थर्मल एवं न्यूक्लियर पावर प्लांट के विरोध में चौसरा में किसानों की बैठक संपन्न
छिंदवाड़ा
ग्राम चौसरा में आज थर्मल पावर प्लांट के प्रस्तावित निर्माण के विरोध में किसानों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में हिवरखेड़ी, चौसरा, धनौरा, डागावानी, पिपरिया एवं थावड़ी सहित आसपास के ग्रामों के किसान शामिल हुए।
बैठक में किसानों ने कहा कि क्षेत्र में न्यूक्लियर पावर प्लांट अथवा थर्मल पावर प्लांट किसी भी प्रकार का प्रोजेक्ट स्थापित नहीं किया जाए। किसानों के अनुसार उनकी भूमि के संबंध में पूर्व से न्यायालयीन प्रकरण भी विचाराधीन हैं तथा लगभग 38 वर्षों से भूमि पर किसानों का कब्जा चला आ रहा है।
किसानों ने कहा कि यदि शासन द्वारा भूमि का अधिग्रहण कागजों में किया गया है, लेकिन आज भी भूमि किसानों के कब्जे में है, तो इस स्थिति का विधि एवं राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार निराकरण किया जाना चाहिए। किसानों की प्रमुख मांग है कि भूमि की पावती/राजस्व रिकॉर्ड में किसानों के नाम दर्ज किए जाएं तथा उनके भूमि अधिकार स्पष्ट किए जाएं।
किसानों ने मीडिया, न्यायालय एवं शासन-प्रशासन से अनुरोध किया कि पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए किसानों के पक्ष को सुना जाए और किसी भी परियोजना के संबंध में निर्णय लेने से पहले प्रभावित किसानों के हितों एवं उनके वैधानिक अधिकारों का ध्यान रखा जाए।
बैठक में उपस्थित किसानों ने एकजुट होकर कहा कि किसानों की भूमि एवं उनके अधिकारों की रक्षा करते हुए ही आगे की कार्यवाही की जाए।
