प्रबंधन, जनसुरक्षा, हाथी संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य के लिए दो वनकर्मियों को मिला राष्ट्रीय सम्मा
शहडोल
जिले के दो वनकर्मियों को गज गौरव अवॉर्ड-2026 से सम्मानित किया गया है। विशाखापट्टनम, आंध्र प्रदेश में आयोजित सम्मान समारोह में बुढार रेंज के तत्कालीन वनरक्षक सम्हारुद्दीन बैगा एवं वनरक्षक राकेश बैगा को आंध्र प्रदेश के उप मुख्यमंत्री पवन कल्याण द्वारा यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया।
भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा प्रतिवर्ष विश्व हाथी दिवस के अवसर पर गज गौरव अवॉर्ड प्रदान किया जाता है। यह सम्मान हाथियों के संरक्षण, मानव-हाथी द्वंद्व के प्रभावी प्रबंधन तथा हाथियों की सुरक्षा के लिए मैदानी स्तर पर उल्लेखनीय कार्य करने वाले वन अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रदान किया जाता है।
वर्ष 2025-26 के दौरान बुढार रेंज क्षेत्र में हाथियों के झुंडों की लगातार आवाजाही एवं लंबे समय तक मौजूदगी के दौरान दोनों वनकर्मियों ने जनसुरक्षा और हाथियों के सुरक्षित आवागमन को प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य किया। उन्होंने दिन-रात निगरानी के साथ रात्रि गश्त, हाथियों की गतिविधियों की सतत मॉनिटरिंग तथा स्थानीय ग्रामीणों के साथ समन्वय स्थापित किया।
हाथियों की गतिविधियों के संबंध में ग्रामीणों को समय पर जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही जागरूकता अभियान भी चलाए गए। हाथी प्रभावित एवं संवेदनशील परिवारों को आवश्यकतानुसार सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में सहयोग किया गया। साथ ही प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत एवं मुआवजा उपलब्ध कराने के लिए राजस्व विभाग के साथ समन्वय किया गया।
