समाचार 01 फ़ोटो 01

फावड़ा मारकर महिला की हुई थी हत्या, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, बेटा निकला माँ का हत्यारा

*संपत्ति-जेवर के लालच में किया कारनामा*

शहडोल

जिस मां ने बेटे को जन्म दिया, उसी बेटे ने लालच में मां की जिंदगी छीन ली, खेत के बीच बने सुनसान घर में 55 साल की विधवा प्रेम बाई अहिरवार अकेली थीं। लेकिन उन्हें क्या पता था कि मौत बाहर से नहीं, बल्कि अपने ही घर से आने वाली है। 18 सितंबर को फावड़े से सिर पर एक के बाद एक वार कर मां की हत्या करके फरार हो गया था। सीधी पुलिस ने इस खौफनाक हत्याकांड का पर्दाफाश कर आरोपी बेटे कौशल अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला सीधी थाना क्षेत्र के ग्राम दरैन के बाहा टोला का है। प्रेम बाई अहिरवार, पति स्वर्गीय राम नारायण अहिरवार, अपने खेत में बने मकान में अकेली रहती थीं, उनके पति शिक्षक थे और वर्ष 2020 में उनकी मृत्यु हो गई थी, बताया जा रहा है कि पति की मौत के बाद प्रेम बाई खेत में ही मकान बनाकर रहने लगी थीं. परिवार में उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा उमरिया जिले के पाली में डाक विभाग में कार्यरत है, जबकि छोटा बेटा देवशरण गांव के पुराने मकान में अलग रहता है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ तथा तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस की जांच हत्या की कड़ी को परिवार तक ले गई।

जांच में पुलिस को बेटे कौशल अहिरवार पर संदेह हुआ, पूछताछ में कथित तौर पर हत्या की वजह मां की संपत्ति, नगदी और जेवरात का लालच सामने आया, पुलिस के अनुसार, कौशल ने फावड़े से मां के सिर पर कई वार कर हत्या की थी। 

बताया जा रहा है कि आरोपी कौशल के पिता शिक्षक थे और उनकी मृत्यु के बाद उसे अनुकंपा नियुक्ति मिली थी, जिसके तहत वह स्कूल में भृत्य के पद पर पदस्थ था,पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल फावड़े सहित अन्य साक्ष्यों को जुटाकर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

समाचार 02 फ़ोटो 02

चेक बाउंस के मामले में आरोपी को एक वर्ष का सश्रम कारावास एवं ₹5,75,578/- प्रतिकर जमा करने का आदेश

अनूपपुर

भारतीय स्टेट बैंक, शाखा कलेक्ट्रेट एरिया, अनूपपुर द्वारा प्रस्तुत चेक अनादरण के प्रकरण में  न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, अनूपपुर के न्यायालय द्वारा आरोपी अब्दुल आसिफ मंसूरी पिता अब्दुल कादिर मंसूरी, उम्र 32 वर्ष, निवासी वार्ड नं. 03, मस्जिद रोड, अनूपपुर को अपराध में दोषसिद्ध करते हुए 01 वर्ष के सश्रम कारावास से दंडित किया गया है। प्रकरण में भारतीय स्टेट बैंक की ओर से पैनल अधिवक्ता विजेन्द्र सोनी ने पैरवी की।

न्यायालय के निर्णय के अनुसार आरोपी द्वारा जारी चेक की राशि ₹4,81,426/- थी। चेक दिनांक 07.12.2023 से निर्णय दिनांक 18.09.2026 तक 9 प्रतिशत वार्षिक साधारण ब्याज की गणना करते हुए न्यायालय ने कुल ₹6,00,578/- की राशि प्रतिकर के रूप में निर्धारित की। प्रकरण लंबित रहने के दौरान आरोपी द्वारा कुल ₹25,000/- जमा किए जाने को समायोजित करते हुए न्यायालय ने आरोपी को शेष ₹5,75,578/- की राशि अदा करने का निर्देश दिया।

न्यायालय ने निर्देशित किया कि प्रतिकर की राशि का भुगतान न करने की स्थिति में विधि के अनुसार उसके परिणाम भुगतने होंगे। आरोपी को ₹20,257/- की राशि अभियोजन व्यय के रूप में भी अदा करने का आदेश दिया गया है। उक्त राशि का भुगतान न करने की स्थिति में 15 दिवस का साधारण कारावास भुगतना होगा।

न्यायालय ने आरोपी को सुनाई गई सजा के संबंध में सजा वारंट तैयार कर जिला जेल भेजे जाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, पूर्व में दिए गए जमानत एवं बंधपत्र संबंधी आदेशों को निरस्त किए।

समाचार 03 फ़ोटो 03

37 लाख की सड़क पर फर्जी भुगतान का आरोप, मजदूरी हड़पने की शिकायत, भाजपा जिलाध्यक्ष व महामंत्री कटघरे में

शहडोल

जनपद पंचायत गोहपारू क्षेत्र की ग्राम पंचायत सेमरा में करीब 37 लाख रुपये की लागत से स्वीकृत ग्रेवल मार्ग को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्राम पंचायत सेमरा के सरपंच ने जिला कलेक्टर और क्षेत्रीय विधायक को शिकायत देकर निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दयाराम के घर से वाले के घर तक प्रस्तावित ग्रेवल मार्ग का निर्माण निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं कराया गया और कागजों में कार्य पूर्ण दर्शाकर भुगतान कर दिया गया।

सरपंच के अनुसार, निर्माण कार्य में वास्तविक रूप से काम करने वाले मजदूरों को अब तक उनकी मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है। आरोप है कि फर्जी मस्टर रोल तैयार कर मजदूरों के नाम पर राशि का आहरण किया गया। मजदूरी नहीं मिलने के कारण संबंधित मजदूरों द्वारा लगातार सीएम हेल्पलाइन में शिकायतें की जा रही हैं।

शिकायत में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। सरपंच का आरोप है कि मार्ग पर निर्धारित मोटाई के स्थान पर महज करीब एक इंच डस्ट की परत डालकर खानापूर्ति की गई। वहीं करीब चार इंच सिक्स एमएम सामग्री के फर्जी बिल लगाए जाने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक निर्माण के दौरान किसी भी परत पर रोलर नहीं चलाया गया तथा बिना टेस्ट रिपोर्ट के खराब गुणवत्ता की ग्रेवल और मुरूम का उपयोग किया गया।

बताया गया है कि बारिश के दौरान सड़क की स्थिति खराब होने लगी है और कई स्थानों पर मार्ग बह रहा है। शिकायत में निर्माण कार्य से जुड़े जिम्मेदार कर्मचारियों तथा कार्य करा रहे ठेकेदारों की भूमिका की जांच की मांग की गई है।

सरपंच ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की तकनीकी एवं वित्तीय जांच कराकर वास्तविक मजदूरों को मजदूरी दिलाने, गुणवत्ता की जांच करने तथा अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत में भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुरेश चतुर्वेदी और गोहपारू मंडल महामंत्री नरेंद्र मिश्रा की भूमिका पर भी आरोप लगाए गए हैं।

समाचार 04 फ़ोटो 04

समाजसेवी शिवांश सिंह राजपूत ने एनएच-43 पर सड़क हादसे में घायल डॉक्टर की बचाई जान

​अनूपपुर 

पयारी  नम्बर 91 में स्थित एसएसआर इंटरनेशनल स्कूल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में घायल हुए डॉ. आदित्य तिवारी की जान बदरा निवासी समाजसेवी शिवांश सिंह राजपूत ने समय पर अस्पताल पहुंचाकर बचा ली। यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और मानवीय संवेदनाओं की एक मिसाल बन गई है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार 53 वर्षीय डॉ. आदित्य तिवारी, जो कि छिल्पा के निवासी हैं, किसी कार्यवश अपनी बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान पयारी स्थित एसएसआर इंटरनेशनल स्कूल के समीप एनएच-43 पर उनकी बाइक की अन्य बाइक से भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में डॉक्टर के सिर, हाथ और कंधे पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वे सड़क पर लहूलुहान अवस्था में गिर पड़े और उन्हें तत्काल चिकित्सीय सहायता की आवश्यकता आन पड़ी थी।

​घटना की भनक लगते ही इलाके के जाने-माने समाजसेवी शिवांश सिंह राजपूत बिना एक पल गंवाए तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने अपनी तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए बिना किसी विलंब के अपने निजी वाहन से घायल डॉक्टर को फुंनगा स्थित अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तुरंत उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया, जिससे उनकी स्थिति को स्थिर किया जा सके।

​प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने डॉक्टर की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला मुख्यालय अनूपपुर के लिए रेफर कर दिया, जहां उनका आगे का इलाज जारी है। समय पर अस्पताल पहुंचाकर उन्होंने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि मानवता और सेवाभाव से बढ़कर दुनिया में कुछ नहीं है।

समाचार 05 फ़ोटो 05

धनीराम गुप्ता का परिवार 56 वर्षों से गणपति बप्पा की कर रहा है सेवा, आस्था व एकता का बना मिसाल

शहडोल

धनपुरी नगर इन दिनों एक ऐसे अनोखे और धर्मपरायण परिवार की चर्चा से सराबोर है, जो न केवल धार्मिक आस्था की जीती-जागती मिसाल बन चुका है, बल्कि समाज के लिए पारिवारिक एकजुटता का एक अद्भुत संदेश भी दे रहा है। यहाँ के प्रतिष्ठित व्यवसायी धनीराम गुप्ता का परिवार पिछले लगातार 56 वर्षों से पूरी श्रद्धा, अटूट विश्वास और भक्ति भाव के साथ गणपति बप्पा की सेवा कर रहा है। आज के आधुनिक युग में जहाँ संयुक्त परिवार टूट रहे हैं, वहाँ इस परिवार की यह अटूट परंपरा हर किसी को प्रेरणा दे रही है।

इस धार्मिक अनुष्ठान की सबसे खूबसूरत बात यह है कि इसमें परिवार के पाँच भाइयों के पूरे परिवार सहित कुल 45 सदस्य एक साथ शामिल होते हैं। यह विशाल परिवार राजीव मार्केट में एक ही छत के नीचे मिलकर रहता है और बप्पा के उत्सव को भव्य रूप देता है। परिवार में सुख-समृद्धि और समाज में एकता की कामना के साथ शुरू हुआ यह उत्सव हर साल अपनी दिव्यता और भव्यता के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

इस गणेश उत्सव में उम्र की कोई सीमा नहीं दिखती। परिवार के सबसे बड़े 63 वर्षीय मुखिया धनीराम गुप्ता से लेकर सबसे छोटे सदस्य 3 वर्ष के नन्हे शिवांश तक, सभी इस धार्मिक अनुष्ठान में अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन करते हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर कोई बप्पा की सेवा में लीन रहता है। सभी परिवारजन मिलकर झांकी को सजाते हैं और उसे एक मनमोहक और भव्य रूप देते हैं।

हर बरस एक नई साज-सज्जा और अनूठी झांकी के साथ गणपति उत्सव का आयोजन कर यह परिवार न केवल सनातन धर्म की ध्वजा को फहरा रहा है, बल्कि समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता का एक सशक्त संदेश भी दे रहा है। गुप्ता परिवार का यह सामूहिक प्रयास पूरे नगर वासियों के आकर्षण और श्रद्धा का केंद्र बना हुआ है।

समाचार 06 फ़ोटो 06

सड़क निर्माण की मांग को लेकर विधायक ग्रामीणों के साथ सड़क पर बैठे धरने पर, 3 घंटे बाधित रहा मार्ग

अनूपपुर

पुष्पराजगढ़ क्षेत्र में स्वीकृत सड़क का निर्माण शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग को लेकर कांग्रेस विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को ग्रामीणों के साथ सड़क पर बैठ गए। राजेंद्रग्राम से डिंडौरी-जबलपुर जाने वाले मुख्य मार्ग पर हुए चक्काजाम के कारण करीब 3 घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

ग्राम लखौरा से बोदा तक सड़क निर्माण की स्वीकृति कई साल पहले हो चुकी है, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क नहीं बनने से उन्हें लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने शासन और प्रशासन पर उनकी मांग की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

इसी मांग को लेकर विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को भी ग्रामीणों के साथ प्रदर्शन में शामिल हुए। विधायक और ग्रामीणों ने सड़क पर बैठकर शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।

विधायक और ग्रामीणों के चक्काजाम के कारण राजेंद्रग्राम से डिंडौरी और जबलपुर जाने वाला मुख्य मार्ग करीब 3 घंटे तक बंद रहा। सड़क पर वाहनों की आवाजाही रुकने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हुई। मार्ग पर वाहनों की कतार भी लग गई।

चक्काजाम की सूचना मिलने के बाद प्रशासन की ओर से तहसीलदार मौके पर पहुंचे। उन्होंने विधायक और ग्रामीणों से बातचीत की और उनकी मांगों से संबंधित ज्ञापन लिया। तहसीलदार ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और आगे की कार्रवाई की जानकारी दी जाएगी। आश्वासन मिलने के बाद विधायक और ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और मार्ग पर यातायात शुरू हुआ।

समाचार 07 फोटो 07

पुराने भवन में निर्माण कार्य के दौरान लोहे का गार्डर टूटा, दो मजदूर मलबे में दबकर हुए घायल

शहडोल

जिला मुख्यालय में पुराने भवन में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान अचानक लोहे का गार्डर टूट गया। इसके साथ ही निर्माणाधीन हिस्सा भरभराकर नीचे आ गिरा और वहां काम कर रहे दो मजदूर मलबे में दब गए। आसपास मौजूद लोगों और साथी मजदूरों ने किसी तरह दोनों को बाहर निकाला। हादसे में औढेरा निवासी हीरालाल रैदास और लाला सिंह घायल हुए हैं। घटना के बाद मौके पर पहुंची नगर पालिका की टीम ने भवन के खतरनाक हिस्से को जेसीबी से ढहा दिया।

घटना बस स्टैंड के पास मुख्य मार्ग किनारे स्थित एक पुरानी दो मंजिला इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में हुई। बताया गया कि भवन काफी पुराना है और उसके भीतर दुकान का संचालन भी किया जा रहा था। इसी दौरान अंदर से तोड़फोड़ कर नए निर्माण का काम कराया जा रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण के दौरान सुरक्षा इंतजाम भी पर्याप्त नहीं थे।

घटना के भी बाद कुछ समय तक निर्माण कार्य जारी रहने की जानकारी सामने आई है। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना नगर पालिका और कोतवाली पुलिस को दी। इसके बाद अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचे और भवन में मौजूद लोगों को बाहर कराया गया। नगर पालिका ने मौके की स्थिति देखने के बाद पंचनामा तैयार किया और खतरे वाले हिस्से को मशीन की मदद से गिरा दिया।

घायल मजदूरों ने बताया कि बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के निर्माण कार्य कराया जा रहा था। निर्माण से जुड़े ठेकेदार रामप्रीत के अनुसार भवन पर काम शुरू करने से पहले ही दुकान संचालक विजय बुधवानी को गार्डर पर ज्यादा भार पड़ने से उसके टूटने की आशंका बताई गई।

समाचार 08 फ़ोटो 08

नदी पार कर कब्रिस्तान जाना बन सकता है मौत का सफर, तेज बहाव के बीच लोग पार कर रहे हैं नदी

उमरिया

मौत के बाद हर इंसान को दो गज जमीन तक पहुंचने का हक है,लेकिन नोरोज़ाबाद से सटे ग्राम कंचनपुर में यह आखिरी सफर भी किसी इम्तिहान से कम नही। 

जिले के कंचनपुर के पीपल चौक के पास रहने वाले मुजीबुर्रहमान का हार्ट अटैक से निधन हो गया। बुधवार को उन्हें गांव के उस कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया, जो नदी की दूसरी ओर स्थित है। जनाजा कब्रिस्तान तक पहुंचाने के लिए लोगों को करीब 4 से 5 फीट गहरी नदी की धार पार करनी पड़ी। शव को पानी के बीच से लेकर गुजरना जोखिम भरा था। तेज बहाव और गहराई के कारण बड़ी संख्या में लोग चाहकर भी नदी पार करने की हिम्मत नहीं जुटा सके और आखिरी मिट्टी में शामिल होने से महरूम रह गए। यह दृश्य सिर्फ एक परिवार की मजबूरी नहीं, बल्कि व्यवस्था के सामने खड़ा बड़ा सवाल भी है कि आखिर किसी इंसान के आखिरी सफर के लिए भी सुरक्षित रास्ता क्यों नहीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी पर रपटा या सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था की मांग कई बार प्रशासन से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। अंतिम संस्कार के लिए मुक्तिधाम जाना लोगो के लिए मौत का सफर बन सकता है।

इसी तरह उमरिया मुख्यालय के ज्वालामुखी टोला में भी मुक्तिधाम नदी के दूसरी ओर श्मशान घाट होने के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। हालात की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि हाल ही में अंतिम संस्कार के लिए शव ले जाते समय तेज बहाव में शव दो बार नदी में बह गया। परिजनों की तत्परता से उसे तत्काल पकड़ लिया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार हो सका। ज्वालामुखी श्मशान घाट तक सुरक्षित पहुंच मार्ग के लिए महिला वार्ड पार्षद विनीता संजय तिवारी और सविता सोंधिया ने नगरपालिका से जल्द रपटा सहित आवश्यक व्यवस्था कराने की मांग की है। कंचनपुर और ज्वालामुखी की तस्वीरें देख एक सवाल ज़रूर सामने खड़ा है कि क्या आखिरी सफर को सुरक्षित बनाने के लिए भी अब किसी हादसे का इंतजार करना पड़ेगा।

समाचार 09

विद्यालयों का जिला सीईओ ने किया निरीक्षण

अनूपपुर

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित विभिन्न गतिविधियों के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने शासकीय उत्कृष्ट उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जैतहरी, हाई स्कूल खूंटाटोला, हाई स्कूल बालक चोलना, हाई स्कूल दारसागर तथा शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय कोतमा में आयोजित निबंध प्रतियोगिता का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद किया तथा उन्हें शैक्षणिक तैयारी के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने भ्रमण के दौरान विभिन्न विद्यालयों के भवन तथा उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन करते हुए आवश्यक कार्यों के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। 

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget