करंट की चपेट से बंदर घायल, वन्यजीव रक्षक ने कराया उपचार
अनूपपुर
कोतमा वन परिक्षेत्र अंतर्गत चुकान बीट के समीप धनौली गांव में करंट की चपेट में आने से एक बंदर बुरी तरह झुलस गया। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने वन परिक्षेत्र अधिकारी हरीश तिवारी एवं वन्यजीव रक्षक हरिवंश पटेल को दी।
सूचना मिलते ही वन्यजीव रक्षक हरिवंश पटेल बारिश के बीच धनौली गांव पहुंचे और घायल बंदर को सुरक्षित कोतमा पशु चिकित्सालय लाकर उपचार किया गया। बताया गया कि करंट लगने से बंदर की पूंछ और पैर बुरी तरह झुलस गया है।
पुराने वन भवन में रेंजर हरीश तिवारी, जेडी धारवे एवं अवधनरेश शुक्ला ने घायल बंदर का निरीक्षण कर उसकी चोटों की स्थिति जानी और भोजन भी कराया गया। वन विभाग की टीम लगातार घायल बंदर की देखभाल कर रही है।
