मायके जाने की बात पर विवाद ने लिया खूनी रूप, डंडे से पीटकर पत्नी की हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार

मायके जाने की बात पर विवाद ने लिया खूनी रूप, डंडे से पीटकर पत्नी की हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार

*शव के पास रात भर सोता रहा पति, खून के निशान मिटाने के लिए गोबर से की पुताई*


अनूपपुर

जिले के कोतमा थाना क्षेत्र के टिकाई टोला में पति-पत्नी के बीच मायके जाने की बात को लेकर हुआ विवाद जानलेवा साबित हुआ। आरोप है कि पति सुदामा अगरिया (26) ने अपनी पत्नी चंदा देवी कोल (23) पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी रातभर पत्नी के शव के पास ही सोता रहा। अगले दिन सुबह जब उसकी नजर कमरे में बिखरे खून पर पड़ी, तब उसे पत्नी की मौत का पता चला। इसके बाद उसने खून के निशान मिटाने के लिए गोबर से पुताई करने की कोशिश की। पुलिस ने मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

*पांच साल पुराने रिश्ते के बाद की थी शादी*

जानकारी के अनुसार, चंदा और सुदामा के बीच करीब पांच साल पहले प्रेम संबंध शुरू हुए थे। बाद में दोनों साथ रहने लगे और शादी कर ली। दोनों मजदूरी कर अपना जीवनयापन करते थे। बताया जाता है कि चंदा के बिना बताए मायके चले जाने को लेकर उनके बीच अक्सर विवाद होता था। ग्रामीणों ने भी कई बार दोनों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन उनके बीच तनाव बना रहा।

*रात में बढ़ा विवाद, डंडे से हमले का आरोप*

बताया गया है कि घटना वाली रात करीब आठ से नौ बजे के बीच सुदामा नशे की हालत में घर पहुंचा। इसी दौरान मायके जाने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। पुलिस के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर सुदामा ने चंदा के साथ मारपीट की। इस दौरान उसके सिर, चेहरे, आंख और नाक पर गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उसकी मौत हो गई।

*सुबह खून देखकर हुआ मौत का अहसास*

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद सुदामा पत्नी के शव को घसीटकर कमरे में ले गया और नशे की हालत में उसके पास ही सो गया। गुरुवार सुबह उठने पर जब उसने कमरे में खून के निशान देखे, तब उसे पत्नी की मौत का पता चला। इसके बाद उसने कमरे में गोबर से पुताई कर खून के धब्बे छिपाने का प्रयास किया, लेकिन निशान पूरी तरह नहीं मिट सके।

*पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच*

घटना की सूचना मिलने पर कोतमा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की। मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोतमा भेजा गया। पुलिस ने मामले में सुदामा अगरिया को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के संबंध में पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Labels:

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget