मवेशी खोजने जंगल गया ग्रामीण का मिला शव, मौके पर मिले बाघ के पदचिह्न, वन विभाग जांच में जुटी
शहडोल
वन परिक्षेत्र गोहपारू के पटोरी बीट अंतर्गत कक्ष क्रमांक आरएफ-684 में ढिकुरी डोंगरी स्थित जंगल में ग्राम देवरी निवासी सोनशाह यादव का शव मिला है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटनास्थल के पास बाघ के पदचिह्न एवं उसके लौटने के निशान पाए गए हैं। घटना के बाद वन विभाग द्वारा क्षेत्र में सघन गश्ती की जा रही है। साथ ही ग्रामीणों से बाघ विचरण क्षेत्र में नहीं जाने और अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की अपील की गई है।
सोनशाह यादव गत दिवस अपने मवेशी को खोजने के लिए जंगल की ओर गए थे। इस दौरान पटोरी बीट के चौकीदार ने उन्हें शाम के समय जंगल में जाने से मना किया था। इसके बावजूद जब वे रात तक घर नहीं लौटे, तो ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने रात में संभावित क्षेत्रों में उनकी तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा होने के कारण उनका पता नहीं चल सका।
इसके बाद सुबह लगभग 5ः30 बजे वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया। तलाशी के दौरान नाले के अंदर सोनशाह यादव का शव पड़ा मिला। शव के पास बाघ के पदचिह्न एवं उसके लौटने के निशान भी पाए गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद वन विभाग द्वारा मृतक के परिजन को शासन के निर्देशानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मृतक की पत्नी उर्मिला यादव को 10 हजार रुपये नकद तात्कालिक सहायता के रूप में प्रदान किए गए हैं। शेष सहायता राशि का भुगतान उनके बैंक खाते में किए जाने की प्रक्रिया प्रचलित है। वन विभाग ने क्षेत्र के ग्रामीणों से अपील की है कि वे बाघ विचरण क्षेत्र में जाने से बचें।
