 करोड़ रुपये की लागत के 10 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 7.70 करोड़ रुपये की लागत के 8 कार्य तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 0.94 करोड़ रुपये की लागत के 2 कार्य शामिल हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने से जिले में संबंधित क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने जिले में 349.07 करोड़ रुपये की लागत के 72 विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें ऊर्जा विभाग के 291.51 करोड़ रुपये की लागत के 2 कार्य, जनजातीय कार्य विभाग के 35.66 करोड़ रुपये की लागत के 61 कार्य, मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल का 13.09 करोड़ रुपये की लागत का 1 कार्य, नगरीय विकास एवं आवास विभाग के 7.40 करोड़ रुपये की लागत के 5 कार्य, वन विभाग के 0.80 करोड़ रुपये की लागत के 2 कार्य तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग का 0.61 करोड़ रुपये की लागत का 1 कार्य शामिल है।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में लोकार्पित एवं भूमिपूजन किए गए कार्यों में ऊर्जा, जनजातीय कार्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय विकास एवं आवास, वन तथा गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के कार्य शामिल हैं। इन विकास कार्यों के माध्यम से जिले में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास को गति मिलेगी।
समाचार 07 फोटो 07
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र में, रात में सड़क पार करते दिखा बाघ, वीडियो वायरल
उमरिया
विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में बाघों की मौजूदगी एक बार फिर रोमांचक नजारे के रूप में सामने आई है। ताला-मानपुर मार्ग में रविवार की रात के समय बाघ सड़क पार करते दिखाई दिया। जंगल के बीच से निकलकर सड़क पर पहुंचे बाघ का वीडियो राहगीरों ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
वीडियो में रात के अंधेरे और सुनसान सड़क के बीच बाघ सड़क पार कर रहा है, इसकी चाल और बेफिक्र अंदाज देखकर ऐसा लग रहा है, मानो जंगल के इस राजा के लिए यह रास्ता रोजमर्रा का आवागमन हो, सड़क पर कुछ पल के लिए बाघ की मौजूदगी ने पूरे दृश्य को बेहद रोमांचक बना दिया, वाला बाघ वयस्क नर बताया जा रहा है।
इस वीडियो को लेकर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने पुष्टि करते हुए बताया कि "यह वीडियो ताला-मानपुर रोड का है. उन्होंने स्पष्ट किया है कि वीडियो में दिखाई देने वाला बाघ एडल्ट मेल यानी वयस्क नर है।
समाचार 08
महाविद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन
उमरिया
जननायक एवं महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर महाविद्यालय में जनजातीय गौरव दिवस समारोह के तृतीय दिवस पर विभिन्न सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी प्राचार्य डॉ. एस.के. वर्मा एवं महाविद्यालयीन स्टाफ द्वारा भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर डॉ. एस.के. वर्मा ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष एवं स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। डॉ. विमला देवी मरावी ने जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान की जानकारी दी। डॉ. पी.डी. रावत ने जनजातीय नायकों के ऐतिहासिक योगदान, संस्कृति, परंपराओं एवं अधिकारों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया। डॉ. अरविंद शाह बरकड़े ने जनजातीय गौरव दिवस मनाने के उद्देश्य पर प्रकाश डाला।
आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। भाषण प्रतियोगिता, गायन एवं समूह गायन प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता में छात्रों ने जीत दर्ज की।