मानसिक अस्वस्थ महिला ने सड़क पर नवजात को दिया जन्म, बच्ची की हुई मौत
अनूपपुर
जिला मुख्यालय में कोतवाली थाना के समीप एक हृदयविदारक घटना सामने आई। मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही एक महिला ने सड़क किनारे ही नवजात बच्ची को जन्म दिया। जन्म के कुछ ही समय बाद बच्ची की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला सड़क किनारे प्रसव पीड़ा से परेशान थी। इसी दौरान उसने बच्ची को जन्म दिया। स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलने पर एंबुलेंस पायलट विजय कुशवाहा मौके पर पहुंचे और महिला को जिला अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
घटना ने सार्वजनिक स्थानों पर जरूरतमंदों की देखभाल और समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने को लेकर सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल महिला की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी है। बच्ची की मौत से मौके पर मौजूद लोगों में दुख का माहौल रहा।
