समाचार 01 फ़ोटो 01
जर्जर भवन में संचालित हो रहा शासकीय विद्यालय, विद्यार्थियों पर मंडरा रहा खतरा
*पार्षद पवन चीनी ने की नए भवन निर्माण की मांग*
अनूपपुर
नगर परिषद बरगवां-अमलाई अंतर्गत वार्ड क्रमांक 06 में संचालित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमलाई कॉलरी इन दिनों जर्जर भवन के चलते गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। पिछले करीब एक माह से लगातार हो रही बारिश के कारण विद्यालय भवन की स्थिति और खराब हो गई है। कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं सहित लाइब्रेरी रूम की छत से बारिश का पानी अंदर टपक रहा है, जिससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विद्यालय में कक्षा 9वीं से 12वीं तक पढ़ाई संचालित होती है, जिसमें कुल 278 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इनमें करीब 118 छात्र और 160 छात्राएं शामिल हैं। जानकारी के अनुसार कक्षा 9वीं में 86, कक्षा 10वीं में 51 तथा कक्षा 11वीं में 71 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। जर्जर भवन में कक्षाएं संचालित होने के कारण विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बनी हुई है।
*छत व दीवारों से बना खतरा*
नगर परिषद बरगवां-अमलाई अंतर्गत वार्ड क्रमांक 07 के पार्षद एवं समाजसेवी पवन चीनी ने बताया कि विद्यालय भवन कई वर्षों पुराना है और इसकी कई जगहों पर छत जर्जर हो चुकी है। बारिश के दौरान छत से पानी टपकने के कारण विद्यार्थियों को कक्षाओं में बैठने में परेशानी होती है। वहीं, भवन की दीवारें भी लगातार भीग रही हैं।
विद्यार्थियों का कहना है कि कक्षा 10वीं सहित अन्य कक्षाओं की भीगी दीवारों के कारण विद्युत करंट आने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में किसी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
*लाइब्रेरी की किताबों पर मंडरा रहा खतरा*
विद्यालय की लाइब्रेरी रूम की छत भी जर्जर होने के कारण बारिश का पानी अंदर पहुंच रहा है। इससे लाइब्रेरी में रखी किताबों एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री के खराब होने की आशंका बनी हुई है। विद्यार्थियों के लिए उपयोगी पुस्तकों को सुरक्षित रखने के लिए भवन की मरम्मत अथवा नए भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
*पांच बार पत्राचार नहीं निकला समाधान*
विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति को लेकर विद्यालय प्रबंधन द्वारा संबंधित आदिवासी विकास विभाग को अब तक करीब पांच बार पत्राचार किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके बावजूद अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। लगातार बारिश के बीच भवन की स्थिति और खराब होने से विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।
पार्षद पवन चीनी ने की नए भवन निर्माण की मांग
पार्षद एवं समाजसेवी पवन चीनी ने कहा कि विद्यालय का भवन कई वर्षों पुराना होने के कारण अब जर्जर स्थिति में पहुंच गया है। इस भवन में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उनकी सुरक्षा को लेकर भी खतरा बना हुआ है। उन्होंने सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग से मांग की है कि विद्यालय भवन का शीघ्र निरीक्षण कराया जाए और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द नए विद्यालय भवन के निर्माण की स्वीकृति एवं कार्यवाही की जाए। नए भवन के निर्माण से विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा तथा उनकी पढ़ाई भी सुचारु रूप से संचालित हो सकेगी।
विद्यालय प्रबंधन एवं विद्यार्थियों ने भी प्रशासन से मांग की है कि जब तक नए भवन का निर्माण नहीं होता, तब तक जर्जर हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराकर अथवा वैकल्पिक व्यवस्था कर विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
समाचार 02 फ़ोटो 02
मवेशी बांधते समय गले में फसी रस्सी, वृद्धा की हुई मौत, पुलिस जांच में जुटी
अनूपपुर
कोतवाली थाना अनूपपुर से 12 किलोमीटर दूर स्थित पसला गांव के राठौर मोहल्ला में घर के मवेशी बांध रही एक वृद्ध महिला के गले एवं शरीर में मवेशी के लंबी रस्सी फस जाने से बृद्धा की स्थल पर मौत हो गई। शव रात भर पड़ी रही, सुबह पुत्र की आने खोजबीन करने दौरान मृत हालात में दिखने पर कोतवाली पुलिस को सूचना दिए जाने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच करने में जुटी हुई है।
कोतवाली थाना अनूपपुर से 12 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत पसला के राठौर मोहल्ला निवासी 64 वर्षीय वृद्धा रामकली राठौर पति बाबूलाल राठौर घर में अकेले रही थी। रविवार की रात घर से 500 मीटर दूर स्थित अपने खेत में मवेशियों को एक स्थान से छोड़कर दूसरे स्थान पर बांध रही थी तभी एक मवेशी जिसके गले में लंबी रस्सी बंधी थी, जो रस्सी सहित भागने लगी, उसी दौरान गले एवं शरीर के अन्य हिस्सों में कसकर लिपट जाने पर घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई। मृतिका का पुत्र जो एक दिन पूर्व कुछ काम से बाहर गया था, सुबह पसला स्थित अपने घर आने पर मां की नहीं दिखने पर खोजबीन दौरान घर से कुछ दूर सुनसान जगह में मृत स्थिति में दिखाई पड़ने पर, कोतवाली थाना अनूपपुर को सूचना दिए जाने पर सहायक उप निरीक्षक संतोष वर्मा पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचकर मृतिका के शव का पंचनामा कर पीएम हेतु जिला चिकित्सालय भेजते हुए जांच करने में जुटे हैं।
समाचार 03 फ़ोटो 03
महिला का सोने चांदी से भरा पर्स, पुलिस ने बरामद कर वापस दिलाया, महिला ने किया धन्यवाद
अनूपपुर
पूजा सारीवान पति पीताम्बर सारीवान निवासी पटोरा टोला, सब्जी मंडी के पास अनूपपुर द्वारा थाना उपस्थित आकर लिखित आवेदन दिया कि सब्जी मंडी से ऑफिस जाते समय रास्ते में उसका पर्स गुम हो गया है जिसमें कीमती सोने-चांदी के आभूषण तथा नगदी रखी है। आवेदन पर तत्काल एक्शन मोड पर आते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में टीम गठित कर गुम हुए पर्स की पतासाजी प्रारंभ की गई।
गठित टीम के प्रधान आरक्षक नितिन नामदेव, आरक्षक राजेश कंवर एवं आरक्षक राहुल तिवारी द्वारा लगातार सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए, जिसके आधार पर पर्स पाने वाले व्यक्ति की पहचान बलराज सिंह गोंड निवासी ग्राम जमुडी के रूप में की गई।
पूछताछ पर उसने बताया की सब्जी का सौदा कर वापस जाते समय उसे उक्त पर्स मिला था, जिसका मालिक ज्ञात न होने एवं अति आवश्यक कार्य से बाहर चले जाने के कारण वह समय पर वापस नहीं कर पाया।
पुलिस ने आवेदिका को उसका पर्स सकुशल वापस दिलाया गया। पर्स में सोने का मंगलसूत्र, सोने की मनचली, कान की बाली, पायल का घुंघरू, नाक की लौंग, बच्चों के हाथ का चूड़ा (चांदी), एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड एवं नगदी 800/- रूपये* बरामद हुए। अपना खोया हुआ पर्स एवं कीमती सामग्री पाकर आवेदिका काफी खुश हुई एवं अनूपपुर पुलिस का आभार व्यक्त किया।
समाचार 04 फ़ोटो 04
अवैध रेत उत्तखनन परिवहन पर ट्रैक्टर व लोडर जब्त, पुलिस ने मामला हुआ दर्ज
शहडोल
जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ब्यौहारी पुलिस ने बोडीहा स्थित बनास नदी में कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रेत उत्खनन और परिवहन में लगे एक लोडर और ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, बोडीहा बनास नदी में लोडर की मदद से रेत का अवैध उत्खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉली में लोड किया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो लोडर और ट्रैक्टर के चालक वाहन छोड़कर भाग गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर थाने में सुरक्षार्थ खड़ा कराया है।
थाना प्रभारी ब्यौहारी अभिलाष मिश्रा ने बताया कि अवैध उत्खनन और परिवहन की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विशेष टीम गठित कर कार्रवाई के लिए भेजी गई थी। जांच के दौरान लोडर मालिक वरुण वैश का पता चला, जिसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीं ट्रैक्टर चालक और मालिक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
थाना प्रभारी ने कहा कि क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। जब्त वाहनों की जांच के साथ मामले में अन्य तथ्यों का पता लगाया जा रहा है।
समाचार 05 फोटो 05
बहन को बचाने कुँए में कूदा भाई, दोनो की हुई मौत, पुलिस मामले की जाँच में जुटी
शहडोल
ब्यौहारी थाना क्षेत्र में भाई-बहन की कुएं में डूबने से मौत हो गई। बताया गया कि घर के पास स्थित कुएं में 13 वर्षीय शिवानी गोंड नहा रही थी। इसी दौरान पानी निकालते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह कुएं में जा गिरी। बहन को डूबता देख मौके पर मौजूद उसका 14 वर्षीय भाई अमित गोंड उसे बचाने के लिए कुएं में कूद गया। हादसे में दोनों की डूबने से मौत हो गई।
ग्राम भमरहा-दो की बताई जा रही है। मृतकों की पहचान अमित सिंह गोंड, पिता उदयभान गोंड, उम्र 14 वर्ष और शिवानी गोंड, पिता उदयभान गोंड, उम्र 13 वर्ष के रूप में हुई है। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद दोनों को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों भाई-बहन अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। एक साथ दोनों बच्चों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ब्यौहारी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मामले में मर्ग कायम कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए ब्यौहारी अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बहन के कुएं में गिरने के बाद भाई द्वारा उसे बचाने के लिए कुएं में छलांग लगाने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
समाचार 06 फ़ोटो 06
तेज रफ्तार बोलेरो घर में घुसी, युवक की हुई मौत, कई लोग घायल
उमरिया
अमरपुर थाना अंतर्गत हायर सेकेंडरी विद्यालय के सामने एक नई बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित स्थानीय लल्ला कोल के मकान में जा घुसी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई,हादसे में एक स्थानीय युवक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत होने की खबर है,जबकि घर में मौजूद लोगों सहित कुल पांच लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।घायलों में स्थानीय अमरपुर निवासी गोविंद गौतम और भोलू सिंह के नाम सामने आए हैं।इनके अलावा भी कुछ लोगों के घायल होने की जानकारी है,हालांकि समाचार लिखे जाने तक उनके नाम सामने नहीं आ सके थे।दुर्घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के जिला प्रबंधक सत्येंद्र कुमार वर्मा ने तत्काल एंबुलेंस को घटनास्थल के लिए रवाना किया।108 एंबुलेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को प्राथमिक सहायता दी और उन्हें नज़दीकी स्वास्थ्य केंद्र बरही पहुंचाया गया है,जहां फिलहाल इलाजरत है।चिकित्सकों के अनुसार घायलों में भोलू सिंह एवम गोविंद गौतम की हालत चिंताजनक बताई जा रही है, बोलेरो आखिर किस वजह से अनियंत्रित हुई,इसे लेकर पुलिस जांच में जुटी है।
समाचार 07 फ़ोटो 07
बांधवगढ़ का हाथी हथिनी का जोड़ा पहुँचा उत्तरप्रदेश
उमरिया
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की पहचान अब सिर्फ बाघों की दहाड़ से नहीं, बल्कि यहां बढ़ते हाथियों के कुनबे से भी होने लगी है। कभी बांधवगढ़ और आसपास के जंगलों तक सीमित रहने वाले हाथी अब अपनी सीमाओं से बाहर निकलकर दूसरे प्रदेशों तक पहुंचने लगे हैं। बांधवगढ़ का एक रेडियो कॉलर हाथी इन दिनों अपनी साथी हथिनी के साथ उत्तर प्रदेश के जंगलों में विचरण कर रहा है। दोनों की मौजूदगी मिर्जापुर और प्रयागराज के जंगलों में देखी जा रही है। वन विभाग की टीमें रेडियो कॉलर के जरिए हाथी की लगातार निगरानी कर रही हैं।
बांधवगढ़ में हाथियों की संख्या करीब 70 से 80 के आसपास बताई जा रही है। वर्ष 2018 से हाथियों ने बांधवगढ़ के जंगलों में स्थायी रूप से डेरा जमाना शुरू किया था। इसके बाद धीरे-धीरे इनका कुनबा बढ़ता गया। पहले हाथियों की आवाजाही बांधवगढ़ और आसपास के इलाकों तक ही अधिक रहती थी, लेकिन अब इनके कदम मध्यप्रदेश की सीमाओं को पार कर दूसरे प्रदेशों तक पहुंचने लगे हैं।
समाचार 08 फ़ोटो 08
15 जलाशयों का किया जा रहा बांध सुरक्षा मूल्यांकन, वेनगंगा कछार के दल द्वारा किया निरीक्षण
अनूपपुर
जल शक्ति मंत्रालय, जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा पुनरुद्धार विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय बांध सुरक्षा प्राधिकरण द्वारा देश के निर्दिष्ट बांधों की सुरक्षा का नियमित मूल्यांकन किया जा रहा है। इसी क्रम में अनूपपुर जिले के 15 स्पेसिफाइड जलाशयों का बांध सुरक्षा मूल्यांकन (CDSE) किया जा रहा है।
राष्ट्रीय बांध सुरक्षा प्राधिकरण द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत जलाशयों की संरचनात्मक स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था एवं विभिन्न तकनीकी पहलुओं का परीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में वेनगंगा कछार, सिवनी के मुख्य अभियंता श्री उदय परसते के नेतृत्व में गठित दल द्वारा जिले के चयनित जलाशयों का निरीक्षण किया जा रहा है।
दल द्वारा जलाशयों की सुरक्षा से संबंधित विभिन्न बिंदुओं का मौके पर परीक्षण कर आवश्यक जानकारी संकलित की जा रही है। बांध सुरक्षा मूल्यांकन का उद्देश्य जलाशयों की वर्तमान स्थिति का तकनीकी आकलन, संभावित जोखिमों की पहचान तथा आवश्यक सुरक्षा उपायों की समीक्षा करना है। निरीक्षण के आधार पर जलाशयों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
जिले में निरीक्षण के लिए चयनित 15 स्पेसिफाइड जलाशयों में जोहिला, कंटूर, नानघाटी, बोहिता, मुनगाटोला, लपटी, जुहिली, बागन, करपा, गिरबी, ताराडढ, लतार, सेमरवार, बेनीबारी एवं पालाडीगवार जलाशय शामिल हैं।
समाचार 09
मिटटी से बनीं गणेश प्रतिमाओं की ही स्थापना करें
उमरिया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में जन अभियान परिषद एवं नर्मदा समग्र के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेश में “माटी गणेशदृसिद्ध गणेश” अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य गणेश उत्सव के माध्यम से आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं की स्थापना के लिए प्रेरित करना है। इसी क्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभय सिंह ओहरिया ने जिलेवासियों से अपील की है कि गणेश उत्सव के दौरान घर-घर मिट्टी से भगवान गणेश की प्रतिमा बनाकर स्थापित करें। उन्होंने कहा कि मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाएं पर्यावरण के अनुकूल होती हैं और विसर्जन के बाद आसानी से जल एवं मिट्टी में मिल जाती हैं। इससे जल स्रोतों में प्रदूषण कम होता है और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने जिलेवासियों से आग्रह किया कि “माटी गणेशदृसिद्ध गणेश” अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं।