तीन चोरी के मामलों पर, तीन आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
![]() |
शहडोल
चोरी के मामले पर सोहागपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी के तीन मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का माल बरामद किया है।
मेडिकल कॉलेज में एसी की कॉपर पाइप काटकर चोरी करने के मामले में पुलिस ने अजीत प्रजापति को गिरफ्तार किया। वहीं सोहागपुर के गढ़ी कचहरी मोहल्ला निवासी अतुल आनंद ब्रह्मचारी के घर से लैपटॉप चोरी होने की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ और लगातार प्रयास के बाद आरोपी ओम द्विवेदी को चोरी के लैपटॉप सहित गिरफ्तार किया।
इसी तरह रिलायंस कंपनी के यार्ड से तार चोरी के मामले में पुलिस ने राजेंद्रग्राम, अनूपपुर निवासी सुरेंद्र चौधरी को पकड़ा। उसके कब्जे से चोरी के तार बरामद किए गए। वारदात में इस्तेमाल बोलेरो वाहन भी पुलिस ने जब्त किया है। तीनों मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल भेज दिया गया।पुलिस का कहना है कि चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।
