पैर की बीमारी से परेशान अधेड़ ने पेड़ पर फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी
शहडोल
ब्यौहारी थाना क्षेत्र में बीमारी से परेशान एक 50 वर्षीय व्यक्ति ने जंगल में पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि वह पिछले तीन साल से पैर की बीमारी से पीड़ित थे और लगातार उनका इलाज चल रहा था। उपचार के बावजूद राहत नहीं मिलने से वह काफी परेशान रहते थे। प्रारंभिक जांच में बीमारी से परेशान होकर आत्मघाती कदम उठाने की बात सामने आई है।
मृतक की पहचान राजेंद्र प्रसाद पटेल 50 वर्ष, पिता बृजकिशोर पटेल, निवासी ग्राम नगनौडी के रूप में हुई है। वह घर से निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान घर से करीब दो किलोमीटर दूर एक सुनसान स्थान पर उनका शव पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
ब्यौहारी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के साथ परिजनों के बयान दर्ज किए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया
परिजनों के बयानों में सामने आया है कि राजेंद्र प्रसाद पटेल पिछले करीब तीन साल से पैर की बीमारी (सटका) से परेशान थे। इस दौरान उनका लगातार उपचार कराया जा रहा था, लेकिन उन्हें अपेक्षित राहत नहीं मिल रही थी।
