कपिलधारा-दूधधारा मार्ग पर महिला पर्यटक से लूटपाट, हंसिए जैसे धारदार हथियार से किया हमला
अनूपपुर
पवित्र नगरी अमरकंटक के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कपिलधारा से आगे दूधधारा जलप्रपात की ओर जाने वाले मार्ग पर पश्चिम बंगाल से घूमने आई एक महिला पर्यटक के साथ लूटपाट और हमले की घटना सामने आई है। महिला पर्यटक के अनुसार, एक अज्ञात व्यक्ति ने रास्ते में उन्हें रोककर पर्स छीन लिया और हंसिए जैसे धारदार हथियार से उनके हाथों पर वार कर दिया। घटना में महिला के हाथों में चोटें आईं। वारदात के बाद पर्यटक परिवार में भय का माहौल बन गया। परिवार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरकंटक में महिला का उपचार कराया और इसके बाद अपने घर के लिए रवाना हो गया। घटना के बाद कपिलधारा-दूधधारा मार्ग पर पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।
पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर से आठ सदस्यीय परिवार अमरकंटक भ्रमण के लिए आया था। परिवार के सदस्य यहां स्थित गायत्री मंदिर में ठहरे हुए थे। इसी दौरान परिवार के सदस्य देवाशीष नंदी, जो दुर्गापुर स्टील में कार्यरत हैं, अपनी पत्नी देवजानी नंदी के साथ कपिलधारा और दूधधारा जलप्रपात देखने पहुंचे थे। बताया गया कि दोपहर में दूधधारा से वापस लौटते समय महिला के साथ यह घटना हुई।
पीड़िता देवजानी नंदी ने बताया कि दूधधारा से वापस लौटते समय रास्ते में करीब 50 वर्ष की उम्र का एक अज्ञात व्यक्ति दिखाई दिया। उसने काले रंग की शॉल ओढ़ रखी थी, उसके बाल बिखरे हुए थे और उसके हाथ में हंसिए जैसा धारदार हथियार था। महिला के अनुसार, उस व्यक्ति ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और उनका पर्स छीन लिया। इसके बाद उसने धारदार हथियार से उनके हाथों पर वार कर दिया, जिससे उन्हें चोटें आईं।
घटना के समय उनके पति देवाशीष नंदी पीछे से आ रहे थे। महिला ने अपने पति को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार के सदस्य उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरकंटक लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज कराया गया। पीड़िता के मुताबिक, छीने गए पर्स में मोबाइल फोन और नकदी रखी हुई थी।
