नदी में मछली पकड़ने के दौरान करंट से युवक की हुई मौत, दोस्तो ने शव को दफनाया, दो आरोपी गिरफ्तार
उमरिया
जिले के ग्राम मगरघरा में मछली पकड़ने के दौरान करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद उसके साथ मौजूद दो दोस्तों ने मामले को छिपाने के लिए शव को गड्ढा खोदकर दफना दिया और मौके से फरार हो गए।
युवक के लापता होने के बाद परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस जांच में पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और जांच के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
मृतक और उसके दो दोस्त घर से नदी में मछली पकड़कर पार्टी करने की योजना बनाकर निकले थे। तीनों ने मछली पकड़ने के लिए उन्होंने कथित तौर पर बिजली चोरी कर नदी में बिजली का तार डालने की योजना बनाई। जैसे ही बिजली का तार नदी के पानी में डाला गया, उसी दौरान एक युवक करंट की चपेट में आ गया। करंट का तेज झटका लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
अचानक हुई इस घटना से घबराए दोनों दोस्तों ने पुलिस और परिजनों को सूचना देने के बजाय घटना को छिपाने का फैसला किया। दोनों ने मिलकर नदी के पास एक गड्ढा खोदा और मृतक युवक के शव को उसमें दफना दिया। इसके बाद दोनों वहां से चले गए।
युवक के घर नहीं पहुंचने पर परिजनो ने थाना में सूचना दी। तलाश के दौरान परिजनों को एक स्थान पर ताजी मिट्टी दिखाई दी। उन्हें शक हुआ कि वहां कुछ छिपाया गया है। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध स्थान पर खुदाई कराई। खुदाई के दौरान युवक का शव बरामद हुआ। जांच के दौरान मृतक के दोनों दोस्तों की भूमिका सामने आई।
