दुकान में ताले आग लगाकर चोरी का असफल प्रयास, महुआ का पेड़ बिजली पोल पर गिरा, गांव में छाया अंधेरा
अनूपपुर
कोतमा नगर के पुराने रेलवे फाटक के पास स्थित मो तजममुल की मोटर बाइंडिंग दुकान में चोरी का असफल प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। चोरों ने आधी रात को दुकान के ताले पर पेट्रोल डालकर आग लगाई और ताला तोड़ने की कोशिश की आग की लपटों के कारण मामले का खुलासा हो सका। मामले की शिकायत थाना में की गई है।
रात को बदमाशों द्वारा ताला तोड़कर दुकान के अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया गया। घटना की दौरान अनिल पोथन स्टेशन चौक कोतमा से अपने घर की ओर से जा रहे थे। जिनकी नजर दुकान के ताले से उठती आग की लपटों पर पड़ी। उन्होंने रुकते हुए सूचना पुलिस एवं अन्य लोगों को दी गई। रात्रि गस्त पुलिस टीम पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बदमाश की तलाश में आस पास सर्चिंग भी किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आसपास तलाश की। घटनास्थल के समीप पेट्रोल की बोतल भी बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर संदिग्धों आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
*महुआ का पेड़ बिजली पोल में गिरा, गांव में छाया रहा अंधेरा*
अनूपपुर जिले के कोतमा विद्युत वितरण केंद्र अंतर्गत छोहरी गांव में सड़क किनारे स्थित भारी महुआ का पेड़ टूटकर गांव में गिर गया। पेड़ गिरने से बिजली का पोल क्षतिग्रस्त हो गया और गांव की विद्युत व्यवस्था बाधित हो गई। सुबह से बंद हुई लाइट चालू नही हो सकी। जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। खासकर बच्चे एवं बुजुर्गों को अंधेरे एवं मच्छरों के बीच गुजरना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही पंचायत एवं विद्युत विभाग की टीम सक्रिय हुई और पेड़ को काटकर हटाने तथा क्षतिग्रस्त बिजली तारों को सुधारने का कार्य शुरू किया गया। ट्रांसफार्मर में आई खराबी के कारण फाटकटोला सहित आसपास की बस्तियों में अंधेरा छाया रहा।
एक निजी कंपनी का टॉवर भी प्रभावित हुआ जिससे मोबाइल् नेटवर्क भी बंद रहा जो शाम तक चालू हो सका। गांव के कुछ मोहल्ले में लाइट चालू हो सकी। विद्युत विभाग की टीम द्वारा व्यवस्था बहाल करने के लिए मरम्मत कार्य किया जा रहा है।
