घर के बाहर सो रही किशोरी को उठा ले गया तेंदुआ, झाड़ियों में मिला शव, वन विभाग जांच में जुटी
शहडोल
ब्यौहारी क्षेत्र में तेंदुआ एक 15 साल की लड़की को उठाकर ले गया। सुबह घर से कुछ दूरी पर झाड़ियों में उसका शव मिला। जब घर वालों ने तलाश की तो लड़की का शव घर से 300 मीटर दूर झाड़ियां में पड़ा हुआ मिला।
घर के बाहर बरामदे में बहन के साथ घर के बाहर सो रही थी। दरवाजा खुला हुआ था। सुबह जब वो नहीं दिखी तो तलाश की गई। तब जाकर मामले का खुलासा हुआ। तगावर गांव की निवासी सरस्वती सिंह गोंड बहन के साथ घर के बाहर बनी परछी में सो रही थी। इनकी मां अंदर के कमरे में थी। सुबह जब बहन उठी तो सरस्वती बिस्तर पर नहीं थी। उसने अपनी मां को बताया और दोनों ने आसपास तलाश शुरू की। कुछ दूरी पर एक कंबल दिखाई दिया और खोजबीन के बाद झाड़ियों में सरस्वती का शव निकला। बता दें कि सरस्वती अपनी मां और बहन के साथ रहती थी।।जबकि उसके पिता महाराष्ट्र में मजदूरी करते हैं। अब परिवार को वन विभाग द्वारा नियमों को मुताबिक दी जाने वाली सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
घटना के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल देखने को मिल रहा है। वन विभाग की टीम के साथ साथ पुलिस अगर ग्रामीण भी तेंदुए की तलाश में जुटे हुए हैं। आसपास के जंगलों और संभावित ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। ग्रामीणों को इस बात की चिंता है कि कहीं तेंदुआ आबादी वाले इलाके में दोबारा हमला ना कर दे।
सुबह करीब 4 बजे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद ब्यौहारी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीओपी और अन्य आधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस बारे में डीएफओ तरूणा वर्मा का कहना है कि घर में दरवाजा ना होना इस घटना की सबसे बड़ी वजह बन गया।
