मध्यान्ह भोजन करने के बच्चों की बिगड़ी तबियत होने लगी उल्टियां, अस्पताल में भर्ती
शहडोल
ब्यौहारी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय बदरचुआ में मध्यान्ह भोजन करने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। भोजन करने के बाद एक बच्चे को उल्टी होने लगी, जबकि कुछ अन्य बच्चों ने पेट दर्द की शिकायत की। सूचना मिलने पर सभी बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ब्यौहारी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। फिलहाल सभी बच्चों की स्थिति सामान्य है। एहतियात के तौर पर उन्हें अस्पताल में निगरानी में रखा गया है। मामले को कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने सीईओ जनपद पंचायत ब्यौहारी और बीआरसी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित स्व-सहायता समूह को मध्यान्ह भोजन के कार्य से पृथक करने और पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने को कहा है।
एसडीएम अर्चना मिश्रा और तहसीलदार गैलेक्सी नागपुरे के प्रतिवेदन के अनुसार, विद्यालय में 15 विद्यार्थी उपस्थित थे। इस दौरान स्वाती स्व-सहायता समूह ने बच्चों के लिए दाल-चावल बनाया था। जिला पंचायत ने 23 सितंबर को आदेश जारी कर इस समूह को मध्यान्ह भोजन के कार्य से पृथक करते हुए नव जमुना स्व-सहायता समूह को जिम्मेदारी सौंपी थी। 28 सितंबर को जनशिक्षक के माध्यम से यह आदेश प्रधानाध्यापक और संबंधित समूह को व्हाट्सएप पर भी भेज दिया गया था। इसके बावजूद पुराने समूह ने नए समूह को प्रभार नहीं सौंपा और भोजन बनाने का काम जारी रखा।
