समाचार 01 फ़ोटो 01

हिंसक वन्य प्राणी ने गाय का किया शिकार, मौके पर वन विभाग ने निरीक्षण की जांच

अनूपपुर

जिला मुख्यालय अनूपपुर से 17 किलोमीटर दूर स्थित किरर के वन क्षेत्र से घिरे सजहा गांव से लगे जंगल में चरने गई पालतू गाभिन गाय को हिंसक वन्यप्राणी द्वारा हमला कर मृत करने बाद शरीर के मांस खा लेने की सूचना पर वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचकर जांच प्रारंभ की। 

परिक्षेत्र अनूपपुर के ग्राम पंचायत औढेरा अंतर्गत सजहा निवासी श्रवण सिंह बंजारा पिता स्व,साहब सिंह बंजारा का पुत्र 2 दिन पूर्व घर के पालतू मवेशियों को लेकर घर के पास स्थित जमुडी वन बीट के सुरही खोज जंगल में चराने ले गए थे, एक गाभिन गाय को छोड़ शेष मवेशी घर वापस आ गए, किंतु गाभिन गाय के घर वापस ना आने पर पशु मालिक एवं उनके परिजनों द्वारा जंगल में खोजने पर मृत स्थिति में मिली, हिंसक वन्यप्राणी द्वारा हमला कर गाय को मृत करने बाद मांस को खाकर अपना आहार बनाया, स्थल पर आपस में संघर्ष के साक्ष्य मिले घटना की सूचना पर जमुडी बीट प्रभारी रामेश्वर पटेल,वन्यजीव संरक्षण शशिधर अग्रवाल,पशु चिकित्सा के एव्हीएफओ संत कुमार ग्राम,सुरक्षाश्रमिक महेंद्र चौधरी एवं पशु मालिक के साथ घटना स्थल का निरीक्षण कर कार्यवारही की।

किरर का यह क्षेत्र घने वनों से घिरा हुआ है, जहां के ग्रामीण अपने मवेशियों को चराने के लिए गांव के राजस्व क्षेत्र में चरागाह ना होने गांव जंगलों से घिरे होने के कारण वन क्षेत्र में मवेशियों को चराने के लिए बाध्य रहते हैं घने वन के मध्य हिंसक वन्यप्राणियों के साथ कई तरह के वन्यप्राणी वन क्षेंत्र में अपना आश्रय बनाकर विचरण आहार की तलास करते हैं।

समाचार 02 फ़ोटो 02

लापता युवक का रेस्क्यू दल ने तालाब से बाहर निकाला शव, पुलिस ने जांच की शुरू

अनूपपुर

जिला मुख्यालय अनूपपुर से 11 किलोमीटर दूर स्थित लखनपुर गांव में 21 वर्ष युवक लापता था। लापता युवक की चप्पल घर के पीछे स्थित तालाब के पास मिलने पर तालाब में डूब जाने के संदेह पर आपदा प्रबंधन के रेस्क्यू दल ने खोजबीन के दौरान युवक का शव तालाब के अंदर डूबे हुए स्थिति में बरामद कर पुलिस को सौपा। 

लखनपुर गांव के वार्ड क्रमांक 7 शंकर मंदिर के पास के निवासी निरंजन पटेल जो ग्राम पंचायत लखनपुर में रोजगार सहायक के पद पर पदस्थ हैं, 21 वर्षीय बालक प्रतीक उर्फ आकार पटेल जो 3 सितंबर की शाम से घर से लापता होने पर परिजनों एवं ग्रामीण जनों द्वारा विभिन्न माध्यमों से पूरी रात खोजबीन की, किंतु रात भर युवक का कहीं पता नहीं चल सका, घर से कुछ दूर पर स्थित अमहाई तालाब के मेढ में युवक की चप्पल पड़े होना दिखने पर परिजनों एवं ग्रामीणों द्वारा कोतवाली पुलिस को युवक के तालाब के अंदर पानी में डूब जाने का संदेह व्यक्त करते हुए खोजबीन कराए जाने की मांग पर, जिला मुख्यालय अनूपपुर के एसडीईआरएफ आपदा प्रबंधन के रेस्क्यू दल को घटना की सूचना दिए जाने पर रेस्क्यू दल प्रभारी रामनरेश भवेदी अपने 8 सदस्यीय रेस्क्यू दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर अमहाई तालाब में विभिन्न माध्यमों से खोजबीन की जिस पर लापता युवक का शव तालाब के अंदर गहरे पानी में मिलने पर रेस्क्यू कर बाहर निकाल कर मृतक के शव को कोतवाली पुलिस को सौपा। पुलिस दल के साथ स्थल पर मृतक के शव का पंचनामा कर साक्षियो के कथन लेते हुए मृतक के शव का जिला चिकित्सालय अनूपपुर में ड्यूटी डॉक्टर से पी,एम,कराने बाद शव के कफन दफन हेतु परिजनों को सौपा। मृत युवक प्रतीक पटेल आईटीआई अनूपपुर में अध्ययनरत था।

समाचार 03 फ़ोटो 03

कृष्ण जन्माष्टमी पर भव्य झांकी के साथ निकली विशाल शोभायात्रा, भक्ति गीतों और पारंपरिक नृत्य से कृष्णमय हुआ नगर

अनूपपुर 

प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक तीर्थ स्थल पवित्र नगरी अमरकंटक में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर यादव समाज द्वारा पहली बार पारंपरिक एवं भव्य स्वरूप में विशाल शोभायात्रा निकाली गई। राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी, ढोल-नगाड़ों, भक्ति गीतों और पारंपरिक नृत्य के बीच निकली शोभायात्रा से अमरकंटक का वातावरण देर तक कृष्णमय बना रहा।

शोभायात्रा दोपहर करीब 1 बजे फलाहारी आश्रम से प्रारंभ हुई। यात्रा नर्मदा मंदिर से होते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरकर स्थानीय बस स्टैंड पहुंची। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में यादव समाज के महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चे उत्साहपूर्वक शामिल हुए। भगवान श्रीकृष्ण के जयघोष और भक्ति गीतों से नगर की आध्यात्मिक फिजा में विशेष उत्साह देखने को मिला।

शोभायात्रा में वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत राधा-कृष्ण की सजीव एवं मनमोहक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। सुसज्जित झांकी में राधा-कृष्ण स्वरूप कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य एवं भक्ति प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भगवान श्रीकृष्ण और राधा के स्वरूप में कलाकारों की पारंपरिक प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को ब्रजधाम की भक्ति संस्कृति का साक्षात्कार कराया।

ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत के साथ यादव समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य करते हुए शोभायात्रा में आगे बढ़ते रहे। डीजे एवं भक्ति गीतों की धुन पर युवाओं और समाज के अन्य लोगों में भी खासा उत्साह नजर आया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने राधा-कृष्ण की झांकी के दर्शन कर स्वागत किया। शोभायात्रा के उपरांत नगर परिषद अमरकंटक के विशाल सभा हाल में सभा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 

समाचार 04 फ़ोटो 04

नगरपालिका सीएमओ के घर का ताला तोड़कर कब्जा करने आरोप, थाना में हुई शिकायत, एफआईआर की मांग

शहडोल

नगर पालिका परिषद शहडोल के सीएमओ आवास में ताला तोड़कर कथित रूप से जबरन प्रवेश और कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। नगरपालिका की मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशा जितेंद्र भंडारी ने कोतवाली थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। शिकायत में उन्होंने पूर्व सीएमओ निशांत सिंह ठाकुर सहित अन्य लोगों पर सीएमओ आवास का ताला तोड़कर अनधिकृत रूप से प्रवेश करने और वहां रखे सामान पर कब्जा करने का आरोप लगाया है।

सीएमओ की ओर से दिए गए पत्र के मुताबिक वह 2 जून 2026 को स्वास्थ्य खराब होने के कारण चिकित्सकीय अवकाश पर चली गई थीं। इसके बाद 26 जून को वापस मुख्यालय शहडोल पहुंचीं। शिकायत में बताया गया है कि उनके अवलोकन एवं आदेशार्थ कुछ फाइलें हस्ताक्षर के लिए आवास पर आई थीं, जिन्हें उन्होंने 27 जून को विधिवत प्राप्त कर कार्यालय अधीक्षक को वापस कर दिया था। इसके पश्चात वह पुनः उपचार के लिए गुजरात चली गई थीं।

शिकायत के अनुसार 1 सितंबर  को जब उन्हें जानकारी मिली कि उनके सीएमओ आवास का ताला तोड़कर जबरन प्रवेश कर कब्जा कर लिया गया है, तब उन्होंने मौके की स्थिति की जानकारी ली। आरोप है कि उनके निवास से करीब डेढ़ लाख रुपये नकद, घरेलू आवश्यक दस्तावेज, कपड़े, किराना सामान, पूजा सामग्री सहित अन्य सामान रखा हुआ था, जिस पर आरोपियों ने कथित रूप से अनधिकृत कब्जा कर लिया।

ऐसे में सरकारी आवास की सुरक्षा व्यवस्था, वहां तैनात कर्मचारियों की भूमिका और जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े होते हैं। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने पुलिस से पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। 

समाचार 05 फ़ोटो 05 

25 लाख खर्च के बाद भी संजीवनी क्लिनिक की छत से टपक रहा पानी, मरीजों और स्टाफ की बढ़ी परेशानी

अनूपपुर 

कोतमा नगर के वार्ड क्रमांक 3 बाजार क्षेत्र स्थित संजीवनी क्लिनिक भवन में करीब 25 लाख रुपए खर्च किए जाने के बावजूद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। भवन जीर्णोद्धार एवं शेड निर्माण के कुछ समय बाद ही अस्पताल की छत से पानी टपकने लगा है। पिछले कई दिनों से बारिश के दौरान अस्पताल के लगभग सभी कमरों में पानी का रिसाव होने से मरीजों और अस्पताल स्टाफ को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बताया जाता है कि नगर पालिका द्वारा संजीवनी क्लिनिक को शुरू करने से पूर्व भवन के जीर्णोद्धार, मरम्मत एवं शेड निर्माण के लिए करीब 25 लाख रुपए खर्च किए गए थे। लेकिन अब बारिश के दौरान भवन की छत से लगातार पानी टपकने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

अस्पताल के कमरों में जगह-जगह पानी गिरने के कारण स्वास्थ्य उपकरण, महत्वपूर्ण दस्तावेज और जीवन रक्षक दवाइयों को सुरक्षित रखने के लिए कर्मचारियों को प्लास्टिक के टब और अन्य बर्तनों का सहारा लेना पड़ रहा है। अस्पताल स्टाफ का कहना है कि मरीजों के उपचार के साथ-साथ पूरा दिन पानी से उपकरणों और जरूरी सामान को बचाने में निकल रहा है। नागरिकों ने नगर पालिका द्वारा कराए गए निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर नाराजगी जताते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। 

इनका कहना है।

नगरपालिका द्वारा निर्माण कराया गया था। उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। 

*के एल दीवान, बीएमओ, कोतमा*

समाचार 06 फ़ोटो 06 

वृद्ध की कुल्हाड़ी से हत्या, खून से लथपथ खेत में मिला शव

अनूपपुर

कोतमा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोडारू में गुरुवार को 55 वर्षीय आदिवासी स्वामी सिंह गोंड की कुल्हाड़ी से हमला कर निर्मम हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ल एवं पुलिस टीम मौके पर पहुंच जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार स्वामी सिंह गोंड को खेत में दोपहर के समय अज्ञात लोगों द्वारा कुल्हाड़ी से कई वार किया गया। धारदार हथियार से आई चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के चलते घटनास्थल पर ही मौत हो गई। 

पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच करते हुए फॉरेंसिक टीम की मदद से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल के पास ही खून से सनी कुल्हाड़ी भी मिली है। शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। 

इनका कहना है।

हत्या की वारदात हुई है, मौके पर जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश जारी है।

*रत्नांबर शुक्ल, थाना प्रभारी, कोतमा*

समाचार 07 फ़ोटो 07

कृष्ण जन्माष्टमी पर गूंजा श्रीकृष्ण का संदेश, छात्राओं ने गीत-नृत्य से सजाया सांस्कृतिक कार्यक्रम

उमरिया

भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर युवा टीम उमरिया द्वारा पाली छात्रावास परिसर में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए गीत एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया।कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने राधा-कृष्ण का स्वरूप धारण कर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक वेशभूषा में छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। गीत, नृत्य और कृष्ण भक्ति से सजे इस कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली।इस अवसर पर युवा टीम उमरिया के अध्यक्ष हिमांशु तिवारी ने छात्राओं को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके संघर्ष, कर्म और आदर्शों से परिचित कराया। उन्होंने श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े प्रेरणादायी प्रसंगों एवं उनके उपदेशों की जानकारी देते हुए छात्राओं से कहा कि जीवन में परिस्थितियां चाहे कैसी भी हों, हमें अपने कर्तव्य और कर्म के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ते रहना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा सत्य, सदाचार, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के समापन अवसर पर युवा टीम उमरिया द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाली छात्राओं को उनके उत्साह एवं उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त कर छात्राओं के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। ऐसे आयोजन केवल धार्मिक पर्व मनाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, संस्कारों, परंपराओं और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन दर्शन से जोड़ने का प्रयास किया जाता है।

कार्यक्रम में छात्रावास  सारिका शर्मा एवं सरस्वती सिंह धुर्वे, युवा टीम उमरिया के अध्यक्ष हिमांशु तिवारी, अभिनव द्विवेदी और राघवेंद्र सिंह की विशेष सहभागिता रही। छात्रावास की ओर से अनन्या सिंह, साधना सिंह, रागिनी सिंह, सरिता सिंह, महिमा सिंह, यशोदा सिंह, माहेश्वरी सिंह तथा काजल सिंह कोल ने गीत एवं नृत्य की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को यादगार बनाया। 

समाचार 08

अवैध उत्तखनन, परिवहन पर ट्रैक्टर जब्त

शहडोल

खनिज विभाग की टीम ने ब्यौहारी थाना क्षेत्र के ग्राम बराछ और बरकछ में रेत के अवैध खनन की शिकायत की जांच की। इस दौरान बराछ स्थित झापर नदी में एक ट्रैक्टर रेत का अवैध खनन करते मिला।खनिज विभाग की टीम को देखते ही ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। बाद में दूसरे चालक की मदद से ट्रैक्टर को नदी से बाहर निकलवाकर थाना ब्यौहारी की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया।

जांच में सामने आया कि ट्रैक्टर जॉन डियर कंपनी का है और उस पर कोई रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं है। खनिज विभाग अब वाहन के मालिक की जानकारी जुटा रहा है। विभाग के अनुसार वाहन मालिक के खिलाफ अवैध खनन का प्रकरण दर्ज किया जाएगा।

समाचार 09 

शिकायतों के निराकरण में लापरवाही, पर्यवेक्षक निलंबित

अनूपपुर

कलेक्टर रत्नाकर झा ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत 29 अगस्त 2026 को जनपद पंचायत जैतहरी क्षेत्र में आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शिविर के दौरान सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक मीना शिव को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए हैं।

शिविर में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा के दौरान महिला एवं बाल विकास परियोजना जैतहरी के सेक्टर फुनगा/गौरेला में कुल 37 शिकायतें लंबित पाई गईं। शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण नहीं किया गया था। साथ ही, संबंधित सेक्टर की पर्यवेक्षक मीना शिव शिविर में अनुपस्थित पाई गईं। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। निलंबन अवधि में मीना शिव का मुख्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास, जिला अनूपपुर कार्यालय निर्धारित किया गया है। 

समाचार 10

5 ट्रक मालिको के विरुद्ध एफआईआर दर्ज

शहडोल

कलेक्टर पार्थ जायसवाल के आदेशानुसार पुलिस विभाग एवं राजस्व  विभाग की संयुक्त टीम ने शहडोल से बुढार मार्ग में ट्रक जांच की कार्रवाई में ओवरलोडिंग एवं रोड पर अनाधिकृत तौर पर असुरक्षित खड़े ट्रकों पर कार्यवाही की गई है। तहसीलदार बुढ़ार श्री मनोज सिंह ने बताया है कि यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सहज तथा सुरक्षित बनाने के लिए 5 ट्रक मालिको के विरुद्ध एफ आई आर की कार्यवाही की गई।

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget