एसईसीएल अस्पताल की लापरवाही, मरीज को किया रेफर, उपलब्ध नहीं कराई एंबुलेंस, रास्ते में ही मौत
*नाराज परिजनों ने किया चकाजाम*
अनूपपुर
भालूमाड़ा थाना क्षेत्र स्थित एसईसीएल के रीजनल हॉस्पिटल में सीने में दर्द की शिकायत लेकर पहुंचे 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने गंभीर हालत में मरीज को रेफर तो कर दिया, लेकिन बार-बार मांगने के बावजूद एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराई। मजबूरी में निजी वाहन से अस्पताल ले जाते समय रास्ते में या जिला अस्पताल पहुंचते ही युवक की सांसे थम गईं। इस घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल के सामने जमकर हंगामा किया और करीब तीन घंटे तक चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
35 वर्षीय अमित सिंह सीने में तेज दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि वहां मौजूद डॉक्टर ने इसे महज गैस की गंभीर समस्या बताते हुए उन्हें तुरंत अनूपपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मरीज की गंभीर स्थिति को भांपते हुए परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से तत्काल एंबुलेंस मुहैया कराने की मांग की, लेकिन अस्पताल की ओर से एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई। इसके अलावा परिजनों ने अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी होने का भी गंभीर आरोप लगाया है। समय पर वाहन न मिलने पर परिजन किसी तरह निजी वाहन का इंतजाम कर अमित सिंह को अनूपपुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग एसईसीएल रीजनल हॉस्पिटल के सामने जमा हो गए और डॉक्टर व नर्सिंग स्टाफ पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों पर आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग को लेकर देर रात करीब तीन घंटे तक सड़क पर चक्काजाम कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद बड़ी मशक्कत से समझाइश देकर चक्काजाम समाप्त कराया गया और यातायात बहाल हो सका।
