लकड़ी काट रहा ग्रामीण पेड़ से गिरा, हुई मौत, चालक ने सड़क पर रेत गिराकर हुआ फरार
शहडोल
केशवाही चौकी अंतर्गत जंगल में पेड़ पर चढ़कर सूखी लकड़ी काट रहे 48 वर्षीय व्यक्ति की नीचे गिरने से मौत हो गई। लकड़ी काटने के दौरान अचानक पैर फिसलने से वह जमीन पर गिर पड़ा। हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे एक युवक ने उसे पेड़ के नीचे पड़ा देखा और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। हालांकि ग्रामीणों के पहुंचने तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान टेघा निवासी सकुल्ला सिंह 48 वर्ष के रूप में हुई है। वह घर में जलाने के लिए लकड़ी की व्यवस्था करने जंगल गया था। इसी दौरान वह एक पेड़ पर चढ़कर सूखी लकड़ियां काटने लगा। लकड़ी काटते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह अनियंत्रित होकर नीचे जमीन पर गिर पड़ा। ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई। केशवाही चौकी पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
*चालक ने सड़क पर रेत गिराकर हुआ फरार*
उमरिया जिले के चंदिया वन परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक 28 में अवैध रेत उत्खनन का मामला सामने आया है। जंगल से रेत निकालकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से ले जा रहे लोगों ने वन विभाग की टीम को देखकर सड़क पर रेत गिरा दी और वाहन लेकर फरार हो गए। वन विभाग की टीम ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर सामने आया। विभाग ने प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए पीओआर दर्ज किया है।
जंगल में रेत उत्खनन और परिवहन की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम को देखकर ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार लोग भागने लगे। इस दौरान उन्होंने ट्रॉली से रेत सड़क पर गिराना शुरू कर दिया। पूरी रेत सड़क पर डालने के बाद वे वाहन लेकर फरार हो गए। वनकर्मियों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया।
वन विभाग के एसडीओ कुलदीप त्रिपाठी ने बताया कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। विभाग अपने स्तर पर कार्रवाई कर रहा है। मामले में पुलिस में एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।
