बाणसागर डैम के पास सोन नदी पुल के ज्वाइंट में दिखा बड़ा क्रैक, हादसे का खतरा
शहडोल
देवलोंद क्षेत्र में बाणसागर डैम के पास सोन नदी पर बने पुल के बीच ज्वाइंट में बड़ा क्रैक और गड्ढा दिखाई देने का मामला सामने आया है। इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही होती है। इसके बावजूद पुल की स्थिति को लेकर जिम्मेदारों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि पुल के बीच बने गड्ढे से बचने के प्रयास में एक ट्रक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गया। गनीमत रही कि ट्रक पुल से नीचे गिरने से बच गया। हालांकि, वायरल वीडियो कब का है और घटना वास्तव में कब हुई, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
यह पुल शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग को जोड़ता है और सोन नदी पर बाणसागर परियोजना क्षेत्र में स्थित है। जून 2025 में भी इसी पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने और बीच में गड्ढा बनने के बाद प्रशासन ने आवागमन बंद कराया था।
ऐसे में पुल के ज्वाइंट में दोबारा दिखाई दे रहे क्रैक और गड्ढे को लेकर वाहन चालकों में चिंता बढ़ गई है। लोगों ने संबंधित विभाग से पुल का तत्काल निरीक्षण कराने और सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने की मांग की है।
