लापरवाह ट्रैक्टर चालक पर मामला हुआ दर्ज, 1 की मौत, 3 हुए थे घायल
अनूपपुर
अनूपपुर कोतवाली क्षेत्र के सामतपुर-करहीवाह में 4 अगस्त को हुए ट्रैक्टर हादसे के मामले में पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दुर्घटना में 15 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। घटना के 15 दिन बाद यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने जांच, घायलों के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर सामतपुर निवासी आरोपी चालक सूरज राठौर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(A), 106(1) और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
घटना 4 अगस्त की है। सामतपुर निवासी शांति चौधरी (36), सिमित्री बाई (60), नजर चौधरी (15), सीमा चौधरी (30), केमली बाई (52) और प्राची चौधरी (27) कुल छह लोग गांव के ही सूरज राठौर के ट्रैक्टर (क्रमांक MP 65 AA 0488) में सवार होकर उसके करहीवाह स्थित खेत में रोपा लगाने गए थे। काम खत्म होने के बाद सभी वापस घर लौट रहे थे।
चालक सूरज राठौर ने प्राची और शांति को अपनी बाईं ओर तथा नजर और सीमा को दाईं ओर इंजन की सीट पर बैठाया था। सिमित्री बाई और केमली बाई ट्रॉली में बैठी थीं। चश्मदीदों के अनुसार, चालक ट्रैक्टर को तेज रफ्तार और लापरवाही से लहराते हुए चला रहा था। सीट पर बैठे लोगों ने उसे कई बार गति धीमी करने को कहा, लेकिन उसने ध्यान नहीं दिया।
