दो दिवसीय राष्ट्रीय आयोजन का साहित्य उत्सव, देश के नामी कवि गीतकार, नवगीतकार गजलकार करेंगे रचनापाठ

दो दिवसीय राष्ट्रीय आयोजन का साहित्य उत्सव, देश के नामी कवि गीतकार, नवगीतकार गजलकार करेंगे रचनापाठ

*शब्द, समाज व प्रकृति के बीच एक नया संवाद, मध्यप्रदेश हिंदी साहित्य  जिला इकाई द्वारा आयोजित*


अनूपपुर

मध्यप्रदेश हिंदी साहित्य सम्मेलन, जिला इकाई अनूपपुर द्वारा आयोजित कोतमा साहित्य उत्सव हिंदी भाषा और साहित्य का दो दिवसीय राष्ट्रीय आयोजन है।

कोतमा को साहित्य के यादगार आयोजनों के लिए पहले से जाना जाता रहा है। यह उत्सव उसी परंपरा में एक नई छलांग और एक नई साहित्यिक परंपरा की शुरुआत है।

इस उत्सव की विशेषता केवल देश के विभिन्न हिस्सों से आ रहे प्रतिष्ठित कवि-कथाकारों की सहभागिता ही नहीं, साहित्य को भाषा, भूगोल, आजीविका, प्रकृति और समाज से जोड़कर देखने की इसकी दृष्टि भी है।

26 सितम्बर को उत्सव की शुरुआत 10.30 बजे से उदय प्रकाश के गांव सीतापुर का भ्रमण, सोन के तट पर अनौपचारिक संवाद और वृक्षारोपण से होगी।

इसके बाद अपरान्ह 3 बजे कोतमा के अग्रसेन धाम में उत्सव का औपचारिक उद्घाटन होगा । जिसमें लब्धप्रतिष्ठ कवि कथाकार उदय प्रकाश जी का सम्मान, अतिथियों के वक्तव्य और पुस्तकों का विमोचन होगा। उद्घाटन सत्र में प्रो. सदानंद शाही, डॉ. मुकेश कुमार, पलाश सुरजन और रामराव वामनकर जैसे वरिष्ठ साहित्यकारों की उपस्थिति रहेगी।।

शाम को देश के सुविख्यात कहानीकारों तरुण भटनागर-इंदौर, रामराव वामनकर-भोपाल, मनीष वैद्य, देवास, डॉ निधि अग्रवाल, कविता जी- प्रयागराज, पराग मांदले-भोपाल, सिनीवाली-नई दिल्ली, सोनाली पारे- भोपाल का कहानीपाठ होगा।

उत्सव के दूसरे दिन 27 सितंबर को सुबह प्रकृति-दर्शन और वाटर फॉल पर संवाद, फिर अपरान्ह 3 बजे से ओपन माइक सत्र में अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, सीधी और रीवा के युवा कवियों का रचनापाठ और अंत में शाम 7 बजे से कवि सम्मेलन होगा, जिसमें देश के विभिन्न अंचलों से आए चर्चित कवि गीतकार, नवगीतकार और गजलकार रचनापाठ करेंगे। जिनके नाम हैं - डॉ मुकेश कुमार-नई दिल्ली, राम नरेश 'निष्ठुर'-रीवा, डॉ शिव शंकर मिश्र 'सरस'-सीधी, इंदु श्रीवास्तव-जबलपुर, दीपक जैन-गुना, विवेक चतुर्वेदी-जबलपुर, आनंद गुप्ता-कोलकाता, विभूति तिवारी-ब्यौहारी, शेफाली शर्मा छिंदवाड़ा, कुंदन सिद्धार्थ- और अलंकृति श्रीवास्तव-जबलपुर। 

तदाशय की जानकारी देते हुए मप्र हिन्दी साहित्य सम्मेलन जिला इकाई अनूपपुर के अध्यक्ष अविनाश अग्रवाल और सचिव डॉ कुमार ध्रुव, उपाध्यक्ष अमरेंद्र सिंह परिहार, कोषाध्यक्ष-धीरेन्द्र जैन और सहसचिव मो यासीन खान ने बताया कि सम्मेलन के प्रदेश अध्यक्ष पलाश सुरजन की मौजूदगी और मार्गदर्शन में तथा वरिष्ठ पत्रकार साहित्यकार संतोष कुमार द्विवेदी के समन्वय में संपन्न होने जा रहा कोतमा साहित्य उत्सव साहित्य को जीवन के विविध अनुभवों से जोड़ने की एक कोशिश है।

सबसे महत्वपूर्ण बात यह कि यह उत्सव केवल मंच पर होने वाला साहित्यिक आयोजन नहीं है। यह स्थानीय साहित्यिक समाज, युवा रचनाकारों और पाठकों को राष्ट्रीय साहित्यिक परिदृश्य से जोड़ने का अवसर भी है।

कोतमा की धरती पर शब्दों का यह उत्सव साहित्य के साथ-साथ प्रकृति और समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी की भी याद दिलाता है। आपने नगरवासियों से अपील किया है कि वे कोतमा साहित्य उत्सव का हिस्सा बनेकर इसे सफल बनाएं ।

Labels:

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget