बिजली कनेक्शन काटे जाने से नाराज युवक शराब के नशे में चढ़ा ट्रांसफार्मर पर, कर्मचारियों को दी गाली
शहडोल
बिजली का कनेक्शन काटे जाने से नाराज एक युवक ने शराब के नशे में जान की परवाह किए बिना विद्युत सब-स्टेशन परिसर में पहुंचा और ट्रांसफॉर्मर पर चढ़कर बैठ गया, इसके बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए घंटों हंगामा करता रहा। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मामला अमलाई थाना क्षेत्र के रूंगटा-साबो स्थित एसईसीएल शारदा ओसीएम की बंद पड़ी खदान की कॉलोनी के सब-स्टेशन का है। रूंगटा निवासी बबलू केवट अपने क्वार्टर की बिजली काटे जाने से नाराज था। बताया जा रहा है कि लगातार बिजली गुल होने को लेकर भी वह परेशान था। इसी दौरान शराब के नशे में वह सब-स्टेशन पहुंच गया और वहां लगे ट्रांसफॉर्मर पर चढ़कर बैठ गया। वायरल वीडियो में युवक ट्रांसफॉर्मर के ऊपर बैठा दिखाई दे रहा है। वह विद्युत विभाग के कर्मचारियों के साथ कथित तौर पर गाली गलौज करता नजर आ रहा है। सुरक्षा को देखते हुए कर्मचारी वहां से दूर हट गए।
बताया जा रहा है कि युवक के ट्रांसफॉर्मर पर चढ़ने के बाद उसकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रांसफॉर्मर की बिजली सप्लाई लाइन काट दी गई थी, इसके बाद भी युवक काफी देर तक ऊपर बैठकर हंगामा करता रहा। घंटों चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद वह आखिरकार नीचे उतरा। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। सवाल यह है कि संवेदनशील विद्युत परिसर में युवक प्रवेश कैसे कर गया। सब स्टेशन की सुरक्षा के लिए वहां क्या इंतजाम किए गए हैं?
