4 माह बाद मौत की गुत्थी सुलझी, बड़े भाई पर हत्या का मामला दर्ज, आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
शहडोल
जैतपुर थाना क्षेत्र के कोसम टोला में चार महीने पहले हुई अमीराज सिंह 40 वर्ष की मौत का मामला अब हत्या में बदल गया है। मर्ग जांच और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर पुलिस ने मृतक के बड़े भाई ऋषिराज सिंह को आरोपी बनाया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच आगे बढ़ा दी है।
घटना 29 मई की है। पुलिस के मुताबिक अमीराज सिंह का अपने बड़े भाई से विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान ऋषिराज ने फावड़े से छोटे भाई पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए अमीराज घर से भागा, लेकिन घर के पास पुलिया के नजदीक सड़क पर गिर गया। बाद में पुलिस को सड़क पर एक व्यक्ति के मृत पड़े होने की सूचना मिली थी।
घटना के शुरुआती दौर में इसे सड़क हादसा माना गया था और पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। हालांकि मृतक के परिजनों ने पुलिस को दोनों भाइयों के बीच विवाद और मारपीट की जानकारी दी थी। परिवार का आरोप है कि उस समय मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया, जिससे हत्या का केस दर्ज नहीं हो सका।
मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए। इसमें दोनों भाइयों के बीच विवाद और मारपीट की बात सामने आने के बाद पुलिस को मौत सड़क दुर्घटना के बजाय हत्या का परिणाम होने का संदेह मजबूत हुआ। इसके बाद नए थाना प्रभारी के कार्यभार संभालने के बाद मामले की जांच आगे बढ़ाई गई और अब हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
