भिखारी बनकर डॉक्टर के घर पर दिनदहाड़े दीवार कूदकर चुराई मूर्ति, सीसीटीवी में कैद हुई करतूत
शहडोल
बुढ़ार थाना क्षेत्र की आदर्श कॉलोनी में दिनदहाड़े चोरी की एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति कथित तौर पर पागल और भिखारी के भेष में कई दिनों से इलाके में घूमता रहा। घर की रेकी करने के बाद मौका मिलते ही डॉक्टर के घर में घुस गया और वहां रखी एक मूर्ति चोरी कर फरार हो गया। चोरी की पूरी करतूत घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जिले के बुढार थाना क्षेत्र आदर्श कॉलोनी निवासी डॉक्टर ए.के. लाला अपने घर में ही क्लिनिक संचालित करते हैं। घटना के समय डॉक्टर क्लिनिक खोलकर किसी काम से बाहर गए थे और घर के मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था। इसी दौरान एक व्यक्ति, जिसे स्थानीय लोग पिछले कुछ दिनों से भिखारी अथवा मानसिक रूप से अस्वस्थ समझकर नजरअंदाज कर रहे थे, घर के आसपास पहुंचा।
सीसीटीवी फुटेज में कथित चोर पहले घर के आसपास इधर-उधर घूमकर स्थिति का जायजा लेता नजर आ रहा है। कुछ देर तक रेकी करने के बाद जब उसे आसपास कोई दिखाई नहीं दिया तो वह तेजी से गेट और दीवार को पार कर घर के अंदर दाखिल हो गया। अंदर जाने के बाद उसने सामान तलाशा, लेकिन जब कुछ खास हाथ नहीं लगा तो घर में रखी एक मूर्ति उठाई और उसी रास्ते से बाहर निकलकर फरार हो गया। भिखारी चोर की सब करतूत डाक्टर के घर में लगे सीसीटीवी कैद हो गई।
डॉक्टर ए.के. लाला ने बताया कि एक व्यक्ति कुछ दिनों से इलाके में भिखारी के रूप में घूम रहा था, लोग उसे पागल समझते थे, लेकिन मौका मिलते ही उसने घर में प्रवेश कर मूर्ति चोरी कर ली। उनका कहना है कि यदि घर में कोई कीमती सामान रखा होता तो वह उसे भी लेकर जा सकता था।
