होटल अमरकंटक इन विवादों में, लीज भूमि पर निर्माण को लेकर उठे सवाल, सौपा ज्ञापन, जांच की मांग

होटल अमरकंटक इन विवादों में, लीज भूमि पर निर्माण को लेकर उठे सवाल, सौपा ज्ञापन, जांच की मांग 


अनूपपुर

पवित्र नगरी अमरकंटक में भूमि उपयोग एवं निर्माण कार्यों की पारदर्शिता को लेकर एक नया मामला सामने आया है। मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के पुष्पराजगढ़ विधानसभा अध्यक्ष हितेश तंबोली (बिरू) ने नगर परिषद अमरकंटक के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर होटल अमरकंटक इन द्वारा लीज भूमि पर किए जा रहे निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि संबंधित भूमि की लीज अवधि समाप्त हो चुकी है, जबकि वहां निर्माण एवं विस्तार कार्य जारी है। इस संबंध में अभिलेखीय स्थिति स्पष्ट न होने के कारण मामले की विधिवत जांच आवश्यक बताई गई है, ताकि वास्तविक तथ्यों का पता चल सके और जनसामान्य के समक्ष स्थिति स्पष्ट हो सके।

युवा कांग्रेस नेता ने अपने आवेदन में मांग की है कि संबंधित भूमि की वर्तमान लीज की वैधता का अभिलेखों के आधार पर सत्यापन कराया जाए। यदि लीज अवधि समाप्त हो चुकी हो तो यह भी जांच की जाए कि निर्माण कार्य किस वैधानिक आधार पर किया जा रहा है। साथ ही भवन निर्माण की स्वीकृति, स्वीकृत नक्शा तथा अन्य आवश्यक अनुमतियों का भी परीक्षण किया जाए।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता अथवा नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित प्रावधानों के अनुसार विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा जांच प्रतिवेदन एवं की गई कार्रवाई से आवेदक को अवगत कराया जाए।

अमरकंटक जैसी धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण नगरी में भूमि एवं निर्माण संबंधी सभी कार्य विधि सम्मत और पारदर्शी हों, यह जनहित की दृष्टि से आवश्यक माना जा रहा है। अब नगर परिषद प्रशासन द्वारा इस आवेदन पर क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर स्थानीय नागरिकों की निगाहें टिकी हुई हैं।

Labels:

Post a Comment

MKRdezign

,

संपर्क फ़ॉर्म

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.
Javascript DisablePlease Enable Javascript To See All Widget