मकान गिरा, पति-पत्नी व मासूम बच्चा घायल, 6 बकरी की मौत, जेल मेबसज काट रही महिला की उपचार के दौरान मौत
शहडोल
जनपद पंचायत बुढार अंतर्गत ग्राम पंचायत नगपुरा के कांदा टोला में सोमवार सुबह करीब 5 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब दादू लाल पिता रमहल्ली बैगा का कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। जिससे पति-पत्नी और उनका मासूम बच्चा मलबे में दब गए।
घर पर बंधी छह बकरियों की दबने से मौत हो गई। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बिना देर किए अन्य लोगों को बुलाया और ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही सरपंच, सचिव मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और मलबे में दबे पति-पत्नी तथा बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद तीनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
*जेल में सजा काट रही महिला की उपचार के दौरान मौत*
जिला जेल शहडोल में चेक बाउंस के मामले में एक साल की सजा काट रही 64 वर्षीय महिला बंदी पुष्पा बघेल की उपचार के दौरान मेडिकल कॉलेज शहडोल में मौत हो गई। महिला बंदी की सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई और बीपी लो होने की शिकायत के बाद जेल प्रशासन ने तत्काल उसे जिला चिकित्सालय पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुष्पा बघेल चेक बाउंस के मामले में सजा काट रही थी। न्यायालय द्वारा 28 मार्च 2025 को उसे एक वर्ष के साधारण कारावास की सजा सुनाई गई थी।

