छात्रावास के रसोई घर मे अचानक लगी आग, छात्राओं में मची अफरा-तफरी, दमकल ने पाया आग पर काबू
शहडोल
ब्यौहारी थाना क्षेत्र के मऊ गांव स्थित शासकीय अनुसूचित जाति जूनियर कन्या छात्रावास की रसोई में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग से उठे धुएं को देखकर छात्राएं घबरा गईं और आनन-फानन में छात्रावास से बाहर निकल आईं। देखते ही देखते धुआं छात्रावास के कई कमरों तक पहुंच गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने में मदद की। घटना के समय छात्रावास में कोई शिक्षक या चौकीदार मौजूद नहीं था। बच्चों ने बताया कि मैडम मीटिंग में गई हैं।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस की डायल-112 सेवा और दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही डायल-112 में तैनात पुलिसकर्मी नितेश सस्त्या और पायलट ललन प्रसाद पनिका मौके पर पहुंचे। इसके बाद दमकल वाहन की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। आग पर पूरी तरह काबू पाने में करीब एक घंटे का समय लगा। इस दौरान छात्रावास में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और सुरक्षा के लिहाज से सभी छात्राओं को बाहर रखा गया।
पुलिसकर्मियों और दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि घटना के दौरान किसी छात्रा के घायल होने की सूचना नहीं है। आग लगने से रसोई में रखे सामान को नुकसान पहुंचने की आशंका है। हालांकि, नुकसान का आकलन अभी नहीं किया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग छात्रावास के रसोई घर से लगना सामने आया है। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, लेकिन इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद आग के लगने के कारणों का पता चल सकेगा।
