धारदार हथियार से ग्रामीण की हत्या, अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज, पुलिस जाँच में जुटी
अनूपपर
कोतमा थाना क्षेत्र के ग्राम गोड़ारु में एक 55 वर्षीय ग्रामीण की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से पुलिस को मिली। मामले की सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के निर्देशन में तत्काल कोतमा पुलिस सक्रिय हुई और थाना प्रभारी निरीक्षक रत्नाबर शुक्ल पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस के अनुसार ग्राम गोड़ारु पहुंचने पर मृतक स्वामी सिंह गोंड, पिता तनमन सिंह, उम्र 55 वर्ष, निवासी गोड़ारु का शव मिला। प्रथम दृष्टया मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से चेहरे एवं सिर में कई चोटों के निशान पाए गए हैं।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
हत्या की वारदात के बाद पुलिस द्वारा ग्रामीणों एवं मुखबिरों से लगातार जानकारी जुटाई जा रही है। अज्ञात आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में सनसनी का माहौल है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
