8.71 लाख की जाली नोट बरामद, 500 व 200 के थे नकली नोट, बड़ा नेटवर्क का पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार
*नोट छापने वाला प्रिंटर व बाइक जब्त*
शहडोल
खैरहा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 500 और 200 रुपये के कुल 1803 नकली नोट बरामद किए गए हैं। इसके अलावा नकली नोट तैयार करने में इस्तेमाल किया जाने वाला प्रिंटर और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से नकली करेंसी के कारोबार से जुड़े नेटवर्क में हड़कंप मच गया है। मामले में कुछ अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।
पुलिस को नकली भारतीय करेंसी के लेनदेन की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने ग्राम छिरहटी के पास घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़कर उनकी तलाशी ली। इस दौरान उनके पास रखे बैग से बड़ी संख्या में नकली भारतीय करेंसी नोट बरामद हुए। शुरुआती जांच में सामने आया कि बरामद नोट 500 और 200 रुपये के मूल्यवर्ग में तैयार किए गए थे। पुलिस ने मौके से सभी नकली नोटों को जब्त कर आरोपियों को हिरासत में लिया।
पुलिस की कार्रवाई में 500 रुपये के 1702 नकली नोट बरामद हुए, जिनकी कीमत 8 लाख 51 हजार रुपये बताई गई है। वहीं, 200 रुपये के 101 नकली नोट भी मिले, जिनकी कीमत 20 हजार 200 रुपये है। इस तरह कुल 1803 नकली नोटों की गणना के अनुसार कीमत 8 लाख 71 हजार 200 रुपये होती है। पुलिस ने नकली नोट तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला एक प्रिंटर और होंडा एसपी शाइन मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 एन एक्स 9675 भी जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत पुलिस ने 9 लाख 21 हजार 700 रुपये बताई है।
इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमे शरद सिंह मरावी 34 वर्ष निवासी ग्राम नौगुला, थाना राजेंद्रग्राम, जिला अनूपपुर; अरविंद सिंह 28 वर्ष निवासी ग्राम अर्झुली, थाना खैरहा, जिला शहडोल; मनीष कुमार 33 वर्ष निवासी जिला डिंडौरी; अनिल कुमार उरैती 36 वर्ष निवासी ग्राम लालपुर, थाना गाड़ासरई, जिला डिंडौरी और नन्हे सिंह मरकाम 54 वर्ष निवासी ग्राम बोंदर, थाना गाड़ासरई, जिला डिंडौरी शामिल हैं। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
