तेंदुआ की हुई मौत, बाघ के मिले पगमार्क, संघर्ष से मौत की आशंका, वन विभाग की टीम जांच में जुटी
शहडोल
उत्तर वनमंडल के जयसिंहनगर वन परिक्षेत्र में एक मादा तेंदुए की मौत का मामला सामने आया है। बिजहा सर्किल के राजस्व क्षेत्र में मादा तेंदुए का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में तेंदुए की मौत बाघ के हमले से होने की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल के आसपास बाघ के पगमार्क भी मिले हैं। हालांकि, वन विभाग सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रहा है।
वन विभाग को सूचना मिली थी कि जयसिंहनगर वन परिक्षेत्र के सर्किल बिजहा अंतर्गत राजस्व क्षेत्र में एक तेंदुए का शव पड़ा हुआ है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वन अमला मौके पर पहुंचा। टीम ने शव के आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया और सर्चिग कर साक्ष्य जुटाए। मृत मादा तेंदुए की उम्र करीब आठ वर्ष बताई जा रही है। आवश्यक कार्रवाई के बाद वन विभाग ने नियमानुसार शवदाह कर दिया।
घटनास्थल के आसपास बाघ के पगमार्क मिलने के बाद तेंदुए की मौत को लेकर बाघ के हमले की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वन्यजीवों के बीच संघर्ष को मौत की वजह माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। उत्तर वनमंडल की डीएफओ तरुणा वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया बाघ के हमले से मादा तेंदुए की मौत होना प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल के आसपास बाघ के पगमार्क मिले हैं। वन विभाग की टीम अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है।
