मृत गाय व बछड़े को नपा के कचरे वाली गाड़ी में भरकर खुले स्थान में फेंका, मानवता हुई शर्मसार
शहडोल
नगर पालिका के कचरा वाहन में नालियों की गंदगी के साथ मृत गाय और बछड़े को उठाया गया और फिर कचरे की तरह खुले में पलट दिया गया। पूरा मामला कैमरे मे कैद होकर सोशल मीडिया पर वायरल होंरहे है। तस्वीरें और वीडियो सवाल पूछ रहे हैं कि क्या बेजुबान मवेशियों की मौत के बाद उनकी कोई कीमत नहीं, सवाल सिर्फ यह नहीं कि मृत मवेशियों को कचरे के साथ क्यों फेंका गया, सवाल यह भी है कि आखिर जिम्मेदारों की संवेदनशीलता कहां चली गई।
नगर पालिका शहडोल के मैजिक कचरा वाहन से नालियों की गंदगी के साथ एक मृत गाय और बछड़े को कचरे की तरह कचरे के ढेर में फेक दिया गया। यह पूरा घटनाक्रम जमुई स्थित बघेल ढाबे के पीछे हेलीपैड क्षेत्र का है। वायरल वीडियो में कचरा वाहन से गंदगी के साथ मृत मवेशियों को भी खुले स्थान पर फेंकते हुए देखा जा सकता है। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद नगरपालिका की कचरा प्रबंधन व्यवस्था और मृत पशुओं के निपटारे की प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं।
सबसे गंभीर बात यह है कि शहर के खुले में डंप किए जा रहे कचरे के आसपास बड़ी संख्या में मवेशी पहुंचते हैं और कचरे में मौजूद बायो-वेस्ट के साथ जहरीली पन्नियां और प्लास्टिक तक खा लेते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि शहर की सफाई व्यवस्था आखिर बेजुबान मवेशियों के लिए कितनी सुरक्षित है। कचरे में प्लास्टिक और जहरीले पदार्थों के सेवन से मवेशियों के बीमार पड़ने और असमय मौत का खतरा लगातार बना रहता है। इसके बावजूद यदि मृत मवेशियों को भी सामान्य कचरे के साथ खुले में फेंका जा रहा है, तो यह व्यवस्था की संवेदनशीलता पर बड़ा सवाल है।
