बस स्टैंड के पास नाले में मिला नवजात का शव, पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुटी
शहडोल
ब्यौहारी थाना क्षेत्र में बस स्टैंड और शासकीय कॉलेज के समीप स्थित नाले में एक नवजात शिशु का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। नवजात का शव नाले में औंधे मुंह पड़ा था। राहगीरों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के क्षेत्र में नवजात को लेकर जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन फिलहाल यह पता नहीं चल सका है कि नवजात को नाले में किसने फेंका।
घटना की जानकारी आसपास के लोगों और महिलाओं को लगी तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। नवजात का शव देखकर लोगों में आक्रोश और दुख का माहौल रहा।
स्थानीय लोगों का कहना था कि आखिर कौन मां या व्यक्ति इतनी निर्दयता कर सकता है कि जन्म के बाद नवजात को इस तरह नाले में छोड़ दे। पुलिस ने नवजात के शव को अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। इसके बाद शव को कफन-दफन कराया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नवजात का जन्म कहां हुआ था और उसे नाले तक कौन लेकर पहुंचा। आसपास के क्षेत्रों में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के पीछे कौन जिम्मेदार है।
