चलती बाइक में निकला सांप, चालक ने कूदकर बचाई जान, नदी में बहकर आया अज्ञात शव
शहडोल
शहर के रेलवे फाटक के पास उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया, जब एक चलती बाइक के अंदर अचानक सांप दिखाई देने से बाइक चालक के होश उड़ गए। बाइक चलाते समय जैसे ही चालक की नजर सांप पर पड़ी, उसके हाथ-पांव फूल गए और आनन-फानन में उसने बाइक रोककर खुद की जान बचाने के लिए बाइक से कूदकर दूरी बना ली।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवार सामान्य रूप से रेलवे फाटक के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान उसे बाइक के अंदर सांप के होने का अहसास हुआ, सांप को देखकर चालक घबरा गया और तत्काल बाइक छोड़कर दूर जा खड़ा हुआ, कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और वहां हड़कंप की स्थिति बन गई।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने हिम्मत जुटाकर बाइक में छिपे सांप को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया, काफी मशक्कत के बाद सांप को बाइक से बाहर निकाला गया, सांप के बाहर निकलने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम से बाइक चालक इतना भयभीत हो गया कि सांप को बाइक से निकालने के बाद भी उसने दोबारा बाइक चलाने की हिम्मत नहीं जुटाई, बाइक सवार काफी देर तक मौके पर ही खड़ा रहा।
*नदी में बहकर आया अज्ञात शव*
शहडोल जिले के सीधी थाना क्षेत्र के ग्राम जमडी स्थित बनास नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया, नदी की तेज धार के बीच शव पेड़ की टहनियों में फंसा हुआ दिखाई दिया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। नदी की धार में बहकर एक अज्ञात व्यक्ति का शव जमडी क्षेत्र तक पहुंच गया, नदी किनारे मौजूद लोगों की नजर जब पेड़ की टहनियों में फंसे शव पर पड़ी तो मौके पर भीड़ जमा हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही सीधी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की, पुलिस फिलहाल मृतक की पहचान कराने के प्रयास में जुटी हुई है। शव की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि लगातार बारिश के दौरान नदी के तेज बहाव में फंसकर व्यक्ति की डूबने से मौत हुई होगी, हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

